उत्तरी कैलिफोर्निया में भारी बारिश और ऊंची ज्वार से बाढ़, सड़कें बंद; चीन की यात्रा पर आयरलैंड के PM
भारत सरकार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन दावों को फर्जी बताया, जिनमें कहा गया था कि सोमालीलैंड गणराज्य के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आधिकारिक बातचीत की है और भारत जल्द ही सोमालीलैंड को मान्यता देने वाला है। विदेश मंत्रालय की फैक्टचेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर लिखा, पीएम मोदी और सोमालीलैंड के राष्ट्रपति अब्दिरहमान मोहम्मद अब्दुल्लाही के बीच किसी तरह की औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। मंत्रालय ने यह भी खारिज किया कि भारत की ओर से मान्यता दिए जाने के कारण सोमालिया ने भारत से अपना राजदूत वापस बुलाया है। मंत्रालय ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही तस्वीरें और दावे भ्रामक हैं और उनका कोई आधार नहीं है। मंत्रालय की ओर से स्पष्टीकरण इसलिए भी अहम है क्योंकि सोमालीलैंड ने 1991 में सोमालिया से अलग होने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक उसे अंतरराष्ट्रीय मान्यता नहीं मिली है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत की इस मामले में कोई नई नीति नहीं है।
उत्तरी कैलिफोर्निया में शनिवार को भारी बारिश और बेहद ऊंची ज्वार (किंग टाइड्स) के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह स्थिति पिछले करीब 20 वर्षों में सबसे गंभीर मानी जा रही है। बाढ़ की वजह से कई सड़कें बंद करनी पड़ीं और पानी में फंसी गाड़ियों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मैरिन काउंटी के शेरिफ कार्यालय के अनुसार, सॉसलिटो से सैन राफेल तक करीब 24 किलोमीटर लंबे इलाके में सड़कें पानी से भर गईं। कई जगहों पर पानी की ऊंचाई तीन से चार फीट तक पहुंच गई, जिससे गाड़ियां बीच रास्ते में फंस गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रभावित इलाके मैरिन काउंटी में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक पानी कम न हो जाए, घरों में ही रहें। कुछ लोग सामान्य तौर पर सड़क रहने वाले इलाकों में कयाक चलाते नजर आए, जबकि कई लोग घुटनों तक पानी में चलकर बाहर निकले। सैन फ्रांसिस्को क्षेत्र के लिए शनिवार दोपहर तक बाढ़ की चेतावनी और रविवार दोपहर तक बाढ़ की सलाह जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि किंग टाइड्स तब आती हैं जब सूर्य, चंद्रमा और पृथ्वी एक सीध में होते हैं और चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब होता है, जिससे समुद्र का जलस्तर असामान्य रूप से बढ़ जाता है।
शाह आज से दो दिन के तिरुचिरापल्ली दौरे पर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार और पांच जनवरी को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के दौरे पर रहेंगे। जिला प्रशासन ने शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से ड्रोन उड़ानों पर रोक लगा दी है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार, 4 जनवरी को तिरुचिरापल्ली की सीमाओं के अंदर ड्रोन और दूसरे मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी कि पाबंदी का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों या संगठनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस का देशव्यापी मनरेगा बचाओ अभियान 8 जनवरी से
कांग्रेस ने विकसित भारत-जी राम जी कानून के खिलाफ और मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग को लेकर मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू करने की घोषणा की। यह देशव्यापी अभियान 8 जनवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने कहा कि नए कानून के जरिये केंद्र सरकार ने रोजगार व्यवस्था का पूरी तरह केंद्रीकरण कर दिया है। वेणुगोपाल ने कहा कि नए कानून में रोजगार अब अधिकार नहीं रहेगा, जो मनरेगा की मूल भावना के खिलाफ है। हमारी पार्टी इस कानून को अदालत में चुनौती देगी। वेणुगोपाल ने कहा कि इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों और विपक्ष शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति पर सहमति बनाई जाएगी।
मनरेगा पर हमला करोड़ों श्रमिकों पर हमला : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मनरेगा पर हमला करना करोड़ों मजदूरों और उनके सांविधानिक अधिकारों पर हमला करना है। उन्होंने कहा कि हम हर पंचायत से लेकर संसद तक, शांतिपूर्वक तरीके और मजबूती से इसका विरोध करेंगे। खरगे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मनरेगा कोई चैरिटी नहीं है।
ईरान में फंसे 3,000 भारतीय छात्र विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की अपील
