कांग्रेस लगातार बाल यौन शोषण के दोषी जेफरी एपस्टीन फाइल्स में बीजेपी से जुड़े कई लोगों का नाम होने का आरोप लगा रही है. ऐसे में अब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एपस्टीन फाइल्स को लेकर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के बेटे पद्मनाभ की बर्थडे पार्टी का जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. इतना ही नहीं, पवन खेड़ा ने राजस्थान बजट 2026 से पहले दीया कुमारी से तीखे सवाल किए हैं.
जयपुर: जेफरी एपस्टीन फाइल्स इन दिनों सुर्खियों में है. यौन अपराधी और अरबपति वित्तीय उद्यमी जेफ्री एपस्टीन के काले धंधे को लेकर दुनियाभर के नेताओं पर गंभीर आरोप लग रहे हैं. जेफरी एपस्टीन की 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में मौत हो गई थी. अब एपस्टीन फाइल्स के सामने आने के बाद हर रोज नये नये खुलासे हो रहे हैं. अब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और जयपुर राजघराने की राजकुमारी दीया कुमारी का नाम भी एपस्टीन फाइल्स में घसीटने की कोशिश की है.
पवन खेड़ा ने दीया कुमारी के बेटे पद्मनाभ सिंह का रोम में मनाए गए बर्थडे और एपस्टीन से उनके रिश्ते को लेकर आरोप लगाए हैं. उन्होंने 11 फरवरी को राजस्थान विधानसभा में पेश होने वाले बजट 2026 को लेकर दीया कुमारी से बेटे पद्मनाभ और एपस्टीन के रिश्ते को लेकर खुलासा करने को कहा है.
पवन खेड़ा ने अपने सोशल मीडिया पेज एक्स पर लिखा है- ‘सोमवार, 14 मई 2018 को, एक प्रेषक जिसका नाम गोपनीय कर दिया गया है, उसने #Epstein को लिखा:
‘मैं इन गर्मीयों में रोम के पास हमारे पारिवारिक किले में जयपुर के महाराजा के जन्मदिन की पार्टी आयोजित कर रहा हूं. यह जबरदस्त होने वाली है’

यहां जिस ‘जयपुर के महाराजा’ का उल्लेख है, वे सवाई पद्मनाभ सिंह हैं, जो कि राजस्थान की भाजपा उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के पुत्र हैं. वर्ष 2018 में रोम में आयोजित उनका भव्य 20वां जन्मदिन समारोह पहले से ही सार्वजनिक डोमेन में मौजूद है.
ऐसे में, जब दीया कुमारी 11 तारीख को राज्य का बजट पेश करने के लिए खड़ी होंगी, तो शायद वह उस जन्मदिन पार्टी के बजट पर भी रोशनी डालें, जिसे एपस्टीन के एक सहयोगी ने उनके बेटे के लिए आयोजित किया था.
जो कुछ हम आज पता लगा रहे हैं, वह तो सिर्फ़ आइसबर्ग का सिरा भर है. ऊपर से लेकर नीचे तक, भाजपा–एपस्टीन के रिश्ते गहराई तक जाते दिखाई देते हैं. अमेरिकी न्याय विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध दस्तावेज़ का लिंक.’
बता दें कि जेफरी एपस्टीन को लेकर खुलासा हुआ है कि वह अय्याशी के लिए रेड रूम बना रखा था. इस कमरे में रईस मेहमानों के लिए एपस्टीन महिलाओं से प्राइवेट डांस करवाता था. जेफरी एपस्टीन का ये रेड रूम पेरिस स्थित एक घर में बना रखा था. कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि एपस्टीन फाइल्स में बीजेपी से जुड़े लोगों के नाम शामिल हैं. इसी कड़ी में अब राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को निशाने पर लिया है.