बांग्लादेश सरकार की हिंसा के बीच संयम अपील; खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादी हमला, 4 आतंकी ढेर
प्रधानमंत्री मोदी आज 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल और असम का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम कई परियोजाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी बंगाल में 3200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं दोपहर में राणाघाट में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार पीएम मोदी सुबह लगभग 11.15 बजे नादिया जिले के राणाघाट पहुंचेंगे , जहां वे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी असम के लिए रवाना होंगे। दोनों ही राज्यों में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों राज्यों के लिए खास माना जा रहा है।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने देश में जारी हिंसा के बीच लोगों से संयम बरतने की अपील की है। इस बीच शरीफ उस्मान हादी का शव के सिंगापुर से ढाका पहुंचने के तुरंत बाद राजधानी में नए सिरे से अशांति फैल गई है। पुलिस के अनुसार कट्टरपंथी दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने ढाका में देश के प्रमुख सांस्कृतिक संगठन उदिची शिल्पीगोष्ठी के मुख्य कार्यालय में आग लगा दी।जिस पर संगठन के महासचिव जमशेद अनवर ने कहा कि आगजनी ने उदिची के कार्यालय के अंदर सब कुछ नष्ट कर दिया।” दमकल कर्मियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में पुलिस, बीजीबी और सेना के जवान तैनात हैं। बता दें कि इस संगठन की स्थापना 1968 में हुई थी।
तेलंगाना में 41 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
तेलंगाना में 41 माओवादियों ने पुलिस के सामने शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर दिया और मुख्यधारा में लौट आए। इन नक्सलियों ने पुलिस को 24 हथियार सौंपे। जिनमें एक इनसास एलएमजी, तीन एके-47 राइफलें और पांच एलएलआर राइफलें शामिल थीं। साथ ही 733 कारतूत भी सौंपे।
मेसी मामला : गिरफ्तार मुख्य आयोजक के घर पहुंची एसआईटी
सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था और तोड़फोड़ की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार को गिरफ्तार मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता के हुगली जिले के रिशड़ा स्थित आवास पर जाकर विभिन्न दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जांच के सिलसिले में की गई। इसी बीच, स्टेडियम में हुई तोड़फोड़ के सिलसिले में शुक्रवार को कोलकाता और आसपास के इलाकों से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया।
छत्तीसगढ़ : पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मारा गया। पुलिस के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम के नक्सल विरोधी अभियान के दौरान यह मुठभेड़ भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आडवाड़ा-कोटमेटा के जंगलों में हुई। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से फागनू मडवी (35) का शव बरामद हुआ। वह नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सदस्य था। पुलिस ने मौके से एक .303 राइफल, एक 9एमएम पिस्टल, विस्फोटक, रेडियो और अन्य सामान जब्त किया है।
रवींद्रनाथ टैगोर की पेंटिंग 10.73 करोड़ रुपये में बिकी
रवींद्रनाथ टैगोर की 1937 की उत्कृष्ट पेंटिंग फ्रॉम अक्रॉस द डार्क ने अष्टगुरु की हिस्टोरिक मास्टरपीसेज नीलामी में 10.73 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में बिकी। यह टैगोर की किसी भी कृति के लिए अब तक की सबसे अधिक राशि है। 14 से 17 दिसंबर तक चली इस नीलामी में सभी 87 लॉट बिक गए, जिससे कुल 163.65 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई। नीलामी में सबसे महंगी कृति तैयब मेहता की अनटाइटल्ड (जेस्चर) रही, जो लगभग 53.54 करोड़ रुपये में बिकी। टैगोर ने यह पेंटिंग जून 1937 में अल्मोड़ा प्रवास के दौरान बनाई थी। पेंटिंग उनके जीवन के अंतिम दौर की मनोवैज्ञानिक गहराई और एकांत को दर्शाती है।
नीलामी में कई अन्य कलाकारों ने भी नए रिकॉर्ड बनाए। कृष्ण खन्ना की पेंटिंग द लास्ट सपर 10.22 करोड़ रुपये से अधिक में बिकी। वहीं, सदानंद के बाकरे की कृति मोनालिसा ने 2.30 करोड़ रुपये का विश्व रिकॉर्ड बनाया। वॉल्टर लैंगहैमर की पुरानी बंबई के तटीय दृश्य को दर्शाती पेंटिंग 56.96 लाख रुपये में बिकी।