ईरान में सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच अखिल भारतीय मेडिकल छात्र संघ (एआईएमएसए) के विदेशी छात्र विंग ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से हस्तक्षेप की अपील की है। जयशंकर को लिखे पत्र में एआईएमएसए ने कहा, ईरान में करीब 3,000 भारतीय मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। संगठन ने विदेश मंत्रालय से इमरजेंसी हेल्पलाइन शुरू करने, छात्रों से संपर्क बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर निकासी योजना तैयार रखने की मांग की है।
ईरान में महंगाई व आर्थिक संकट के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों व सुरक्षाबलों के बीच झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं। एआईएमएसए की जम्मू-कश्मीर इकाई के उपाध्यक्ष मो. मोमिन खान ने बताया कि ईरान में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। इसके कारण छात्र व उनके परिजन गंभीर तनाव में हैं।
तेलंगाना में स्थानीय चुनाव लड़ने के लिए दो बच्चों के नियम को खत्म करने वाला विधेयक पास
हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा ने शनिवार को एक विधेयक पारित कर स्थानीय निकाय चुनावों लड़ने के लिए उम्मीदवारों के दो बच्चे वाले नियम को खत्म कर दिया। इस नियम के तहत दो से अधिक बच्चे वाले लोग स्थानीय निकाय चुनाव नहीं लड़ सकते थे। पंचायत राज मंत्री दानासारी अनसूया सीताक्का ने तेलंगाना पंचायत राज (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करते हुए कहा कि दो बच्चों का नियम 1994 में जनसंख्या नियंत्रण के लिए लाया गया था, ताकि 1980 और 90 के दशक में जनसंख्या विस्फोट से जुड़ी खाद्य सुरक्षा, बेरोजगारी और गरीबी की चुनौतियों से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 30 साल बाद जनसंख्या नीति की समीक्षा की है। इसमें सामने आया कि वर्तमान में तेलंगाना के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रजनन दर 1.7 है, जो प्रतिस्थापन दर से कम है।
थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर उर्स मनाने की दी इजाजत
मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा दरगाह के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वहां केवल संथनकूडू उर्स उत्सव ही आयोजित किया जाए। इसमें अधिकतम 50 लोगों को ही भाग लेने की अनुमति होगी। राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि 6 जनवरी को होने वाले उत्सव के लिए ही अनुमति दी जाएगी, जैसा कि पहले किया गया था।
ममता सरकार पर 100 करोड़ के बाढ़ राहत घोटाले का आरोप
पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) की सात सौ पन्ने की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर मालदा में 100 करोड़ के बाढ़ राहत घोटाले का आरोप लगाया है। भाजपा ने शुक्रवार को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इस घोटाले को राज्य प्रायोजित डकैती करार देते हुए जवाबदेही की मांग की। इसके साथ ही इस मुद्दे को 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले जोर-शोर से उठाने का दावा किया। भाजपा ने कहा, टीएमसी सुप्रीमो बनर्जी की पार्टी डीएनए चोरी और चिट-फंड संस्कृति पर बनी है। भाजपा ने आरोप लगाया कि बनर्जी सरकार अभाव की बात करती है और उसके नेता गरीबों से चोरी कर रहे हैं। असली बाढ़ पीड़ितों को मदद से वंचित रखा गया, जबकि राहत फंड सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों ने हड़प लिए।
बंगाल विस चुनावों से पहले कांग्रेस में शामिल हुईं टीएमसी सांसद नूर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले टीएमसी को जोर का झटका लगा है। पार्टी की राज्यसभा सदस्य मौसम बेनजीर नूर ने शनिवार को इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह, 11 साल बाद फिर के कांग्रेस में लौटी हैं। माना जा रहा है कि 46 वर्षीय नूर मालदा से चुनावी मैदान में उतरेंगी। उनका राज्यसभा कार्यकाल 26 अप्रैल में पूरा हो रहा है। नूर के आने से उत्तर बंगाल के साथ राज्य की मुस्लिम राजनीति में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होगी।
ईसीआई ने चुनावी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने को मांगे सुझाव
भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने देश के नागरिकों से अपने नए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआई नेट एप को लेकर सुझाव मांगे हैं। नागरिक इस एप पर 10 जनवरी, 2026 तक अपनी प्रतिक्रिया और सुधार के सुझाव साझा कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, यह एप लगभग 40 पुराने चुनावी पोर्टल और ऐप्स (जैसे वोटर हेल्पलाइन, सी-विजिल, सक्षम और केवाईसी) को समाहित कर बनाया गया एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रतिशत के रुझान और उम्मीदवारों के हलफनामे जैसी जानकारियां अब एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
ई-वाहनों की बैटरी के लिए आधार नंबर जरूरी
