अग्नि आलोक

PM मोदी बोले- तीन तलाक का इस्लाम से संबंध नहीं:एयूनिफॉर्म सिविल कोड पर ‌‌‌भ्रम दूर करेगी BJP

Share

भोपाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भोपाल में कहा- तीन तलाक से इस्लाम का कोई संबंध नहीं है। इसकी वकालत करने वाले वोट बैंक के भूखे हैं। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भड़का रहे हैं। एक घर दो कानूनों से नहीं चल सकता। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर ‌‌BJP भ्रम दूर करेगी। बिहार में विपक्षी दलों की बैठक पर कहा- इन सभी दलों के घोटालों को मिला दिया जाए, तो 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी है।

प्रधानमंत्री भोपाल में मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में इसी साल होने वाले विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने आए थे। उन्होंने मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत 543 लोकसभाओं के 10 लाख और मध्यप्रदेश के 64,100 बूथ के कार्यकर्ताओं को डिजिटली संबोधित किया। यहां सभी राज्यों के विधानसभा क्षेत्रों से 3 हजार कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

PM ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से देश में 5 नई वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने 1 घंटा 52 मिनट BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसकी खास बात यह रही कि पहली बार उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूछे गए सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए अपनी बात कही।

PM के भाषण की 10 प्रमुख बातें…

1). तलाक: इस्लाम का जरूरी अंग है, तो पाकिस्तान में क्यों नहीं?
जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं, वकालत करते हैं, ये वोट बैंक के भूखे लोग मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं। तीन तलाक से नुकसान का दायरा बड़ा है।

बहुत अरमानों से पिता अपनी बेटी को ससुराल भेजता है। 8-10 साल बाद बेटी वापस आती है, तो उसका भाई, पिता सब उसकी चिंता में दुखी हो जाते हैं।

तीन तलाक का इस्लाम से संबंध होता तो दुनिया के मुस्लिम बाहुल्य देश इसे खत्म नहीं करते। मिस्र में 90% से ज्यादा सुन्नी मुस्लिम हैं। 80-90 साल पहले वहां तीन तलाक की प्रथा समाप्त हो चुकी है।

अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है, तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया, कतर, जॉर्डन, सीरिया, बांग्लादेश में क्यों नहीं है।

मुस्लिम बेटियों पर तीन तलाक का फंदा लटकाकर कुछ लोग उन पर हमेशा अत्याचार करने की खुली छूट चाहते हैं। इसीलिए मेरी मुस्लिम बहनें, बेटियां भाजपा और मोदी के साथ हैं।

2). यूनिफॉर्म सिविल कोड: सुप्रीम कोर्ट कह रही कॉमन सिविल कोड लाओ
आज हम देख रहे हैं कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर भड़काने का काम हो रहा है। एक घर में परिवार के सदस्य के लिए एक कानून हो, परिवार के दूसरे सदस्य के लिए दूसरा कानून हो, तो क्या वो घर चल पाएगा?

फिर ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा। भारत के संविधान में भी नागरिकों के समान अधिकार की बात कही गई है। सुप्रीम कोर्ट कह रही है कि कॉमन सिविल कोड लाओ।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं, आप सब सिर्फ दल ही नहीं, देश के संकल्पों के सिद्धी के भी मजबूत सिपाही हैं।’

3). पसमांदा मुस्लिम: इनका शोषण इनके धर्म के एक वर्ग ने किया
पसमांदा मुस्लिम भाई-बहन हैं। वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने इनका तो जीना मुश्किल करके रखा है। वे तबाह हो गए, कोई फायदा नहीं मिला। कष्ट में गुजारा करते हैं।

उनकी आवाज सुनने के लिए कोई तैयार नहीं। उनके ही धर्म के एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। इस पर देश में कभी चर्चा नहीं हुई। इनके साथ भेदभाव हुआ।

इसका नतीजा इनकी कई पीढ़ियों को भुगतना पड़ा। भाजपा सबका विकास, सबका साथ की भावना से काम कर रही है।

तलाक और यूनिफॉर्म सिविल कोड पर प्रधानमंत्री से उत्तरप्रदेश की BJP कार्यकर्ता रानी चौरसिया ने सवाल पूछा था- तीन तलाक और यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर मुस्लिम भाई-बहनों का भ्रम कैसे दूर करें?

