Site icon अग्नि आलोक

नाइट लाइफ कल्चर के लिए आदेश जारी,12 बजे के पश्चात होगा नो-हॉर्न झोन

Share

इंदौर

इंदौर शहर में निरंजनपुर चौराहा से राजीव गांधी चौराहा तक अब विभिन्न व्यवसायिक एवं औद्योगिक संस्थान 24 घंटे खुले रह सकेंगे। कलेक्टर मनीष सिंह ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दिए हैं। यात्रियों को प्रत्येक 30 मिनट की अवधि में सिटी बस सेवा उपलब्ध रहेगी। जारी आदेशानुसार सभी संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य रहेगा। प्रत्येक कैमरे की लाइव रिकॉर्डिंग पर सतत निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। रिकॉर्डिंग को पुलिस विभाग के मांगे जाने पर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रतिष्ठान के मालिक की होगी। संस्थान/प्रतिष्ठान में स्थापित किये जाने वाले समस्त कैमरों की रिकॉर्डिंग 30 दिनों तक रखना बंधनकारी होगा।

उक्त 11.45 किलोमीटर के 24×7 कॉरिडोर में जहां रात्रिकालीन संस्थान खुल सकेंगे। उसमें किसी भी प्रकार के स्ट्रीट वेंडर का नवीन अतिक्रमण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। कॉरिडोर में स्थायी प्रकृति के संस्थानों को रात्रि में खोले जाने की अनुमति प्रदान की जा रही है।

12 बजे के पश्चात होगा नो-हॉर्न झोन, कोचिंग क्लासेस एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध
उपरोक्त बी.आर.टी.एस. कॉरिडोर के 100 मीटर क्षेत्र तक रात्रि 12 बजे के पश्चात नो हॉर्न झोन प्रभावशील रहेगा। कोचिंग क्लासेस एवं शैक्षणिक संस्थाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राऐं आते एवं जाते है। इस युवा वर्ग के स्वास्थ्य के मद्देनजर तथा रात्रि में अपने घरों में विश्राम कर सके, इसलिये आवश्यक है कि उपरोक्त 24X7 बी.आर.टी.एस. कॉरिडोर वाले क्षेत्र में कोई भी शैक्षणिक संस्थान अथवा कोचिंग क्लास, अनिवार्यतः रात्रि 11 बजे तक बंद हो जाये। अतः समस्त कोचिंग क्लासेस एवं शैक्षणिक संस्थान अनिवार्यतः रात्रि 11 बजे तक बंद करने होंगे।

बार रेस्टोरेंट पर प्रतिबंध
निर्धारित क्षेत्र में स्थित समस्त ऐसे होटल/रेस्टोरेंट, एफ.एल-2, एफ.एल-3 बार, पब डिस्को क्लब, अहाते एवं कम्पोजिट मदिरा दुकाने, भांग संस्थान आदि जिनके द्वारा म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के अन्तर्गत लायसेंस प्राप्त किया गया है, पूर्व से निर्धारित समयावधि उपरांत पूर्णतः बंद रहेगी। इस अवधि उपरांत उपरोक्तानुसार गतिविधियों प्रकाश में आने पर वर्णित अधिनियम के तत्संबंधी प्रावधानों के अन्तर्गत तत्काल दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। ऐसे रेस्टोरेंट जिसमें बार नहीं है केवल वहीं सम्पूर्ण रात्रि खोले जा सकेंगे।

ऑटो स्टेण्ड के स्थान चिन्हित
24×7 बी.आर.टी.एस. कॉरिडोर पर रात्रि कालीन बस सेवाऐं उपलब्ध कराई जा रही है, इसी प्रकार कुछ अन्य सिटी बस रूट पर भी 30 मिनट फ्रीक्वेंसी पर बसें संचालित होगी। अतः आर.टी.ओ. इन्दौर, ट्रैफिक पुलिस की मदद से 11.45 किलोमीटर लंबे बी.आर.टी.एस कॉरिडोर पर एवं शहर के अन्य भागों पर जहां सिटी बस चलेंगी उन चुनिंदा प्रमुख स्थानों पर ऑटो स्टेण्ड चिन्हित कर उसे 5 दिवस के अंदर नोटीफाई करेंगे ताकि वहां पर ऑटो रिक्शा खड़े हो सके। इससे रात्रि कालीन सिटी बस सेवा का उपयोग करने वाले यात्रियों को ऑटो रिक्शा की सुविधा मिल सकेगी।

