भोपाल
मध्यप्रदेश में सरकार बुजुर्गों को हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा करा रही है। 21 मई 2023 को यात्रियों का पहला ग्रुप राजधानी भोपाल से प्रयागराज गया था। इसमें 32 लोग शामिल थे। हमने इन 32 यात्रियों की लिस्ट की छानबीन की, तो हमें तीन बातें पता चली…
- यात्रियों में BJP नेताओं के कुछ रिश्तेदार शामिल हैं।
- 8 यात्री सीधे BJP से जुड़े हैं और पदों पर भी रहे हैं।
- ज्यादातर यात्रियों ने कबूल किया कि उनका नाम लिस्ट में किसी BJP नेता के कहने पर शामिल किया गया।
इसके अलावा 32 में से दो नंबर तमिलनाडु और महाराष्ट्र के निकले। इन लोगों ने कहा कि न हम यात्रा में गए हैं और न ही कभी मध्यप्रदेश आए हैं। यात्रा में गए बृजमोहन पचौरी नाम के यात्री ने खुद को BJP के भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी का चाचा बताया।
हमने इस बारे में सुमित पचौरी से बात की। उन्होंने कहा, ‘मेरा कोई रिश्तेदार तीर्थ दर्शन योजना में नहीं गया है। अगर कोई गया है, तो मेरी जानकारी में नहीं है।’ इसके बावजूद ज्यादातर यात्रियों का BJP से जुड़ा होना, सिलेक्शन पर सवाल खड़े करता है।
23 फरवरी को CM ने कहा था- यात्रा फिर शुरू हुई, इस बार प्लेन से ले जाऊंगा
प्लेन से तीर्थ यात्रा का ऐलान CM शिवराज सिंह चौहान ने 23 फरवरी, 2023 को उज्जैन के महिदपुर में एक कार्यक्रम में किया था। उन्होंने मंच से कहा, ‘बुुजुर्गों, तीर्थ दर्शन यात्रा फिर शुरू हो गई है। इस बार अकेले रेल से नहीं ले जाऊंगा, हवाई जहाज से भी ले जाऊंगा।’
उज्जैन के महिदपुर में 23 फरवरी को रोजगार दिवस का राज्यस्तरीय कार्यक्रम हुआ था। इसी में CM शिवराज सिंह चौहान ने प्लेन से तीर्थ यात्रा कराने की बात कही थी।
इसके बाद पहली बार किसी राज्य में सरकार के खर्च पर हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा की शुरुआत हुई। धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग ने 12 अप्रैल 2023 को यात्रा से जुड़ा सर्कुलर जारी किया था। इसके मुताबिक, यात्रियों को चुनने के दो क्राइटेरिया हैं। पहला, यात्री की उम्र 65 साल से ज्यादा होनी चाहिए। दूसरा, वो इनकम टैक्स न देता हो।
सर्कुलर के मुताबिक, यात्रियों के सिलेक्शन की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर को दी गई है। ये भी कहा गया है कि तय संख्या से ज्यादा आवेदन आने पर यात्रियों का सिलेक्शन कम्प्यूटराइज्ड लॉटरी सिस्टम से किया जाए।
तीर्थ दर्शन योजना का सर्कुलर और शेड्यूल…
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 21 मई से यात्राएं शुरू हुई हैं। ये 19 अगस्त तक चलेंगी। पहले फेज में 25 जिलों को चुना गया है। भोपाल से यात्रा पर गए यात्रियों की छानबीन पर पढ़िए ये एक्सक्लूसिव रिपोर्ट…
26 यात्रियों को कॉल लगाया, फिजिकल वेरिफिकेशन किया
हमने यात्रियों की लिस्ट में शामिल सभी 32 लोगों से कॉन्टेक्ट करने की कोशिश की। इनमें से 26 लोगों से बात हुई। दो के फोन नंबर नहीं लगे। चार नंबरों पर बार-बार कॉल करने के बाद भी फोन रिसीव नहीं किया गया।
इसके बाद हमने 5 लोगों के घर का फिजिकल वेरिफिकेशन भी किया। इसमें पता चला कि सरकारी खर्च पर तीर्थ दर्शन करने गए ये यात्री बड़ी बिल्डिंगों में रहते हैं। किसी की किराए पर दुकानें हैं, तो किसी के घर में राशन की दुकान चल रही है।
पहले उन दो यात्रियों की बात, जिन्होंने खुद को दूसरे प्रदेश का बताया
नियम के मुताबिक, भोपाल से गई तीर्थ यात्रा में सिर्फ भोपाल जिले के यात्री ही जा सकते थे। जिला पंचायत कार्यालय से जारी लिस्ट में सभी 32 यात्रियों के नाम, जन्म तारीख, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का नंबर लिखा है।
