इंदौर
इंदौर नगर निगम का सालाना बजट ( 7500 करोड़ रुपए) गुरुवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में पेश किया। इंदौर के लोगों पर इस बार कोई नया कर नहीं लगाया गया है। शहर के 150 चौराहों को फ्री वाईफाई जोन बनाया जाएगा। डिजिटल सिटी बनाने के लिए 60 करोड़ खर्च होंगे। इंदौर पश्चिम में एक मॉडल थिएटर बनेगा। इसके लिए नगर निगम खुद का डेटा सेंटर भी बनाएगा। नर्मदा के चौथे फेज का पानी इंदौर में लाएंगे। निगम कर्मचारियों का स्थायी किया जाएगा। अटल सिटी बस की सेवाओं का विस्तार करते हुए अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज सहित अन्य शहरों तक यात्री बस शुरू की जाएगी।
अपने भाषण में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर को सेवन आई वाला शहर बताया। इंदौर यानी आइडिया, इनोवेशन, इन्वॉल्वमेंट, आईटी, इनिशिएटिव, इंस्पिरेशन, इंडिपेंडेंट। इंदौर में सीएम ने तीन एकड़ जमीन सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता वाले ट्रस्ट को दी है। जहां मां अहिल्या का स्मारक बनाया जाएगा। राजबाड़ा क्षेत्र को नए देवी अहिल्या लोक के रूप में बनाने का काम परिषद करेगी। अहिल्या लोक के निर्माण का प्रावधान किया गया है। लेजर लाइट और साउंड सिस्टम पर काम किया जाएगा। महापौर ने दावा किया कि ये बजट मप्र या किसी भी अर्बन लोकल बॉडी का पहला पेपरलेस डिजिटल बजट है। सबसे पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सभापति मुन्नालाल यादव और कांग्रेस समर्थित नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को बजट की डिजिटल प्रति सौंपी। महापौर ने इंदौर को सोलर सिटी बनाने का संकल्प लिया। बजट को देखने के लिए दो पार्षदों के बीच एक लैपटॉप रखा गया। एमआईसी द्वारा मंजूर किए गए 29 अन्य प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
नगर निगम ने अपने अगले छह विजन भी बताए
बजट भाषण में इंदौर विकास के मॉडल के लिए शामिल बिंदु।
बजट में किसको क्या मिला
- सबसे पहले सफाई… पिछले साल से 9 करोड़ ज्यादा बजट
– स्वच्छ भारत मिशन के लिए 121 करोड़ का प्रावधान। यह पिछले साल से 9 करोड़ ज्यादा है।
– CNT सेंटर भेजने के बजाय निर्माण सामग्री का मलबा सड़क पर फैलाने पर 1 लाख रु. तक का जुर्माना होगा।
– 29 स्लम बस्तियों को ग्रीन स्लम के रूप में डेवलप करेंगे।
– अगले दो में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) लेवल आदर्श लेवल 50 तक लाने का टारगेट। अभी कई स्थानों पर 100 से भी ज्यादा है। यह आबोहवा से जुड़ा मामला है।
-देश का दूसरा 100 टन कैपिसिटी का स्लज हाईजेनेशन प्लांट कबीटखेड़ी में बनेगा। यह स्लज घर के शौचालयों और नालियों से निकलता है।
- यूथ के लिए…150 चौराहों फ्री वाई-फाई जोन बनेंगे
– इंटर्नशिप विद् मेयर स्कीम जारी रहेगी। अभी 350 स्टूडेंट्स जुड़े हैं।
– डिजिटल सिटी के लिए 60 करोड़ का प्रावधान।
– 150 चौराहों फ्री वाई-फाई जोन बनेंगे।
– निगम का खुद का इंटरनेट डेटा सेंटर बनेगा। ई-ऑफिस फैसिलिटी मिलेगी।
– युवाओं को प्रेरित करने के लिए विवेकानंद रॉक मेमोरियल की प्रतिकृति इंदौर में बनाई जाएगी।
- शिक्षा के लिए…मेरिट में आने पर 3 छात्राओं को स्कूटी देने का वादा
– 6 मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे। ये स्कूल उर्दू हाईस्कूल नयापीठा, मिडिल स्कूल छोटी खजरानी, स्वामी विवेकानंद हासे स्कूल जंजीरवाला चौराहा, मिडिल स्कूल तेजाजी नगर, मिडिल स्कूल गणेश नगर, मिडिल स्कूल निपानिया शामिल हैं।
-हर जोन में मॉर्डन लाइब्रेरी बनेगी। वहीं पर करियर कांउसिलिंग सेंटर PPP मॉडल पर चलाएंगे।