गोवा अग्निकांड : मुख्य आरोपी सुरिंदर भागा विदेश
अर्पोरा स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन क्लब में हुए भीषण अग्निकांड मामले में नया मोड़ आ गया है। जमीन के मूल मालिक प्रदीप घड़ी अमोनकर ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी और ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला ब्रिटेन भाग गया है। अमोनकर के अनुसार, खोसला को गोवा के कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई।
बता दें, 6 दिसंबर को हुई इस त्रासदी में 25 लोगों की जान चली गई थी। अमोनकर ने दावा किया कि पंचायत के सभी नोटिस और कानूनी शिकायतें खोसला के ही नाम थीं, फिर भी उसे देश छोड़ने दिया गया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन के मालिकाना हक पर विवाद होने के बावजूद क्लब को अनुमति दी गई। फिलहाल, बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ इस मामले की सुनवाई जनहित याचिका के रूप में कर रही है। एजेंसी
पूर्व सीजेआई बी आर गवई नालसर विधि विवि में प्रोफेसर बने
हैदराबाद स्थित नालसर विधि विश्वविद्यालय ने भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस बी आर गवई को सांविधानिक कानून और सामाजिक समावेश पर बीआर आंबेडकर चेयर प्रोफेसर के रूप में नियुक्त किया है।
शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस भूमिका में, जस्टिस गवई सांविधानिक कानून, न्याय तक पहुंच और सामाजिक समावेश के क्षेत्रों में अनुसंधान, शिक्षण और अकादमिक पहलों सहित अध्यक्ष की गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे।
नालसर यानी नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च एक प्रतिष्ठित सार्वजनिक विधि विश्वविद्यालय है, जिसकी स्थापना 1998 में हुई थी और इसे भारत के शीर्ष लॉ स्कूलों में गिना जाता है। डॉ. बीआर अंबेडकर सांविधानिक कानून और सामाजिक समावेशन चेयर की स्थापना तेलंगाना सरकार के वित्तीय सहयोग से की गई है।
पाकिस्तान: आतंकवादी हमले में 4 सैनिकों की मौत, 4 आतंकी भी ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में 4 TTP आतंकवादी मारे गए। इस हमले में 4 पाकिस्तानी सैनिकों की भी मौत हुई है। सेना की मीडिया विंग ने शुक्रवार को बताया कि अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों के एक कैंप पर हुए आतंकी हमले में चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और इतने ही TTP आतंकवादी भी मारे गए।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, बैन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान जिले के बोया इलाके में सुरक्षा बलों के कैंप पर हमला किया और उसकी बाहरी दीवार को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा बलों ने समय पर और प्रभावी कार्रवाई करके इस कोशिश को नाकाम कर दिया। बताया गया है कि महिलाओं और बच्चों सहित 15 नागरिक घायल हुए हैं।
पाकिस्तान ने अफगान राजनयिक को तलब किया, जताई ‘गहरी चिंता’
पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर अफगान तालिबान शासन पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को कथित समर्थन दिए जाने को लेकर “गहरी चिंता” जताई है। यह कदम उत्तर वजीरिस्तान में हुए आतंकी हमले में चार पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने के बाद उठाया गया।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा,”हमारी कड़ी आपत्ति (डिमार्श) दर्ज कराने के लिए अफगानिस्तान के डिप्टी हेड ऑफ मिशन को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया।” विदेश कार्यालय ने बताया कि मंत्रालय ने अफगान तालिबान शासन द्वारा FAK/TTP को लगातार समर्थन और सहूलियत दिए जाने पर पाकिस्तान की ‘गंभीर चिंता’ से अवगत कराया। पाकिस्तान का आरोप है कि इसी समर्थन के चलते ये आतंकी तत्व पाक-अफगान सीमा और उससे सटे इलाकों में पाकिस्तान की सेना और आम नागरिकों पर हमले करने में सक्षम हो रहे हैं। बता दें कि FAK यानी ‘फितना-ए-ख़वारिज’ शब्द का इस्तेमाल पाकिस्तान TTP आतंकियों के लिए करता है।
यूक्रेन को ईयू से 90 अरब यूरो की सहायता
यूरोपीय संघ के नेताओं ने 2026–27 के लिए यूक्रेन को 90 अरब यूरो (9505.62 अरब रुपये) की वित्तीय मदद को मंजूरी दे दी है। इस पैकेज का उद्देश्य यूक्रेन की सैन्य और आर्थिक जरूरतों को पूरा करना है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा ने कहा, समझौता हो गया है। इस पैकेज की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने निंदा की है, जबकि यूक्रेनी राष्ट्रपति ने इसका स्वागत किया है।
