Site icon अग्नि आलोक

*फिल साल्ट ने उड़ाई साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां, 23 बाउंड्री, 39 गेंद में शतक*

Share

इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज फिल साल्ट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। साल्ट ने इंग्लैंड के लिए 141 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 8 छक्के भी लगाए। इस तूफानी बैटिंग में फिल साल्ट ने सिर्फ 39 गेंद में अपना शतक पूरा किया। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में फिल साल्ट का ये चौथा शतक है।

 फिल साल्ट टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। पहले मैच में वह मैच की पहली गेंद पर आउट हुए थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों से बदला पूरा करते हुए उनकी जमकर कुटाई की। इस दौरान फिल साल्ट आखिर तक नाबाद रहे। दूसरे टी20 में फिल साल्ट की इस शानदार शतकीय पारी के कारण ही इंग्लैंड ने रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया।

टी20 में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड
फिल साल्ट की इस विस्फोटक पारी के कारण ही इंग्लैंड की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 304 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। टी20 इंटरनेशनल में ये किसी भी फुल मेंबर टीम के द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस मामले में इंग्लैंड ने भारत के 297 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा है। भारत ने साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में 297 रन बनाए थे।

जोस बटलर ने भी मचाई तबाही
फिल साल्ट के अलावा इंग्लैंड के लिए बल्लेबाजी में जोस बटलर ने भी तबाही मचा कर रख दी। जोस बटलर ने इंग्लैंड के लिए 30 गेंद में 83 रन कूट दिए। अपनी इस पारी में बटलर ने 8 चौके और 7 छक्के भी लगाए। बटलर के अलावा जैकब बेथल ने 14 गेंद में 26 रनों का योगदान दिया जबकि कप्तान हैरी ब्रूक 21 गेंद में 41 रन बनाकर नाबाद रहे।

इंग्लैंड ने 146 रन से जीता मैच
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड की टीम ने तूफानी बैटिंग के दम पर 146 रन से मुकाबले को अपने नाम किया। 305 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 16.1 ओवर के खेल में 158 रन बनाकर सिमट गई। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। इसके अलावा सैम करन, लियाम डॉसन और विल जैक्स ने 2-2 विकेट लिए जबकि आदिल राशिद के खाते में 1 विकेट आया। इंग्लैंड की इस जीत के साथ ही अब सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गया है।

Exit mobile version