– मेरिट आधार पर 3 छात्राओं को स्कूटी, 5 छात्राओं को लेपटॉप और 10 छात्राओं को साइकिल देने का ऐलान।
- ट्रैफिक सुधारने के लिए… फुट ओवरब्रिज बनेंगे
– तीन इमली फ्लायओवर के दोनों ओर ओल्ड जीडीसी (मोती तबेला) तक
– एमवाय हॉस्पिटल के सामने
– आरएनटी मार्ग यूनिवर्सिटी के सामने
– टॉवर चौराहे से भंवरकुआं चौराहे के बीच
– रणजीत हनुमान मंदिर के पास
– ग्रेटर कैलाश मार्ग
-अन्नपूर्णा मंदिर के पास
-रिंग रोड पर बंगाली चौराहा से पिपलियाहाना चौराहे के बीच
-रिंग रोड पर आईटी पार्क चौराहा से राजीव गांधी चौराहा तक
-सड़कों के निर्माण हेतु 510 करोड़ का प्रावधान किया गया।
-ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए 104 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- पर्यावरण के लिए… सोलर सिटी का ऐलान
-3 मई को सोलर सिटी का विजन डॉक्यूमेंट पब्लिश होगा।
-डॉक्टर चलित एंबुलेंस वाहनों से पेड़ों का इलाज जारी रहेगा।
– स्मार्ट सिटी एरिया में AQI लेवल ठीक करने के लिए ई-व्हीकल को बढ़ावा।
– शहर में कम से कम 25 स्थानों पर मल्टी व्हीकल चार्जिंग पॉइंट बनाएंगे
– 305 करोड़ के खर्च से 60 मेगावॉट का सौर ऊर्जा प्लांट लगेगा, जिससे 175 लाख यूनिट बिजली बनेगी।
– निगम स्वामित्व के सभी भवनों और 200 बगीचों को सौर ऊर्जा से रोशन करेंगे।
- महिलाओं के लिए…ऑनलाइन बेच सकेंगी अपने प्रॉडक्ट
– महिला समूहों के लिए ऑनलाइन व्यापार केंद्र बनेगा। महिलाएं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रॉडक्ट बेच सकेंगी।
– महिला स्वरोजगार कार्यक्रम में इस साल 111 महिलाओं को ई-रिक्शा लोन मिलेगा।
- कर्मचारियों के लिए.. स्थायी करने के लिए कटऑफ डेट तय
– निगम कर्मचारियों को योगमित्र अभियान से भी जोड़ा जाएगा।
– 16 मई 2007 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को विनियमितीकरण किया जाएगा।
- इंटर सिटी कनेक्टविटी के लिए.. अटल बसों का दायरा राज्य के बाहर तक
– इंदौर को अन्य राज्यों तक ज्यादा से ज्यादा अटल बसें चलाने का ऐलान।
-धार्मिक पर्यटन के केन्द्र अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, उज्जैन, ओंकारेश्वर के अलावा नई दिल्ली, उदयपूर, पुणे, कोटा, अहमदाबाद एवं अन्य शहरों बस चलाएंगे।
बजट में महिला पार्षद भी मौजूद रहीं। सुबह 11 बजे सभी ने वंदे मातरम गाकर सम्मेलन की शुरुआत की। महापौर और सभापति ने देश और इंदौर की दिवंगत हस्तियों को सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
मलबा फैलाने पर अब एक लाख तक के जुर्माने का ऐलान
नगर निगम ने बजट सम्मेलन में जानकारी दी है कि यदि आम नागरिक शहर में कोई मकान या दुकान में तोड़फोड़ करते हैं तो उसका मलबा अनिवार्य रूप से देवगुराड़िया स्थित CNT सेंटर या शहर में बने कलेक्शन सेंटर भिजवाना होगा। यदि मलबा पब्लिक एरिया में फैला मिलेगा तो संबंधित के खिलाफ एक हजार से लेकर एक लाख रुपए का जुर्माना किया जाएगा। प्राइवेट, सरकारी कॉलोनाइजर, ठेकेदार, जमीन मालिक सभी पर यह लागू होगा। नगर निगम ने कहा कि शहर को धूल मुक्त रखने के लिए यह फैसला जरूरी था। गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा CNT प्लांट पर मलबे से ईंट, पैबर ब्लॉक आदि बनाकर बेचे जा रहे हैं। नगर निगम या स्मार्ट सिटी के ठेकेदारों को भी सरकारी निर्माण करते समय 20% मटैरियल यहीं से खरीदने का प्रावधान कर दिया गया है। इससे नगर निगम की कमाई बढ़ेगी।सभापति मुन्नलाल यादव ने विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सम्मेलन को पांच मिनट के लिए स्थगित किया था।
महापौर के बजट भाषण के प्रमुख बिंदु….
