चेन्नई से सिंगपेरुमल मंदिर होते हुए चेंगलपट्टू जाने वाली एक ट्रेन को सिंगपेरुमल मंदिर क्षेत्र में एक घंटे तक रोका गया। इस दौरान यात्रियों को गुस्सा आ गया और उन्होंने स्टेशन मास्टर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।तमिलनाडु के चेंगलपट्टू रेलवे स्टेशन के पास रविवार की रात साढ़े दस बजे मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद अधिकारियों ने पटरी को साफ कर ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए काम किया।
हालांकि, इस घटना के एक दिन बाद चेन्नई से सिंगपेरुमल मंदिर होते हुए चेंगलपट्टू जाने वाली एक अन्य ट्रेन को सिंगपेरुमल मंदिर क्षेत्र में रोका गया। करीबन एक घंटे तक ट्रेन को उस क्षेत्र में रोका गया। इस दौरान यात्रियों को गुस्सा आ गया और उन्होंने स्टेशन मास्टर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक महिला को पीटा गया। दरअसल उसका बेटा प्रेम संबंध में एक लड़की के साथ भाग गया जिसके बाद महिला को खंभे से बांधकर पीटा गया और उसे निर्वस्त्र कर घुमाया भी गया। इस घटना के बाद कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वरा ने प्रतिक्रिया दी है।
राज्य गृह मंत्री ने कहा, मैं पीड़िता से मिलने उसके घर और अस्पताल पहुंचा। सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है और न्याय के अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम पीड़िता के बेटे और उस लड़की को भी ट्रैक कर रहे हैं।
इस घटना के बाद गांव में डीएआर की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं, पुलिस आयुक्त एस एन सिदरामप्पा ने घटनास्थल का दौरा किया।
न्यायधीश बीएस लोया के मौत के लिए SIT जांच की मांग
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने मंगलवार को विशेष सीबीआई न्यायधीश बीएच लोया की मौत की एचआईटी से जांच कराने की मांग की है। बीएस लोया सोहराबुद्दीन शेख फर्जी एनकाउंटर की सुनवाई कर रहे थे। कार्डियक अरेस्ट की वजह से एक दिसंबर 2014 को उनकी मौत हो गई।
शीतकालीन सत्र के दौरान दानवे ने कहा, ‘मैं न्यायधीश लोया की मौत पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) बैठाने की मांग करता हूं। अगर आप दिशा सालियन केस की जांच करना चाहते हैं तो आप कर सकते हैं। ये सब राजनीति की जा रही है। सरकार को फिर न्यायधीश लोया के मौत की भी जांच करनी चाहिए।’
अदालत ने ईडी अधिकारी अंकित तिवारी को हिरासत में भेजा
तमिलनाडु के डंडिगुल जिला अदालत ने प्रवर्तन अधिकारी (ईडी) अंकित तिवारी को रिश्वत लेने के मामले में हिरासत में भेज दिया है। उन्हें तमिलनाडु सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने 20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
बांदीपुर टाइगर रिजर्व आदिवासी व्यक्ति का शव मिला
बांदीपुर टाइगर रिजर्व के कुंडकेरे रेंज में एक 50 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति का आंशिक रूप से खाया हुआ शव मिला। प्रारंभिक जांच से मालूम चला कि मृतक लकड़ी इकट्ठा करने के लिए सोमवार को जंगली क्षेत्र में गया था, लेकिन जब वह वापस नहीं लौटा तो अधिकारियों ने जांच शुरू की।
व्यक्ति को ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया और कुंडकेरे रेंज में अधिकारियों ने व्यक्ति का आंशिक रूप से खाया हुआ शव बरामद किया। वन अधिकारी ने बताया कि जंगल के भीतर करीबन तीन किलोमीटर दूर व्यक्ति का शव मिला। सिर, हाथ और पीठ का ऊपरी हिस्सा आंशिक रूप से खाया हुआ था। उन्होंने बताया कि व्यक्ति के आधे शरीर की तलाश फिलहाल जारी है। पीड़ित के ऊपर बाघ द्वारा हमला करने की आशंका है।
पीएम मोदी पर विवादित लेख को लेकर संजय राउत के खिलाफ केस दर्ज
महाराष्ट्र के यवतमाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक लेख लिखने को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राउत पर पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखने का आरोप लगा है।
