Site icon अग्नि आलोक

महा विकास अघाड़ी में प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वीबीए शामिल; जदयू की राज्य इकाई अब भी ‘इंडिया’ के साथ

Share

कांग्रेस, राकांपा (शरद पवार गुट) और शिवसेना (यूबीटी) के महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन ने मंगलवार को बड़ा एलान किया। एमवीए ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) को अपने में शामिल करने की घोषणा की।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने एक्स पर पोस्ट किया कि कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना ने सर्वसम्मति से वीबीए को राजनीतिक सहयोगी के रूप में शामिल करने का फैसला किया है। हम निरंकुशता के खिलाफ लड़ने के आपके रुख के लिए आभारी हैं।

इस बीच महाराष्ट्र के एक नेता ने मंगलवार को कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) की महाराष्ट्र इकाई विपक्ष के इंडिया गुट का हिस्सा बनी रहेगी। इससे पहले जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विपक्षी गठबंधन का साथ छोड़कर केंद्र की सत्ता में काबिज एनडीए का दामन थाम लिया था। उन्होंने उलटफेर के बाद रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

नीतीश ने ‘इंडिया’ को छोड़ते हुए भाजपा के साथ एक नई सरकार बनाई, जिसे उन्होंने 18 महीने से भी कम समय पहले छोड़ दिया था। इस पर पार्टी महासचिव और विधान परिषद सदस्य कपिल पाटिल ने कहा कि राज्य जद(यू) ‘इंडिया’ के साथ अपना संबंध जारी रखेगा। हमने अपने फैसले से अपने शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा दिया है।”

पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र का राजनीतिक गणित बिहार से अलग है। यहां स्थिति अलग है। हम इंडिया के साथ अपना गठबंधन जारी रखना चाहते हैं। हमने सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान बुलढाणा की लोकसभा सीट मांगी है।

Exit mobile version