Site icon अग्नि आलोक

सुमावली विधायक के नाम से पीए ने आठ उद्यमियों को थमाए नाेटिस, व्यापारी बोले- ये दबाव की राजनीति

Share

*विधायक प्रतिनिधि पर पहले भी भागवत भंडारे के नाम पर फ्लोर मिलों से आटा मांगने के लग चुके हैं आरोप*
मुरैना
सुमावली विधान सभा क्षेत्र में संचालित लघु उद्योगों के मालिकाें पर दबाव बनाने के लिए विधायक अजब सिंह कुशवाह के पीए मनोज यादव ने 8 उद्यमियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसे लेकर कारोबारियों ने इसकी शिकायत पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व दिग्विजय सिंह से की है। विधायक अजब सिंह कुशवाह के पीए मनोज यादव ने 17 अप्रैल को सहराना में संचालित तेल मिल कारोबारी को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराया है।
नोटिस में कहा गया है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनता से फैक्टरी में बनने वाले उत्पाद में मिलावट की शिकायत की है। इससे जन स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। कारोबारी का यह कृत्य अधिनियम 1974, अधिनियम 1981 व अधिनियम 1986 का उल्लंघन है। क्यों न फैक्टरी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उद्योग मंत्रालय को लिखा जाए।
ऐसे ही नोटिस अन्य कारोबारियों में डोमपुरा के तेल कारोबारी, मुरैना गांव के फ्लोर मिल संचालक, माेहन बंसल, संजय अग्रवाल व बंटी अग्रवाल को दिए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यह दबाव की राजनीति है। नोटिसों को लेकर इसकी शिकायत रविवार को उद्यमियों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व दिग्विजय सिंह को प्रेषित की है।
इस संबंध में विधायक कुशवाह से रविवार की शाम 6.05 बजे उनके मोबाइल नंबर 7987364422 पर तथा उनके पीए मनोज यादव के मोबाइल नंबर 9926342902 पर उनका पक्ष जानने के लिए कॉल किया लेकिन उन्होंने कॉल अटैंड नहीं किए।

Exit mobile version