अधिकारियों ने बताया कि यवतमाल के भाजपा संयोजक नितिन भुटाडा ने सोमवार को ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक राउत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। भुटाडा ने दावा किया है कि राउत ने 11 दिसंबर को पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखा था। अधिकारी ने कहा कि समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और अन्य अपराधों के लिए उमरखेड थाने में राउत के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ए), 505 (2) और 124 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लालडुहोमा ने की बैठक
मिजोरम के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री लालडुहोमा ने आइजोल में अपने कार्यालय में अपने दो विभाग- वित्त और योजना एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक की। लंबित स्वास्थ्य देखभाल बिलों के भुगतान के लिए 40 करोड़ रुपये अलग रखने का भी निर्णय लिया गया।
सप्ताहांत में गोवा में डूबने से जीवनरक्षकों द्वारा तेरह पर्यटकों को बचाया गया
गोवा में अलग-अलग समुद्र तटों और अन्य जल निकायों से दो विदेशी नागरिकों सहित तेरह लोगों को डूबने से बचाया गया। सोमवार को एक निजी जीवनरक्षक सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी दृष्टि मरीन लाइफसेविंग ने यह जानकारी दी। कंपनी का कहना है कि पिछले सप्ताह के अंत में लोगों को रेस्क्यू किया गया।
तेलंगाना के किसानों के लिए वित्तीय सहायता जारी करने का आदेश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को अधिकारियों को ‘रायथु बंधु’ योजना शुरू करने के निर्देश दिए। योजना के तहत किसानों को वित्तीय सहायता वितरित की जाएगी। सीएम ने कहा कि किसी भी किसान को असुविधा पहुंचाए बिना सहायता प्रदान की जाए। रेड्डी ने घोषणा की कि ज्योति राव फुले प्रजा भवन में आयोजित होने वाले ‘प्रजा दरबार’ को अब ‘प्रजा वाणी’ कहा जाएगा।
वाईएसआर कांग्रेस नेता रामाकृष्णा ने दिया इस्तीफा
आंंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक ए रामाकृष्णा रेड्डी ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सोमवार को पार्टी और विधायकी से इस्तीफा दे दिया। रेड्डी ने कहा कि अपना त्यागपत्र लेकर विधानसभा गए थे लेकिन अध्यक्ष उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण उन्हें इसे विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) को सौंपना पड़ा। मंगलगिरि विधायक ने संवाददाताओं से कहा, आज मैंने विधानसभा और वाईएसआरसीपी से अपना इस्तीफा दे दिया है।
सामान्य सहमति के बिना सीबीआई को जांच की शक्ति प्रदान करना जरूरी
संसदीय समिति ने कहा कि राज्यों की सहमति के बिना मामलों की जांच के लिए सीबीआई को व्यापक अधिकार देने वाला कानून बनाने की सख्त जरूरत है। संसदीय समिति ने संसद को सौंपी रिपोर्ट में कहा कि कुछ राज्यों की ओर से ‘सामान्य सहमति’ वापस लेने से महत्वपूर्ण मामलों की सीबीआई जांच में बाधाएं आ गई हैं। अब जरूरत है कि सीबीआई को वह शक्ति प्रदान की जाए जिसके तहत वह राज्य की सहमति और हस्तक्षेप के बिना किसी भी मामले की जांच कर सके। समिति ने यह भी कहा कि सीबीआई के कामकाज में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कुछ सुरक्षा उपाय भी तय किए जाने चाहिए ताकि राज्यों को भी अपने साथ भेदभाव महसूस न हो।
आरएसएस की तमिल पत्रिका के पूर्व संपादक सुंदर जोथी का निधन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तमिल पत्रिका विजयबारथम के पूर्व संपादक सुंदर जोथी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। संगठन ने सोमवार को यह जानकारी दी। 68 वर्षीय जोथी रविवार शाम चेटपेट रेलवे स्टेशन के पास एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए थे। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक तमिल में प्रकाशित होने वाली आरएसएस के मुखपत्र का नेतृत्व किया और प्रशासनिक कार्य संभाले। चार दशकों से अधिक समय तक प्रचारक रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरल के सीएम के काफिले पर फेंके जूते