ये भोपाल से प्लेन के जरिए गए तीर्थयात्रियों की लिस्ट है। ये सभी 21 मई, 2023 को प्रयागराज के लिए निकले थे।
लिस्ट में तीसरे नंबर पर प्रेम नारायण पटेल का नाम है। नाम के सामने दिए कॉन्टैक्ट नंबर पर हमने कॉल किया। उधर से ऐसे व्यक्ति ने बात की, जो न कभी मध्यप्रदेश आए हैं और न ही हिंदी जानते हैं। उन्होंने खुद को तमिलनाडु का रहने वाला बताया।
इसी तरह नंबर 4 पर कुसुम बाई का कॉन्टैक्ट नंबर लिखा है। कॉल रिसीव करने वाले ने खुद का नाम रूपेश ठाकुर बताया। बोले, ‘मैं अमरावती का रहने वाला हूं, कभी मध्यप्रदेश नहीं आया, CM की तीर्थ दर्शन यात्रा में कैसे जाऊंगा।’ रूपेश ने बताया कि मेरे पास ये नंबर पिछले 10 साल से है।
यात्रियों में कोई BJP मंडल अध्यक्ष रहा, कोई महामंत्री…
अब उन लोगों की बात पढ़िए, जिन्होंने खुद को BJP नेता या उनका रिश्तेदार बताया। इन सभी की कॉल रिकॉर्डिंग भास्कर के पास है…
1. बृजमोहन पचौरी, पीपल चौराहा, भोपाल
‘मुझे विधायक विश्वास सारंग जी से यात्रा की जानकारी मिली थी। BJP जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी मेरा भतीजा है। यात्रा बहुत बढ़िया रही। CM को धन्यवाद।’
2. राम प्रसाद चंदोरिया, चांदबड़
‘मुझे विश्वास सारंग जी के ऑफिस से जानकारी मिली थी। मैं BJP के अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश महामंत्री रहा हूं, जिला मंत्री और मंडल अध्यक्ष भी रहा।’
3. रामलाल प्रजापति, ग्राम पंचायत गुनगा
‘विधायक प्रतिनिधि नरेश शर्मा जी ने हमें जानकारी दी थी। मैं तिलहन संघ में 10 साल चेयरमैन रहा। बहू पंचायत सदस्य रही। परिवार का कोई न कोई सदस्य हमेशा BJP में रहा है।’
4. नारायण सिंह, पिपलिया जाहिर पीर
(इनके बेटे राजेश रघुवंशी ने बात की थी)
‘मैं नारायण सिंह जी का बेटा बात कर रहा हूं। वरिष्ठता के नाते पिताजी का नाम सिलेक्ट हुआ था। मैं BJP में जिला महामंत्री हूं।’
5. रामसिंह कुशवाह, ग्राम पंचायत गुनगा
‘हमें विधायक प्रतिनिधि नरेश शर्मा जी ने जानकारी दी थी। मैं 70 के दशक से ही BJP में काम कर रहा हूं। अब उम्र 72 साल हो गई है, तो जिलाध्यक्ष जी ने प्रमाण पत्र देकर कहा है कि आप आराम करिए।’
6. नरेश भार्गव, ग्राम पंचायत दिल्लोद
‘विधायक विष्णु खत्री जी के जरिए अप्लाय किया था। मैं खुद BJP से हूं। मंडल उपाध्यक्ष, महामंत्री, जिला मंत्री रह चुका हूं। अभी जिला BJP का स्थायी सदस्य हूं।’
7. मांगीलाल धाकड़, ग्राम पंचायत हिनोतीसड़क
‘विधायक विष्णु खत्री जी के जरिए योजना की जानकारी मिली थी। मेरा पूरा परिवार BJP से है। मैं जिला कार्यकारिणी सदस्य, मंडल जिला प्रभारी रहा।’
8. सिया कुमारी शर्मा, कैलाश नगर
‘मेरे पास विधायक रामेश्वर शर्मा जी के ऑफिस से फोन आया था। पार्षद कुसुम चतुर्वेदी के जरिए अप्लाय किया था। मैं 20 साल से BJP से जुड़ी हूं। महिला मोर्चा की महामंत्री रही। अब 72 साल उम्र हो गई है, इसलिए पद लेने से इनकार कर दिया।’
बाकी यात्री क्या बोले…
रामदास, दुर्गानगर
‘हमारे पार्षद के साथ सचिन नाम के शख्स रहते हैं। पूरा नाम शायद सचिन अहिरवार है। उन्होंने ही फ्लाइट से जाने की जानकारी दी थी।’
चिन्जो बाई कुशवाह, जाटखेड़ी
‘मुझे सचिन ने जानकारी दी थी। बोला था कि योजना निकली है, फॉर्म भर दो। वो हमारे घर के पास में ही रहते हैं। हम भी BJP से जुड़े हैं।’
अहिल्या बाई भोपे, दुर्गा नगर
‘हमें सचिन ने जानकारी दी थी। उन्हें बहुत पहले से जानते हैं।’
सीताराम वर्मा, जाटखेड़ी’
