राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में ब्लैकआउट
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। पाकिस्तान ने एक बार फिर राजस्थान के बॉर्डर इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश की है। इस बीच राजस्थान के श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिले में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है।भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। पाकिस्तान ने गुरुवार रात राजस्थान के कुछ इलाकों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की।
पाक ड्रोन आने की सूचना
दरअसल गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से ड्रोन आने की सूचना के बाद श्रीगंगानगर में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन आने की सूचना मिलते ही पूरे जिले में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। विद्युत आपूर्ति बंद करने के साथ ही खतरा टलने तक ब्लैकआउट किया गया है। उन्होंने बताया कि ड्रोन हमले की आशंका के चलते सेना और वायु सेना सतर्क है।
बज रहे इमरजेंसी सायरन
वहीं तनाव की स्थिति को देखते हुए बाड़मेर जिले में गुरुवार रात 9 बजे के बाद रेड अलर्ट जारी कर दिया गया। ब्लैकआउट के बीच रेड अलर्ट जारी कर जिला कलक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आप लोग अपने घरों में रहे और ब्लैकआउट की पालना करने में सहयोग करें। साथ ही बाड़मेर में बार-बार इमरजेंसी सायरन बज रहे हैं। वहीं रेड अलर्ट की घोषणा के बाद बाड़मेर पुलिस सक्रिय हो गई है। साथ ही शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है।
धमाकों की आवाज, मच गया हड़कंप
इस बीच सरहदी जिले के पोकरण में गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे आसमान में लाल रंग की रोशनी नजर आई और उसके बाद तेज धमाके भी हुए। हालांकि इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं कर रहा है, लेकिन धमाकों की आवाज से कस्बेवासी सहम गए। रात करीब साढ़े नौ बजे आसमान में अचानक लाल रंग की रोशनी देखी गई।इसके बाद धमाके की आवाज आई। धमाके सुनकर हर कोई अपनी छत पर पहुंचा। किसी को कुछ समझ आता, इससे पहले ही कस्बे में ब्लैक आउट हो गया और अंधेरा छा गया। इस घटना से आमजन में भय का माहौल हो गया। इस बीच खबर आ रही है कि भारत ने पोकरण में पाकिस्तानी मिसाइल को मार गिराया है।
राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में ब्लैकआउट
भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद राजस्थान अलर्ट मोड पर है। इस बीच राजस्थान से बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल पाकिस्तान ने बीती रात ही राजस्थान के तीन स्थानों पर अटैक की नाकाम कोशिश की थी। ऐसे में राजस्थान बॉर्डर के सभी जिलों में ब्लैकआउट कर दिया गया है।

अंधेरे में डूबा जैसलमेर
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर जिले अंधेरे में डूब चुके हैं। दोनों जिलों में आज रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक ब्लैकआउट किया गया है। जैसलमेर के अतिरिक्त कलक्टर परसाराम सैनी ने कहा कि रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक पूर्णताय ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान लोग अपने घरों और आसपास की लाइटों को बंद कर रखें। खिड़कियों को परदे से ढंक दें।
बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन ब्लैकआउट
वहीं दूसरी तरफ बाड़मेर जिले में भी गुरुवार रात 9 बजे से शुक्रवार सुबह 4 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट लागू किया गया है। यह लगातार दूसरी रात है, जब बाड़मेर में अंधेरा रहा। बाड़मेर जिला कलक्टर टीना डाबी ने जनता से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सारी लाइटें बंद रखें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। वहीं फलोदी में रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक ब्लैकआउट किया गया है। इसके साथ ही बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों में भी ब्लैकआउट कर दिया गया है।
जोधपुर में भी ब्लैकआउट
वहीं जोधपुर शहर में गुरुवार रात को सवा नौ बजे ब्लैकआउट कर दिया गया। हालांकि पूर्व में कलक्टर गौरव अग्रवाल ने रात 12.30 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक ब्लैकआउट की घोषणा की थी, लेकिन बॉर्डर इलाके पर हुए हमले के बाद सवा नौ बजे ही पूरे शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया। कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि ब्लैकआउट के प्रोटोकॉल तय किए हैं, उन प्रोटोकॉल को फॉलो करें।
उन्होंने कहा कि जहां तक स्कूल और कॉलेज की बात है। इन सभी को कल बंद कर दिया गया है, आगामी आदेश तक यह बंद रहेंगे। अब वापस जब इन्हें चालू करने होंगे तभी आदेश निकल जाएंगे। पेट्रोल पंप को लेकर उन्होंने कहा कि ब्लैकआउट के समय सभी लाइटें बंद कराई जाएगी। पेट्रोल पंप चालक भी ब्लैकआउट के समय पूर्णतया पालन करें और लाइट बंद करें।
आपको बता दें कि 07-08 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके भारत के अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया था।