-बजट अभिभाषण में महापौर बोले-सभापति जी वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में 7 हजार 773 करोड़ की आय को सम्मिलित करते हुए ये बजट प्रस्तुत किया जा रहा है। बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है। पश्चिम क्षेत्र में मॉडर्न ऑडिटोरियम का प्रावधान किया है। वहीं बगीचों को सोलर ऊर्जा से रोशन करेंगे। गूगल फार्म से सीधे जनता से सुझाव बजट के लिए मांगे थे। सुझावों को शामिल किया है। ग्रीन बिल्डिंग, ट्रेड लाइसेंस की अवधि एक से दो वर्ष करने का सुझाव दिया था, उन्हें भी बजट में शामिल किया है। सोलर सिटी, डिजिटल सिटी, ग्रीन, क्लीन सिटी, ट्रैफिक को लेकर का प्रावधान किया है। 28 राज्यों के नागरिकों ने निगम के ग्रीन बॉण्ड में निवेश किया है। ये इंदौर का नया दौर है। महापौर ने कहा कि निगम के 100 उद्यान सौर ऊर्जा से रोशन होंगे। सोलर ऊर्जा के लिए 2 साल में 300 मेगावॉट तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बजट सम्मेलन में मौजूद पार्षद। कांग्रेस पार्षद मिमरोट से महापौर बोले- मातृ शक्ति और महिला शक्ति पर आपको बात रखने का अवसर मिलेगा। लेकिन धीर-गंभीर होकर सुनेंगे तो ही समस्याओं का निराकरण होगा।
इंदौर को डिजिटल सिटी बनाने के लिए 60 करोड़
– इंदौर को डिजिटल सिटी बनाने के लिए 60 करोड़ का प्रावधान। 150 चौराहों को फ्री वाई फाई जोन बनाया जाएगा। निगम का स्वयं का डाटा सेंटर विकसित किया जाएगा। जिसमें ई ऑफिस की सुविधाएं उपलब्ध होगी। स्टार्ट अप के लिए 50 लाख का प्रावधान। सिटी बस की समस्या का निराकरण करने वाले स्टार्ट अप को प्राथमिकता दी जाएगी। मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए इंदौर नगर निगम भी मिलेट्स कैफे का निर्माण करेगा। बजट में 6 मॉडल स्कूल के निर्माण का प्रावधान किया गया है।
बजट में शामिल होने महापौर, एमआईसी सदस्य और सभी पार्षद सिटी बस में बैठकर ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। सभी ने राजबाड़ा पर मां अहिल्या की प्रतिमा पर पुष्प भी अर्पित किए।
बजट भाषण के दौरान की प्रमुख बातें
कांग्रेस की महिला पार्षद सोनाली मिमरोट ने बजट भाषण के दौरान आपत्ति ली और महापौर को संबोधन रोकना पड़ा। इस पर भाजपा पार्षदों ने कहा कि यह महापौर का और सदन का अपमान है। शेम..शेम के नारे लगाए गए। पार्षद सोनाली मिमरोट को अयोग्य घोषित करने की मांग भाजपा पार्षदों की ओर से की गई। सभापति ने भी कांग्रेस पार्षद मिमरोट को शांत रहने की नसीहत दी।
सुबह 11.41 बजे : महापौर का संबोधन शुरू हुआ। महापौर ने शरद पवार को श्रद्धांजलि दे दी थी । त्रुटि सुधार कर शरद पवार की जगह शरद यादव किया।
सुबह 11.40 बजे : पार्षद रूबीना इकबाल खान ने प्रश्नकाल की मांग की। उन्होंने पूछा उसे क्यों हटाया? प्रश्नकाल कल करोगे क्या? इस दौरान महापौर ने किसी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अनधिकृत लोगों को सदन से बाहर करें। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
सुबह 11.39 बजे : बैठक फिर से शुरू, महापौर ने सदन में वर्ष 2023 और 24 का बजट प्रस्तुत करने के लिए सभापति ने बुलाया।
सुबह 11.35 बजे : सम्मेलन पांच मिनट के लिए स्थगित किया गया।
सुबह 11.25 बजे : कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला भी सदन में पहुंचे। वे महापौर का चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। वे विधायक के नाते पहुंचे।
