Site icon अग्नि आलोक

भाजपा के लिए पार्टी की आंतरिक कलह बड़ी चुनौती…सुलोचना की एंट्री से गुस्साए कार्यकर्ताओं को समझाने पहुंचे नेताओं को बोले- लो इस्तीफे

Share

आलीराजपुर

जोबट उपचुनाव के लिए कांग्रेस-बीजेपी ने अभी तक उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए हैं, लेकिन यहां सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व राज्य मंत्री और जोबट से कांग्रेस की पूर्व विधायक सुलोचना रावत और उनके बेटे विशाल रावत के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी में विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे वरिष्ठ नेताओं के सामने कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ हंगामा किया, कुछ ने तो उनके सामने इस्तीफे रख दिए। उन्होंने कहा- क्या अब आप बाहर से कार्यकर्ताओं को बुलाओगे।

अलीराजपुर की जोबट विधानसभा सीट पर भाजपा के लिए पार्टी की आंतरिक कलह बड़ी चुनौती साबित हो रही है। रावत के पार्टी ज्वाइन करने के साथ ही जोबट विधानसभा में चंद्रशेखर आजाद नगर के मंडल अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा और अनुसूचित जनजाति के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह भाभर कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे, लेकिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने जमकर हंगामा किया।

वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को समझाते रहे, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थे।

नेताओं के सामने ही फूटा गुस्सा
कार्यकर्ताओं ने कहा- भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रही है। लगातार कई वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी ने दरकिनार कर कांग्रेस से आए व्यक्ति को टिकट दिए जाने का मन बनाया है। इसकी वजह से आज कई कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे पार्टी को सौंप दिए।

Exit mobile version