Site icon अग्नि आलोक

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और रणदीप सुरजेवाला कोरोना पॉजिटिव; देश के 12 राज्यों में ऑक्सीजन का संकट

Share

नई दिल्ली

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, रणदीप सुरजेवाला और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। तीनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी दी। दिग्विजय सिंह ने बताया कि वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर ही आइसोलेशन में हैं। हरसिमरत कौर ने भी होम क्वारैंटाइन रहने का फैसला लिया है।

उधर, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, देश के 12 राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है। ऑक्सीजन के कमी के चलते लोग दम तोड़ते जा रहे हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए केंद्र सरकार की एम्पॉवर्ड ग्रुप (EG2) ने इमरजेंसी मीटिंग की। मेडिकल इक्यूपमेंट्स की कमी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन दूसरे देशों से आयात कराया जाएगा। सबसे ज्यादा ऑक्सीन की कमी महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, यूपी, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हैं।
24 घंटे में रिकॉर्ड 2.16 लाख मरीज मिले

बहुत बुरी खबर है। देश में कोरोनावायरस से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 642 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे बड़ा है। इस दौरान 1 लाख 17 हजार 825 लोग ठीक भी हुए, जबकि 1182 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

भारत में एक्टिव केस की संख्या भी 15 लाख के पार हो गई है। अब यहां 15 लाख 63 हजार 588 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में कोरोना के कहर का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दुनिया के टॉप-20 संक्रमित शहरों की सूची में भारत के 15 शहर शामिल हैं। पुणे इस सूची में टॉप पर है तो मुंबई दूसरे नंबर पर है। आलम ये है कि देश के करीब 120 जिलों में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाओं का टोटा पड़ गया है।

महाराष्ट्र, यूपी, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज मिले
गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा 61,695 नए मरीजों की पहचान महाराष्ट्र में हुई। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश रहा। यहां 22,339 लोग संक्रमित पाए गए। दिल्ली में 16,699, छत्तीसगढ़ में 15,256, कर्नाटक में 14,738 और मध्यप्रदेश में 10,166 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

कोरोना अपडेट्स

फोटो देश की राजधानी दिल्ली की है। यहां निगमबोध घाट पर कोरोना मरीज के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पहुंचे परिजन भी PPE किट में दिखे। दिल्ली में हर रोज कोरोना से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है।

फोटो सूरत की है। कोरोना से जान गंवाने वालों के शव को अंतिम संस्कार के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। हर रोज यहां करीब 18 से 20 लोगों की मौत हो रही है।

प्रमुख राज्यों के हाल…

1. महाराष्ट्र
यहां गुरुवार को 61,695 नए मरीज मिले। 53,335 मरीज ठीक हुए और 349 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 36.39 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 29.59 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 59,153 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 6.20 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां गुरुवार को 22,339 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 4,222 लोग रिकवर हुए और 104 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.66 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.27 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,480 मरीजों की मौत हो गई। 1.29 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
राज्य में गुरुवार को 16,699 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 13,014 लोग रिकवर हुए और 112 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.84 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 7.18 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 111,652 मरीजों की जान चली गई। 54,309 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
राज्य में गुरुवार को 15,256 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान 9,643 लोग ठीक हुए और 105 की मौत हो गई। राज्य में 1.21 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। कुल 3.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 5,442 पहुंच गया है।

5. मध्यप्रदेश
राज्य में गुरुवार को 10,166 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,970 लोग रिकवर हुए और 53 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.73 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.13 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,365 मरीजों की जान चली गई। 55,694 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में गुरुवार को 8,152 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 3,023 लोग रिकवर हुए और 81 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.75 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.26 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,076 मरीजों की मौत हो गई। 44,298 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Exit mobile version