Site icon अग्नि आलोक

प्रकाश सिंह बादल को समन:पंजाब के पूर्व CM बादल को SIT ने 16 जून को पूछताछ के लिए बुलाया

Share

चंडीगढ़/मुक्तसर

पंजाब में सियासी हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को SIT ने समन भेजा है। मामला 2015 में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी और इसके विरोध में बैठे प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग का है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच कर रही ADGP LK यादव की अगुवाई वाली SIT ने बादल को 16 जून को सुबह 10.30 बजे पूछताछ के लिए तलब किया है।

इससे पहले भी रिटायर्ड IG कुंवर विजय प्रताप की अगुवाई वाली SIT पिछले साल 16 नवंबर को प्रकाश सिंह बादल को पूछताछ के लिए बुला चुकी है। अब नई टीम ने फिर से उन्हें समन भेजा है। इसमें कहा गया है कि उन्हें मोहाली के फेज-8 में स्थित PSPCL के गेस्ट हाउस में पेश होना होगा।

2015 का मामला
मामला 1 जून 2015 का है। इस दिन बरगाड़ी से करीब 5 किलोमीटर दूर गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के गुरुद्वारा साहिब से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप चोरी हो गए थे। तीन महीने के बाद 25 सितंबर 2015 को गुरुद्वारा साहिब के पास सफेद कागज पर पंजाबी में हाथ से लिखे दो पोस्टर लगे मिले थे। जिस पर काफी अभद्र भाषा में इन स्वरूपों की चोरी में डेरा का हाथ होने की बात लिख सिख संगठनों को खुला चैलेंज किया गया था। इस घटना के करीब 17 दिनों के बाद 12 अक्टूबर को सुबह माथा टेकने गांव गए लोगों को आस-पास नालियों और सड़क पर बिखरे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप के पन्ने मिले।

मामला चर्चा में आया तो शुरू हुआ प्रदर्शन
12 अक्टूबर को मामला चर्चा में आया, तो पुलिस कार्रवाई से पहले ही बड़ी संख्या में सिख संगठनों के नेताओं ने पहले बरगाड़ी और फिर कोटकपूरा के मेन चौक में आकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही घंटों में हजारों सिख संगत का जमावड़ा कोटकपूरा के मेन चौक में लग गया। इसी के साथ ही पंजाब के कई हिस्सों में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।

घटना के दो दिन के बाद 14 अक्टूबर को पुलिस ने पहले कोटकपूरा के मेन चौक में और बाद में कोटकपूरा बठिंडा रोड पर गांव बहबल कला में प्रदर्शन कर रही संगत पर फायरिंग कर दी। बहबल कला में फायरिंग से गांव सरांवा वासी गुरजीत सिंह और बहबल खुर्द वासी कृष्ण भगवान सिंह की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन प्रदर्शनकारी और करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए।

बरगाड़ी मोर्चे के बाद शुरू हुई डेरा प्रेमियों की धरपकड़

Exit mobile version