अतिक्रमण पर सख्ती
उक्त 11.45 किलोमीटर के 24×7 कॉरिडोर में जहां रात्रिकालीन संस्थान खुल सकेंगे। उसमें किसी भी प्रकार के स्ट्रीट वेंडर का नवीन अतिक्रमण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। कॉरिडोर में स्थायी प्रकृति के संस्थानों को रात्रि में खोले जाने की अनुमति प्रदान की जा रही है।
अपर कलेक्टर श्री अभय बेडेकर उक्त आदेश के प्रभावी संचालन हेतु नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे तथा सभी विभागों एवं व्यवसायियों से आवश्यक समन्वय स्थापित करेंगे। उक्त आदेश के संबंध में यदि कोई व्यक्ति सुझाव देना चाहता हो तो, वह व्यक्ति 10 दिवस में अपर कलेक्टर श्री अभय बेडेकर को अपने लिखित सुझाव उपलब्ध करा सकता है।

शादीशुदा महिला से मौसा ने किया रेप,गिरफ्तार

छत्रीपुरा में रहने वाली एक शादीशुदा महिला ने अपने मौसा के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया है। आरोपी पेशे से पेंटर है और छत्रीपुरा इलाके में रहता है। आरोपी ने दबाव बनाकर महिला के साथ कई बार संबंध बनाए थे। आरोपी लगातार महिला को रुपये के लिए भी ब्लैकमेल करता था। मामले में शिकायत होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अवैध हथियार बनाने वाली गैंग गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद

खरगोन पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक बड़ी गैंग को दबिश देकर पकड़ा है। इस गैंग के कुल 9 व्यक्तियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है, जिनसे 58 पिस्टल और 12 देसी कट्टे कुल 70 अवैध हथियार और हथियार बनाने की सामग्री व्यापक स्तर पर मिली है।
स्वास्थ्य विभाग के बाद CMHO के दवा स्टोर में आशा डायरी कांड की जांच शुरू

स्वास्थ्य विभाग में हुए आशा डायरी के फर्जी ऑर्डर देने के मामले में एमएचओ के दवा भंडार पर छापामार कार्रवाई की गई। अपर कलेक्टर बेडेकर, एसडीएम रवि वर्मा बुधवार सुबह जिला अस्पताल परिसर में स्थित सीएमएचओ के दवा स्टोर पर पहुंचे। यहां अफसरों ने दल-बल के साथ जांच पड़ताल की। मामला स्वास्थ्य विभाग में हुए आशा डायरी कांड से जुड़ा है। इस मामले में कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं। बिना ऑर्डर के आशा डायरी सप्लाई करने का मामला सामने आने के बाद सोमवार को कलेक्टर ने मामले में स्टोर कीपर व फार्मासिस्ट को निलंबित कर दिया था। इस मामले में स्वास्थ्य माफिया गुलजार की संलिप्तता की भी जांच होगी।

इससे पहले आशा डायरी सप्लाई घोटाले में मंगलवार को जिला प्रशासन की टीम स्वास्थ्य विभाग के ऑफिस में पहुंची थी। यहां पिछले दो वर्षों के खरीदी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अपर कलेक्टर डॉ. अभय बेडेकर के साथ सहकारिता और कोषालय के जिला अधिकारी भी जांच कर रहे हैं।

महापौर बोले- ये फेस ओरिएंटेड परफॉरमेंस मत दीजिए वर्ना चीजें ठीक करना आती हैं मुझे…

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार सुबह को उद्यान अधिकारियों की जमकर क्लास ले ली। वे उद्यान विभाग की शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे। महापौर ने उद्यान विभाग प्रभारी चेतन पाटिल से कहा कि हर झोन की बैठक मे उद्यान विभाग का फीडबैक बहुत खराब है। इसको ठीक कीजिए। मुझे ये फेस ओरिएंटेड परफॉरमेंस मत दीजिए। वर्ना मुझे चीजें ठीक करना आती हैं। इसकी जिम्मेदारी आपको लेना पड़ेगी। उद्यान विभाग के दरोगा सतीश वर्मा के जन प्रतिनिधियों से ठीक व्यवहार नहीं होने से शो कोज नोटिस जारी के निर्देश भी दिए। संतोषजनक जवाब न होने पर दिन में कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

हथकड़ी छुड़ाकर भागा बदमाश गिरफ्तार

क्राईम ब्रांच ने द्वारकापुरी के फरार आरोपी राहुल पिता राजेश सिकरवार को गिरफ्तार कर लिया। राजेश जेल सेंट्रल जेल जाते समय डीआरपी दरगाह चौराहे के पास हथकड़ी छुड़ाकर भाग गया था। वह ई–रिक्शा से कूदकर फरार हुआ था। जिसके खिलाफ एमजी रोड थाने पर केस दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच व थाना एमजी रोड ने राहुल निवासी इंद्रा नगर को घेराबंदी कर मंगलवार देर रात पकड़ लिया।

Exit mobile version