नगरीय सीमा के सभी थानों से तैनाती और आमद का रिकार्ड मांगा
इंदौर। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार के पत्र से थानों में हड़कंप है। वर्षों से एक ही थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर तबादले की तलवार लटक गई है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने तैनाती व आमद की जानकारी मांगी है। नगर सीमा में करीब हजार पुलिसकर्मियों का इधर-उधर होना तय है।विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार के पत्र के बाद पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने तैनाती व आमद की जानकारी मांगी है। नगर सीमा में करीब हजार पुलिसकर्मियों का इधर-उधर होना तय है। पुलिस मुख्यालय ने वर्षों से एक ही थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने का फैसला किया है।
पुलिस मुख्यालय वर्षों से पत्र लिखता आया है। एसपी, आइजी और पुलिस कमिश्नर आदेशों का पालन नहीं करते थे। इस बार प्रशासन शाखा ने 10 जून को पत्र लिखकर 16 जून तक रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। विशेष पुलिस महानिदेशक ने मार्च 2015 और जनवरी 2021 के पत्र का उल्लेख भी किया है।
पुलिस आयुक्त को भेजे पत्र में लिखा कि कार्यप्रणाली प्रभावी, पारदर्शी, जनोन्मुखी हो इसके लिए स्थानांतरण आवश्यक है। पूर्व में भी आरक्षक से लेकर एसआई की जानकारी मांगी थी। एक थाने में पदस्थापना सामान्यत: चार से पांच वर्ष से अधिक नहीं है। इस अवधि के पूर्ण होने पर उस पद पर उसी थाने में पदस्थ नहीं होना चाहिए।
आरक्षक से एसआई तक किसी भी कर्मचारी की एक ही अनुविभाग में विभिन्न पदों पर पदस्थापना अवधि 10 साल से ज्यादा नहीं है। इस पत्र के बाद नगरीय सीमा के सभी थानों से तैनाती और आमद का रिकार्ड मांगा गया है। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) ने 20 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की है जो सर्विस रिकार्ड देखकर छंटनी करने में जुटे हैं।