4). विपक्ष: घोटालों में इनका मीटर डाउन नहीं होता
2014, 2019 का हाल याद है न। भाजपा के कोर विरोधी दलों में दोनों चुनाव में इतनी छटपटाहट नहीं दिखी, जितनी आज दिख रही है। 2024 में फिर एक बार भाजपा की प्रचंड विजय तय है।

इसी वजह से ये सारे विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं। आजकल एक नया शब्द गारंटी बहुत पॉपुलर किया जा रहा है। सारे दलों का घोटाला मिला लिया जाए तो 20 लाख करोड़ के घोटाले की गारंटी है।

जब कांग्रेस सरकार थी, तब 1.86 लाख करोड़ का कोयला घोटाला, 1.76 लाख करोड़ का 2G घोटाला, 70 हजार करोड़ रुपए का कॉमनवेल्थ घोटाला। हेलिकॉप्टर से सबमरीन… ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जो कांग्रेस के घोटालों का शिकार न हुआ हो।

RJD देख लीजिए- चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, पशुपालन शेड घोटाला, बाढ़ राहत घोटाला, इनकी सूची इतनी लंबी है कि सजा देते-देते अदालतें थक गईं।

तमिलनाडु में देखिए, DMK पर अवैध तरीके से सवा लाख करोड़ की संपत्ति बनाने का आरोप। TMC पर भी 23 हजार करोड़ से ज्यादा के घोटाले का आरोप, रोजवैली घोटाला, शारदा घोटाला, शिक्षक भर्ती घोटाला, गो तस्करी घोटाला।

बंगाल के लोग ये घोटाला नहीं भूल सकते। NCP पर 70 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप है। महाराष्ट्र स्टेट कोऑपरेटिव बैंक घोटाला, सिंचाई, अवैध खनन घोटाला। इन पार्टियों के घोटालों का मीटर कभी डाउन नहीं होता।

मैं भी एक गारंटी देता हूं। अगर इनकी घोटालों की गारंटी है, तो मोदी की भी गारंटी है। मेरी गारंटी है- हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मंच पर कहा कि वे आज कार्यकर्ताओं के सवालों के भी जवाब देंगे, तो भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने तालियों से स्वागत किया।

5). परिवारवाद: गांधी परिवार का भला करना है तो कांग्रेस को वोट दीजिए
हमें लोगों को बताना होगा कि उन्होंने अपने बच्चों का भविष्य सुधारने के लिए जिनको वोट दिया, उसका परिणाम क्या हुआ। परिवार के नाम पर वोट मांगने वालों ने अपने परिवार का भला किया।

आपको गांधी परिवार के बेटे-बेटी का विकास करना हो, तो कांग्रेस को वोट दीजिए। मुलायम सिंह के बेटे का भला करना है, तो सपा को वोट दीजिए।

लालू परिवार का भला करना है, तो RJD को वोट दीजिए। शरद पवार की बेटी का भला करना हो, तो NCP का भला कीजिए।

अब्दुल्ला परिवार के बेटे का भला करना हो, तो नेशनल कॉन्फ्रेंस को वोट दीजिए, लेकिन आप ध्यान से सुनना, अगर आपको अपने बेटे-बेटी का, पोते-पोती का, नाती-नातिन का भला करना है, तो आप वोट भाजपा को दीजिए।

गुजरात की BJP कार्यकर्ता हेतलबेन जानी ने PM से सवाल किया- भाजपा के खिलाफ कई दल एकजुट होकर लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। आप इसे कैसे देखते हैं? इसके जवाब में PM ने घोटालों और परिवारवाद पर बात कही।

6). महंगाई: जिन राज्य में BJP सरकार, वहां पेट्रोल 100 रु. से कम
भारत में महंगाई दर नियंत्रण में है। हमारे पड़ोस में पाकिस्तान में महंगाई दर 38% से ज्यादा है। श्रीलंका में 25% से ज्यादा है। भारत में ये 5% से भी कम है। कोरोना के खिलाफ इतने समय से चले आ रहे युद्ध के बावजूद भारत में हमने महंगाई को बेकाबू नहीं होने दिया।

भाजपा सरकार का जोर तो लोगों को ज्यादा से ज्यादा बचत कराने पर है। आज हर भारतीय, हर महीने करीब 20 GB डेटा इस्तेमाल करता है। 2014 तक 1 GB के लिए 300 रुपए लगते थे।

आज के हिसाब से ये 6 हजार रुपए का होता। भाजपा ने डेटा को गरीब के लिए बिल्कुल सस्ता कर दिया है। अब 30 GB के 200 से 300 रु. लग रहे हैं। आपके 5000 हजार रुपए से ज्यादा हर महीने बच रहे हैं।

कांग्रेस के समय LED बल्ब 300-400 रुपए में बिकता था। भाजपा सरकार में 50-60 रुपए कीमत हो गई। गरीब और मध्यम वर्ग का बिजली का बिल करीब 20 हजार करोड़ रुपए कम हुआ है।

आज जन औषधि के स्टोर में सस्ती दवा मिलती है। इससे गरीब का करीब 20 हजार करोड़ रुपया बचा है।

आयुष्मान भारत योजना की वजह से करीब 5 करोड़ लोगों ने अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराया और एक पैसा खर्च नहीं हुआ है। ये योजना नहीं होती तो इन गरीबों को 80 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च करना पड़ता।

विपक्षी पार्टियां पेट्रोल की कीमत पर हाय-तौबा मचाती रहीं। केंद्र ने दो बार एक्साइज ड्यूटी कम की, लेकिन जहां भाजपा की सरकार नहीं है, उन राज्यों ने इसका लाभ जनता को नहीं दिया।

जहां भाजपा सरकार है, वहां पेट्रोल की कीमत 100 रुपए से कम है। यहां के बूथ कार्यकर्ताओं को ये सच्चाई बतानी चाहिए।

PM से राजस्थान के कार्यकर्ता रजित कछवाहा ने सवाल पूछा था- हम बूथों पर कैसे समझाएं कि भाजपा की योजनाओं के कारण उनकी बचत हो पा रही है?