कांग्रेस पार्टी की छात्र शाखा केरल छात्र संघ (केएसयू) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के काफिले पर जूता फेंका। यह काफिला रविवार को पेरुंबवूर से कोठामंगलम जा रहा था। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मुताबिक, पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाईं। कुछ तस्वीरों में अज्ञात लोगों को कार्यकर्ताओं पर हमला करने का प्रयास करते हुए भी देखा गया। कुरुप्पमपाडी पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ और उन पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
रायगढ़ में चार दिन में जब्त की गई 325 करोड़ की मेफेड्रोन
पिछले चार दिनों में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 325 करोड़ की मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शुक्रवार को 107.3 करोड़ की मेफेड्रोन की जब्ती के बाद, अगली कार्रवाई में 218 करोड़ का 174.5 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। शुक्रवार को खोपोली के ढेकू गांव तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
अटैच जमीन पर निर्माण कराने वाले आरोपी के 2.87 करोड़ रुपये जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले के एक आरोपी के ठिकानों पर छापा मारकर 2.87 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। आरोपी ने 2018 में बिहार में ईडी की अटैच भूमि पर अवैध निर्माण किया था। ईडी के अधिकारी ने सोमवार को बताया कि उसने 9 दिसंबर को बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर में अमित कुमार उर्फ बच्चा राय, विशुन राय महाविद्यालय और विशुन राजदेव टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के परिसरों की तलाशी ली और नकदी के अलावा 100 से अधिक भूखंडों की खरीद से जुड़े दस्तावेज और कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। ईडी ने बच्चा राय और अन्य के खिलाफ जांच शुरू की है।
13 साल बाद सिक्किम दौरे पर पहुंचे तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा
तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा (87) 13 साल बाद सोमवार सुबह सिक्किम की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे। वह हिमालयी राज्य में अपने प्रवास के दौरान बोधिसत्व के 37 अभ्यासों पर शिक्षा देंगे। सुबह 10.30 बजे पूर्वी सिक्किम में लिबिंग सेना के हेलिपैड पर सीएम प्रेम सिंह तमांग ने उनका स्वागत किया। उन्होंने आखिरी बार 2010 में सिक्किम का दौरा किया था।
तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में पटरी से उतरी मालगाड़ी
तमिलनाडु में विल्लुपुरम से टोंडियापेट की तरफ जा रही एक मालगाड़ी चेंगलपट्टू के पास पटरी से उतर गई। हालांकि, इससे दक्षिणी तमिलनाडु से चेन्नई की ओर ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। 38 डिब्बों वाली इस मालगाड़ी के साथ हादसे की सूचना रात करीब 10.17 बजे में मिली। ट्रैक को साफ करने और ट्रेनों की आवाजाही सुचारु करने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गईं।
चीन की आक्रामकता के बीच भारत और वियतनाम की सेनाएं आईं साथ
दक्षिण चीन सागर में ड्रैगन की बढ़ती आक्रामकता के बीच भारत और वियतनाम की सेनाओं ने हनोई में सोमवार से संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू कर दिया। 11 दिवसीय इस सैन्य अभ्यास को विनबैक्स-23 नाम दिया गया है। भारतीय सेना के मुताबिक, साझा सैन्य अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी सहयोगात्मक साझेदारी, समझ और समन्वय को बढ़ावा देना है। इससे दोनों देशों की मित्र सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग और मजबूत होगा। विनबैक्स के चौथे संस्करण में भारतीय सेना का 45 सदस्यीय दल हनोई पहुंच चुका है। वियतनाम पीपुल्स आर्मी की टीम में भी 45 जवान शामिल हैं।