‘सचिन ने जानकारी दी थी। उसने ही फॉर्म भरवाया। मेरा लड़का सचिन का दोस्त है। मैं गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में रहता हूं, हमारी विधायक कृष्णा गौर हैं।’
उमेश सिंह नागर, हर्राखेड़ा
‘मुझे ब्लॉक से जानकारी मिली थी। मैं शुरू से ही BJP से जुड़ा हूं। हम काम करते हैं, पद कोई नहीं लेते। विधायक, मुख्यमंत्री सब हमको अच्छी तरह से जानते हैं। हम जिसको चाहें, उसको जिता देते हैं। खेती के साथ हमारा व्यापार भी है।‘
कोकसिंह, भोपाल
‘एक भंडारे में मंत्री जी मिले थे, उन्होंने खुद जाने का बोला था। मेरी किराने की दुकान है। हमारा पूरा परिवार BJP वाला ही है।’
मिट्ठूलाल, फंदाकला
(इनके बेटे ने बात की थी)
‘हमें जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने जानकारी दी थी। मेरे पिताजी बचपन से ही BJP से जुड़े हैं, लेकिन बिना किसी पद के काम करते हैं। हम लोग राजपूत जी के साथ ही काम करते हैं।’
हर प्रसाद लोधी, गुनगा
‘हमें विधायक प्रतिनिधि नरेश शर्मा ने जानकारी दी थी। हमारा पूरा घर BJP सपोर्टर है, लेकिन हम लोग किसी पद पर नहीं हैं।’
कमला चौकसे
(इनके बेटे ने बात की थी)
‘हमारी बुआजी 30 साल पहले BJP से पार्षद रही हैं। उन्होंने ही माताजी को जाने को कहा था। अभी वो सामाजिक कार्यकर्ता हैं, किसी पद पर नहीं हैं। हम BJP को सपोर्ट करते हैं, किसी पद पर नहीं हैं।’
राजल, गोंदर मउ गांधी नगर
(इनकी बेटी ने बात की थी)
‘विधायक रामेश्वर शर्मा जी के यहां से पता चला था। उन्हीं के कार्यालय पर फॉर्म सब्मिट हुआ था। हम BJP से शुरू से जुड़े हैं।’
शकुंतला देवी, बरखेड़ा पठानी, भोपाल
‘पार्षद जी ने बोला था कि हवाई जहाज से यात्रा हो रही है, फॉर्म भर दो। हमने फॉर्म भर दिया। हमारे परिवार में BJP से कोई नहीं है।
जगदीश प्रसाद गौर, करोंद
‘मुझे योजना की जानकारी मंडल अध्यक्ष से मिली थी। अनुभव बहुत अच्छा रहा। CM और विधायक विश्वास सारंग को धन्यवाद।’
दिनेश शर्मा, सुपर एस्टेट कॉलोनी, भोपाल
‘मंडल कार्यालय से सूचना मिली थी। मैं BJP से जुड़ा हूं। पार्टी का ही काम करता हूं।’
यात्रियों को रवाना करने पहुंचे थे CM, मंत्री, विधायक
इन यात्रियों को रवाना करने के लिए CM शिवराज सिंह चौहान खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे। साथ में कैबिनेट मंत्री ऊषा ठाकुर, डॉ. प्रभुराम चौधरी, विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर पटेल, कृष्णा गौर, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, BDA अध्यक्ष कृष्णमोहन सोनी भी पहुंचे थे।
फोटो 21 मई, 2023 की है, जब 32 तीर्थ यात्री भोपाल से प्रयागराज गए थे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी यात्रियों को विदा किया था।
इन यात्रियों के साथ सहायक परियोजना अधिकारी संदीप श्रीवास्तव एस्कॉर्ट के तौर पर गए थे। उन्होंने बताया कि हमारे पास कुल 36 एप्लिकेशन आई थीं। 4 लोग अपात्र निकले। उन्हें हटाकर 32 लोगों की लिस्ट तैयार की।
BJP के मीडिया प्रभारी बोले- जिसने अप्लाय किया, वो गया होगा
इस मामले पर हमने BJP के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से बात की। वे कहते हैं, ‘तीर्थ दर्शन योजना के लिए जिन लोगों ने अप्लाय किया होगा, वो गया होगा। उसके तय मापदंड होते हैं, जैसे एयर ट्रैवल करना है, तो हेल्थ कंडीशन क्या है। यदि आपका कोई इन्वेस्टिगेशन है, तो मुझे शेयर कीजिए। पहले मैं डिपार्टमेंट से जानकारी लूंगा। वैसे मुझे लगता नहीं कि ऐसा हुआ होगा।’
इस मामले में हमने गृह एवं धर्मस्व के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को भी फोन किया, वॉट्सऐप पर मैसेज किया, लेकिन उनकी तरफ से जवाब नहीं आया।

