Site icon अग्नि आलोक

चूड़ीवाले की पिटाई के मामले को लेकर अब सियासत शुरू :गृह मंत्री का पलटवार- यहां किसी को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा

Share

इंदौर में चूड़ीवाले की पिटाई के मामले को लेकर अब देश में सियासत शुरू हो गई है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने युवक की पिटाई किए जाने पर सवाल उठाए। अब इस मामले को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हवा दे दी है।

ओवैसी ने जैसे ही सोशल मीडिया पर इस घटना को गोडसे की हिंदुत्ववादी सोच का नतीजा करार दिया, वैसे ही BJP नेता भड़क गए। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जो लोग अपना 2-3 पहचान पत्र रखते हैं, अपना नाम छुपाते हैं, वे अपराधी हैं। पुलिस ने उन लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है, जिन्होंने आरोपी के साथ मारपीट की है। उन्होने कहा- औवेसी आप कृपया कर हस्तक्षेप न करें। मध्य प्रदेश में कानून का राज है। यहां किसी को इस तरह सिर उठाने नहीं दिया जाएगा।

PFI पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही सरकार
गृह मंत्री ने कहा कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) संगठन को प्रतिबंधित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संगठन की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मुस्लिम समाज ने आवेदन दिया है। जिस पर वैधानिक स्तर पर विचार किया जा रहा है।

यहां दिग्विजय सिंह काफी : रामेश्वर
प्रदेश में हिंदुत्व के मुद्दे पर मुखरता से पैरवी करने वाले भोपाल से BJP विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने औवेसी पर सबसे पहले पलटवार किया। शर्मा ने कहा- मुस्लिम तुष्टीकरण की दुकान कहीं और लगाओ ओवैसी, यहां दिग्विजय सिंह काफी हैं। भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि यह छद्मयुद्ध है। यह तभी संभव हो पाता है, जब उस स्थान पर देशघाती लोग उन्हें संरक्षण देते हैं। उन्होंने कांग्रेस को भी घेरा।

गोडसे की हिंदुत्ववादी सोच : ओवैसी
इस मामले में ओवैसी ने MP सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा – ‘विराट हिंदुत्ववादी’ खुद को ‘विराट’ महसूस करवाने के लिए कभी किसी मुसलमान फ़क़ीर को मारता है, तो कभी भीड़ इकट्ठा करके चूड़ी बेचने वाले को पीट देता है। ये कम-ज़र्फ़ी और कमतरी गोडसे की हिंदुत्ववादी सोच का नतीजा है। अगर समाज ये सोच का मुकाबला नहीं करेगा तो ये कैंसर की तरह फैलती रहेगी।

एक दिन पहले ओवैसी ने कहा था -इंदौर में चूड़ियां बेचने वाले तसलीम को एक उग्रवादी भीड़ ने बेरहमी से पीटा। अब पुलिस ने तसलीम के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज की। तसलीम का जुर्म ये है कि वो मुसलमान होने के बावजूद चुपचाप लिंच नहीं हुआ। उसको लूटने और मारने वाले अभी तक गिरफ़्तार नहीं हुए। एमपी के गृह मंत्री भी खुल के अपराधियों के लिए बहाने बना रहे हैं। चुनी हुई सरकार और उग्रवादी भीड़ में कोई फर्क नहीं रहा।

ओवैसी का बयान सामने आते ही BJP विधायक शर्मा ने जवाब देने में देर नहीं की। उन्होंने कहा- तीन आधार कार्ड वाला लफंगा तस्लीम जो बेटी को छेड़ रहा है, वो बेबस मुसलमान है और अफगानिस्तान के मुसलमान के साथ तालिबानी जो नंगापन कर रहे हैं, उनमें तुम्हें जिहाद दिखाई देता है।

उन्होंने आगे कहा- थाना घेरना, भीड़ इकट्ठा करना, धार्मिक नारे लगाना हमें भी आता है, पर हम बाबा साहेब के बनाएं संविधान पर भरोसा करते हैं। मुस्लिम तुष्टिकरण की दुकान कहीं और सजाओ यहां भड़काने के लिए मियां दिग्विजय सिंह काफी है।

कांग्रेस विधायक मसूद ने कहा- गृहमंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाया है कि सूबे की सरकार कार्रवाई ना करने के लिए पुलिस पर दबाव डाल रही है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। सबने वीडियो देखा कि किस बेरहमी से उस बच्चे को पीटा गया जबकि वो गिड़गिड़ा रहा था। गृह मंत्री के प्रभार का जिला है इंदौर और वहीं यह हाल है।

औवैसी छोटे और तुच्छ नेता: विश्वास सारंग
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि विघटन की राजनीति करने वाले देशद्रोही हैं। उनकी औकात नहीं है कि मध्यप्रदेश की जनता का मखौल उड़ाए। उन्होंने कहा कि ओवैसी छोटे और तुच्छ नेता हैं। एक वर्ग को खुश करने का काम करते हैं। मध्य प्रदेश शांति का टापू है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण करने वाले लोग बवाल खड़ा करते रहते हैं।

ओवैसी, दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के चंद नेता उस व्यक्ति पर बात कर बचाने की कोशिश करेंगे तो यह मध्य प्रदेश में नहीं होगा। मध्य प्रदेश में संविधान प्रदत्त व्यवस्था चलेगी। यदि किसी भीड़ ने किसी व्यक्ति को मारा तो उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज हुआ, लेकिन यदि किसी व्यक्ति ने किसी बच्ची के साथ बदसलूकी की है तो संविधान कहता है कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज होना चाहिए और वो हुआ है। कांग्रेस ने हर समय महिला उत्पीड़न करने वाले को संरक्षण देने का काम किया है।

Exit mobile version