सुबह 11.15 बजे : सम्मेलन शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष चौकसे ने नगर निगम और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने बोला है… जब-जब तक दुनिया में आतंक का बोलबाला होगा। भगवान स्वयं अवतार लेंगे और अन्याय, अत्याचार को खत्म करेंगे। मधुमिलन चौराहे पर ठेकेदार और नगर निगम की गलती के कारण एक मजदूर चला गया। इन मृत आत्माओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तब होगी जब ये सदन उन सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई निर्धारित करेगा।
सुबह 11 बजे : सभी ने वंदे मातरम गान गाकर सम्मेलन की शुरुआत की। महापौर और सभापति ने देश और इंदौर की दिवंगत हस्तियों को सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित दी।
महापौर बोले- ये बजट इंदौर के विकास की तेज रफ्तार का बजट
ये बजट भारत के सबसे स्वच्छ शहर का बजट है, जो प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के मिशन का बजट है। ये बजट इंदौर के विकास की तेज रफ्तार का बजट है। ये इंदौर की सोलर सिटी का, डिजिटल सिटी का बजट है। जनता के विकास के लिए जो सुविधाएं इस बजट में हैं, वो आने वाला इंदौर 2050 की गाथा को लिखेगा। 2050 तक पानी की सुविधा, ट्रैफिक के मैनेजमेंट की सुविधा है। इसमें जो प्रमुख नवाचार हैं, वो मां नर्मदा का चौथा चरण इंदौर में लाने का है। इंदौर की 400 कॉलोनियों के बिजली का बिल जो स्ट्रीट लाइट में लगता है, उसका वित्तीय भार नगर निगम लेगा। युवाओं के लिए शहर के सभी जोन में पब्लिक लाइब्रेरी और कॅरियर काउंसलिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
महापौर ने कहा- विधर्मियों को ठीक रखने के लिए मोदीजी का जन्म हुआ
इंदौर महापौर भार्गव ने कहा कि भारत में जब-जब धर्म की हानि हुई है, तब धर्म की स्थापना के लिए भगवान ने जन्म लिया है। यह जो अमृतकाल है, उसे अमृतकाल बनाने के लिए और विधर्मियों को ठीक रखने के लिए इस देश में मां हीराबेन ने नरेंद्र मोदी का जन्म दिया था। हम प्रधानमंत्री मोदी के विजन को मिशन मानकर आगे बढ़ रहे हैं और बजट पेश कर रहा हूं।
नेता प्रतिपक्ष बोले- सारी घोषणाएं सिर्फ हवा-हवाई
नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा- ये बजट कहीं ना कहीं वास्तविकता से बहुत परे है। सारी घोषणाएं सिर्फ हवा-हवाई हैं। कहां है जीरों टॉलरेंस। आपके नेताओं ने पूरे शहर को बदरंग कर रखा है। इतने बड़े बजट की बात कर रहे हैं, 1200-1300 करोड़ रुपए टोटल आपकी आय है। केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार से, जनता से मिलने वाले टैक्स की रकम से यह पैसा आता है। उतना ही खर्च है नगर निगम के कर्मचिरयों की सैलरी और बाकी मदों का। तो यह 7500 करोड़ का बजट है, इसे कैसे इम्प्लीमेंट करेंगे। कैसे काम होगा। पिछले समय में जो टेंडर हो चुके हैं, उनको शुरू करने की कोई रूपरेखा नहीं बनी है, ठेकेदारों को पैसे मिल नहीं रहे हैं। नगर निगम कंगाल स्थिति में है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में धन का अपव्यय हो रहा है। पार्षद जब अपने वार्ड में काम कराने के लिए राशि मांगता है तो उससे मोलभाव किया जाता है। कल हम पूरे बजट पर विस्तृत चर्चा भी करेंगे। हम इस बजट का पुरजोर तरीके से विरोध करते हैं।