सिंधिया को अपने साथ लेकर दिल्ली गए प्रधानमंत्री मोदी, अचानक बना प्रोग्राम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल से लौटते वक्त केंद्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपने साथ दिल्ली ले गए हैं। सिंधिया पीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोमवार को इंदौर से भोपाल पहुंचे थे। वे आज सुबह जब रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे तब उनकी प्रधानमंत्री से बात हुई। इसके बाद उनका पीएम के साथ दिल्ली जाने का प्रोग्राम बन गया। इससे पहले सिंधिया 1:30 बजे की फ्लाइट से दिल्ली जाने वाले थे लेकिन वे प्रधानमंत्री के साथ वायुसेना के विमान से रवाना हुए।केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर से भोपाल पहुंचे थे।

भोपाल में BJP नेता ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

भोपाल के नीलबड़ में रहने वाले BJP नेता राजेंद्र पांडे ने सोमवार देर रात 12.15 बजे पत्नी शीला पांडे को गोली मार दी। घटना के बाद शीला पांडे को इलाज के लिए चिरायु अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि राजेंद्र भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बरखेड़ी मंडल के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

BJP नेता राजेंद्र पांडे और उनकी पत्नी शीला पांडे।

एसआई करमवीर सिंह ने बताया कि साईं नाथ नगर, दुर्गा मंदिर के पीछे, रातीबड़ के रहने वाले राजेंद्र पांडे ने पत्नी शीला पांडे की हत्या कर दी। वह शराब पीने के आदी हैं। रोजाना शराब पीकर पत्नी से विवाद करते थे। सोमवार को भी एक रिश्तेदार के साथ घर में ही शराब पी रहे थे, जिसका पत्नी ने विरोध किया तो झगड़ा करने लगे। घर में बड़ी बेटी अपने पति के साथ आई हुई थी। झगड़ा बढ़ता देख दोनों ऊपर के फ्लोर पर चले गए और लड़की ने अपने नाना को सूचना दी। नाना पुलिस विभाग में एएसआई पद से रिटायर हुए हैं।शराब पीने से मना करने पर पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया। आरोपी ने पत्नी को गोली मार दी।

बेटी-दामाद ने घबराकर दरवाजा बंद कर लिया

उनके आने की बात सुनकर आरोपी राजेंद्र भी घर से निकल गया। कुछ देर बाद फिर लौटकर आया। घर के बाहर से ही चिल्लाने के बाद गाड़ी में रखी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से पत्नी शीला पर फायर कर दिया। गोली सीधी कमर में जाकर लगी। बेटी-दामाद ने घबरा कर शीला को अंदर खींचकर दरवाजा बंद कर लिया, तभी दूसरे दरवाजे के पास जाकर जाली लगे दरवाजे से फायर कर दिया, जो दीवार पर लगी। परिवार ने तुंरत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। बेटी-दामाद इतना घबरा गए थे कि उन्हें पुलिस के आने पर भरोसा नहीं हो रहा था। आनन-फानन में पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां ज्यादा खून बह जाने के वजह से शीला की मौत हो गई।महिला को अस्पताल ले जाया गया। खून अधिक बहने के कारण उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पुलिस को दे रहा चकमा
प्रारंभिक जांच में शराब पीने से मना करने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फोन की लोकेशन भी एक जगह पर मिल रही है। ऐसे में संभावना है कि आरोपी ने मोबाइल को कहीं फेंक दिया है।

प्रेग्नेंट बेटी से भी धक्का-मुक्की
शीला की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी बेंगलुरु में पढ़ाई कर रही है, जबकि बड़ी बेटी की शादी हो गई है। बड़ी बेटी प्रेग्नेंट है। वो अपने पति के साथ घर आई थी। इसी दौरान दंपती में शराब को लेकर विवाद हो गया। इस पर बेटी ने बीचबचाव किया। इस पर आरोपी राजेंद्र ने उससे भी धक्का-मुक्की कर दी।

महिला मोर्चा मंत्री थी शीला
आरोपी राजेंद्र भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के टीटीनगर मंडल के भाजपा उपाध्यक्ष रह चुका है, जबकि मौजूदा समय में शीला पांडे भाजपा की भोपाल ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष रातीबड़ और भोपाल ग्रामीण महिला मोर्चा मंत्री थीं।

Exit mobile version