Site icon अग्नि आलोक

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का संदेश:सभी परिवार ओलिंपिक में बेटियों की कामयाबी से सीख लें

Share

नई दिल्ली

देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस से पहले शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश को संबोधित किया। सबसे पहले उन्होंने देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कहा कि यह दिन हम सभी के लिए बहुत हर्ष और उल्लास का दिन है। इस साल के स्वाधीनता दिवस का खास महत्व है, क्योंकि इसी साल से हम सब अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।

कई पीढ़ियों के ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से हमारी आजादी का सपना साकार हुआ था। उन सभी ने त्याग और बलिदान के अनूठे उदाहरण पेश किए। मैं उन सभी अमर सेनानियों की पावन स्मृति को नमन करता हूं। राष्ट्रपति ने इस दौरान टोक्यो ओलिंपिक की कामयाबी, कोरोना से उपजे संकट, किसान और वैक्सीनेशन अभियान पर बात की। पढ़िए राष्ट्रपति ने किस मुद्दे पर क्या कहा….

ओलिंपिक की कामयाबी पर
हाल ही में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने अपनी भागीदारी के 121 साल में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का इतिहास रचा है। हमारी बेटियों ने कई रुकावटों को पार करते हुए खेल के मैदानों में विश्व स्तर की उत्कृष्टता हासिल की है। एजुकेशन से लेकर सेना, प्रयोगशालाओं से लेकर खेल के मैदानों तक हमारी बेटियां अपनी अलग पहचान बना रही हैं। बेटियों की इस कामयाबी में मुझे भविष्य के विकसित भारत की झलक दिखाई देती है। मैं हर माता-पिता से गुजारिश करता हूं कि वे ऐसी होनहार बेटियों के परिवारों से शिक्षा लें और अपनी बेटियों को भी आगे बढ़ने के मौके दें।

कोरोना से बने हालात पर
महामारी की तीव्रता में कमी आई है, लेकिन इसका प्रभाव अभी खत्म नहीं हुआ है। इस साल आई महामारी की दूसरी लहर के विनाशकारी प्रभाव से हम अब तक उबर नहीं पाए हैं। पिछले साल सभी लोगों की कोशिशों से हम संक्रमण के प्रसार पर काबू पाने में सफल रहे थे। साल की शुरुआत में हम सब विश्वास से भरे थे, क्योंकि हमने इतिहास का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया था। फिर भी कोरोना-वायरस के नए रूपों से हमें दूसरी लहर का भयावह प्रकोप झेलना पड़ा। यह संकट का समय था। मैं सभी पीड़ित परिवारों के दुख में बराबर का भागीदार हूं।

वैक्सीनेशन अभियान पर
हर तरह के जोखिम उठाते हुए हमारे डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्यकर्मियों और दूसरे कोरोना वॉरियर्स की कोशिशों से कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पाया जा रहा है। कोविड की दूसरी लहर से हमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे पर बहुत दबाव पड़ा है। अब तक के अनुभव से यही सीख मिली है कि अभी हमें लगातार सावधानी बरतने की जरूरत है। हमारे देश में चल रहे विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 50 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को वैक्सीन लग चुकी है। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि वे जल्दी से जल्दी वैक्सीन लगवा लें।

राष्ट्रपति के संबोधन की खास बातें…

ओलिंपिक पदक विजेताओं से कहा- आपकी उपलब्धि पर देश को गर्व
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के कल्चरल सेंटर में टोक्यो ओलंपिक-2020 के पदक विजेताओं से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने कहा कि टोक्यो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए मैं सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूं। आपकी टीम ने ओलिंपिक के इतिहास में सबसे ज्यादा पदक जीते। पूरा देश इस उपलब्धि पर गर्व कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं सभी कोच, सहयोगी स्टाफ, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों की ओर से निभाई गई भूमिका की सराहना करता हूं, जिन्होंने आपकी तैयारी में योगदान दिया। मेरी इच्छा है कि आप सभी भविष्य में नए कीर्तिमान बनाएं। कई साल के बाद जब हमारा तिरंगा फहराया गया और हमारा राष्ट्रगान बजाया गया, उस समय सभी देशवासियों की भावनाएं गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा से जुड़ी थीं। आपकी (एथलीटों) उपलब्धियों ने युवाओं को खेल के लिए प्रेरित किया है।

Exit mobile version