नेपाल : राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने रिहा
नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने शुक्रवार शाम रुपनदेही जिला अदालत से जमानत पर रिहा हो गए। तुलसीपुर हाईकोर्ट के आदेश पर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वह शाम 5:37 बजे अदालत पहुंचे। अदालत के सूचना अधिकारी पदम अर्याल ने बताया, बुटवल पीठ के आदेशानुसार कुछ शर्तों और बैंक जमानत के कागजात जमा करने के बाद उन्हें रिहा किया गया। लामिछाने बुटवल स्थित सुप्रीम सहकारी संस्था से जुड़े ठगी और संगठित अपराध के मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद थे। उन्हें 2.74 करोड़ रुपये की जमानत राशि जमा करने के बाद रिहाई मिली।
बर्लिन में राहुल गांधी की जलवायु पर चर्चा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बर्लिन में जर्मनी के पर्यावरण-जलवायु संरक्षण मंत्री कार्स्टन श्नाइडर से मिले। दोनों के बीच वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन की चुनौती और भविष्य के लिए टिकाऊ, जन-केंद्रित समाधानों की जरूरत पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पर्यावरण से जुड़ी नीतियां आम लोगों को केंद्र में रखकर बनाई जानी चाहिए।
भीख मांगने पर हजारों पाकिस्तानी निर्वासित
भीख मांगने के आरोप में हजारों पाकिस्तानियों को विभिन्न देशों से निर्वासित किया गया है, जबकि इस साल हजारों लोगों को हवाई अड्डों पर अवैध यात्रा के संदेह में रोका गया। आगा रफीउल्लाह की अध्यक्षता में ओवरसीज के सत्र में एफआईए महानिदेशक ने प्रवर्तन कार्रवाइयों पर कहा, इस साल सऊदी अरब ने भीख मांगने के आरोप में 24000 लोगों को वापस भेजा।
एफटीए पर कनाडा व अमेरिका में होगी वार्ता
कनाडाई पीएम मार्क कार्नी के दफ्तर ने बताया कि कनाडा-अमेरिका जनवरी के मध्य में अपने मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा के लिए औपचारिक चर्चा शुरू करेंगे। कहा, पीएम ने प्रांतीय नेताओं को पुष्टि की है कि डोमिनिक लेब्लांक औपचारिक चर्चा शुरू करने के लिए जनवरी के मध्य में अमेरिकी समकक्षों से मिलेंगे।
नेपाल में आम चुनाव कानून में संशोधन, जारी हुआ अध्यादेश
पाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शुक्रवार को आम चुनाव से जुड़े प्रावधानों में संशोधन के लिए एक अध्यादेश जारी किया। यह अध्यादेश प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर लाया गया है। इससे पहले 12 सितंबर को राष्ट्रपति पौडेल ने प्रतिनिधि सभा चुनाव की तारीख 5 मार्च 2026 घोषित की थी। राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, प्रतिनिधि सभा चुनाव (पहला संशोधन) अध्यादेश का उद्देश्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत सीटों के आवंटन को वर्ष 2021 की नवीनतम जनगणना के आधार पर तय करना है। 2021 की जनगणना के मुताबिक, नेपाल की कुल जनसंख्या 2 करोड़ 91 लाख 64 हजार 578 है।
पलमायरा में हुए हमले को आईएस ने बताया गंभीर चोट
इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने अपने टेलीग्राम चैनल पर सीरिया के प्राचीन शहर पलमायरा में अमेरिकी पेंटागन कर्मियों की मौत को अमेरिका और उसके समर्थित सीरियाई गुटों पर चोट बताया है। बीते शनिवार एक हमलावर ने अमेरिकी और सीरियाई बलों के काफिले को निशाना बनाया था। इसमें दो अमेरिकी सैनिक और एक दुभाषिया मारे गए थे, जबकि तीन सैनिक घायल हुए। हमलावर को मौके पर ही मार दिया गया।
ब्राजील संसद ने बोलसोनोरो के बेटे एडुआर्डो को पद से हटाया
ब्राजील की संसद ने पूर्व राष्ट्रपति जाइर बोलसोनारो को बड़ा झटका देते हुए उनके बेटे एडुआर्डो बोलसोनारो और पूर्व खुफिया प्रमुख अलेक्जांद्रे रामाजेम को सांसद पद से हटा दिया। हाउस स्पीकर ह्यूगो मोट्टा के जारी आदेश संसद के जर्नल में प्रकाशित किया गया। एडुआर्डो बोलसोनारो फरवरी में टेक्सास जाने के बाद से इस साल 80 फीसदी से अधिक सत्रों में अनुपस्थित रहे, जो सदन के नियमों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन है। वह खुद को राजनीतिक उत्पीड़न का शिकार बताते हुए अमेरिका में ट्रंप प्रशासन से अपने पिता की सजा बदलवाने की कोशिश करते रहे हैं।

