Site icon अग्नि आलोक

*मध्य प्रदेश में एक बार फिर बरसेगा कहर! 14 जिलों में वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट*

Share

मध्य प्रदेश में एक बार फिर दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है. इस दौरान प्रदेश के विदिशा, पन्ना, छतरपुर, जबलपुर, खरगोन, मंडला और भिंड समेत कुछ जिलों में बारिश का दौर देखा गया. मौसम विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश विदिशा जिले में करीब 4 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 14 जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के पठारी में सबसे ज्यादा 91 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. वहीं नौगांव (छतरपुर) में 64.2 मिमी, पाटन (जबलपुर) में 63.1 मिमी और बरवाह (खरगोन) में 61 मिमी बारिश हुई. बता दें, प्रदेश में अब तक औसत से 28% अधिक बारिश हो चुकी है. इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से करीब 35% तो वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश में औसत से 22% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.

मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, प्रदेश में एक साइक्लोनिक सरकुलेशन सिस्टम भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. इसके अतिरिक्त एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बना हुआ है. साथ ही एक नया लो प्रेशर सिस्टम अगले 24 घंटे के दौरान बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होने की संभावना है. प्रदेश में लोकल सिस्टम के चलते कुछ जिलों में बारिश की गतिविधि होने की संभावना है.

कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, रीवा, सतना, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और पांढुर्णा जिले में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में हल्की बारिश का दौर देखा जा सकता है.

जाने अधिकतम/न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो श्योपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा ग्वालियर में 34.4 डिग्री, खजुराहो (छतरपुर) में 33.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 32.5 डिग्री और शिवपुरी में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 19.8 डिग्री दर्ज किया गया. खंडवा/नरसिंहपुर में 21 डिग्री, राजगढ़ में 21.4 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर)/इंदौर में 21.6 डिग्री और खरगोन में 21.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.

कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 34.4 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा भोपाल का 30.6 डिग्री, उज्जैन का 30.5 डिग्री, जबलपुर का 29.8 डिग्री, इंदौर का 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

Exit mobile version