परिवहन मंत्रालय ने इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी के लिए आधार जैसी विशिष्ट पहचान संख्या का प्रस्ताव रखा है। इससे नकली बैटरियों पर रोक लगेगी और उनका प्रभावी पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) सुनिश्चित हो सकेगा।
साथ ही, बैटरी उद्योग में भी पारदर्शिता आएगी। मसौदा दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बैटरी विनिर्माताओं या आयातकों के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे हर बैटरी को 21 अंकों का बैटरी पैक आधार नंबर (बीपीएएन) जारी करें। यह नियम उन बैटरियों पर भी लागू होगा, जिन्हें कंपनियां खुद के उपयोग के लिए बाजार में लाती हैं।
दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि बीपैन या बीपीएएन को बैटरी पर ऐसे स्थान पर अंकित किया जाना चाहिए, जो साफ दिखाई दे और आसानी से स्कैन किया और पढ़ा जा सके। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि यह पहचान संख्या समय के साथ नष्ट न हो या खराब न पड़े, ताकि बैटरी की पहचान पूरी उम्र बनी रहे।
केरल में 19 लाख वोटरों पर संकट 2002 की सूची से नहीं हुआ मिलान
केरल के मुख्य चुनाव अधिकारी रतन यू केलकर ने कहा कि राज्य में 19.32 लाख ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है जिनका 2002 की मतदाता सूची कोई मिलान नहीं हो सका है। उन्होंने यह बात चुनाव आयोग की विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) पर राजनीतिक दलों के साथ हुई साप्ताहिक बैठक के बाद कही। केलकर ने कहा कि हमने राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक की। हमें 19.32 लाख ऐसे मतदाता मिले हैं जिनका 2002 की सूची से कोई मेल नहीं है।
आयोग के निर्देश के अनुसार, इन मतदाता की पात्रता को परखने के लिए उनके दस्तावेज की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब एक हजार एईआरओ और डीआरओ हैं। हमने उन्हें आयोग के निर्देशों के अनुसार सुनवाई कैसे करनी है, इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी मतदाताओं के लिए नोटिस तैयार कर लिए गए हैं और उन्हें सभी मतदाताओं को जारी किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन 21 फरवरी को जारी किया जाएगा।
स्विस बार अग्निकांड: 48 घंटे बाद भी 6 घायलों की पहचान नहीं
स्विट्जरलैंड के आल्प्स स्थित स्की रिसॉर्ट में नए साल के जश्न के दौरान ले कॉन्स्टेलेशन बार में लगी भीषण आग में 40 लोगों की मौत के 48 घंटे बाद भी 6 घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। लापता लोगों के परिजनों की उम्मीदें अब इन्हीं पर टिकी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, 119 घायलों में से 113 की पहचान हो चुकी है। भीषण रूप से जलने के कारण शवों और घायलों की पहचान मुश्किल हो गई है।
जापानी पीएम के ताइवान रुख से चीन के साथ तनाव बढ़ा
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के ताइवान आपातकाल में जापान की संभावित भूमिका पर दिए गए बयानों ने चीन के साथ तनाव बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ताकाइची के कट्टरपंथी रुख को रोकने वाले संतुलित स्वरों की कमी जापान की कूटनीति को प्रभावित कर सकती है। पूर्व पीएम शिंजो आबे की राजनीतिक उत्तराधिकारी मानी जाने वाली ताकाइची पर आम सहमति बनाने में कम कुशल होने के आरोप लग रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि रूढ़िवादी पार्टी के साथ गठबंधन के बाद उनके कट्टरपंथी फैसलों पर अंकुश लगाना मुश्किल हो गया है।
14 साल बाद आयरलैंड के पीएम माइकल मार्टिन की चीन यात्रा
आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन रविवार से चीन की पांच दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। पिछले 14 वर्षों में किसी आयरिश नेता की यह पहली चीन यात्रा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि मार्टिन बीजिंग के अलावा शंघाई भी जाएंगे। वे चीनी प्रमुख ली कियांग के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब यूरोपीय संघ और चीन के बीच डेयरी उत्पादों और इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैरिफ को लेकर तनाव बना हुआ है।
यमन से अपने सैनिक वापस बुलाएगा यूएई
पिछले कुछ दिनों से जारी तनाव के बीच यूएई ने यमन से अपनी सेना वापस बुलाने का फैसला किया है। यूएई ने कहा, वह यमन में चल रहे अपने आतंक-रोधी अभियान को खत्म कर रहा है। यह फैसला ऐसे समय किया गया है जब सऊदी अरब ने यूएई पर यमन के अलगाववादी गुट एसटीसी को समर्थन देने के आरोप लगाए हैं। इससे पहले यमन की विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने यूएई से कहा था कि वह 24 घंटे में अपनी सेना यमन से हटा ले। यमन की इस मांग को सऊदी अरब का भी समर्थन मिला। इसके कुछ ही समय बाद ही यूएई ने अपनी सेना वापस बुलाने की घोषणा कर दी। सऊदी अरब नेतृत्व वाले गठबंधन ने कल यमन के मुकल्ला पोर्ट पर हमला किया था। सऊदी का कहना था कि मुकल्ला पोर्ट पर जो जहाज पहुंचा था, उसमें यूएई से हथियार भेजे गए थे।

