Site icon अग्नि आलोक

प्रियंका गांधी ने किसानों की कर्ज माफी पर राजस्थान का नहीं, सिर्फ छत्तीसगढ़ का उल्लेख किया

Share

एस पी मित्तल ,अजमेर

पांच राज्यों के चुनावों के मद्देनजर 12 फरवरी को रात 8 बजे एबीपी न्यूज चैनल पर प्रसारित घोषणा पत्र के कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हुई। चैनल का दावा है कि प्रियंका गांधी पहली बार किसी न्यूज़ चैनल के स्टूडियो के प्रोग्राम में शामिल हुई है। प्रोग्राम में प्रियंका गांधी ने तीखे सवालों का भी सहजता के साथ जवाब दिया। एक सवाल रहा, आपने उत्तर प्रदेश के संदर्भ में जो घोषणा पत्र जारी किया है, उसके वायदे पूरे होने की क्या गारंटी है? इस पर प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है। हमने छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में किसानों का कर्जा माफ करने का वादा किया था। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के तीन घंटे बाद ही छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्जा माफ कर दिया। मालूम हो कि वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ के साथ ही राजस्थान में भी विधानसभा के चुनाव हुए थे। कांग्रेस ने यहां भी कर्ज माफी का वायदा किया था, लेकिन 12 फरवरी को प्रियंका गांधी ने किसानों की कर्ज माफी पर राजस्थान का उल्लेख नहीं किया।

राजनीतिक क्षेत्रों में चर्चा है कि प्रियंका गांधी ने किसानों की कर्ज माफी का श्रेय अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार को क्यों नहीं दिया? क्या राजस्थान में हुई कर्ज माफी को प्रियंका गांधी सही नहीं मानती हैं? प्रियंका गांधी ने राजस्थान का उल्लेख क्यों नहीं किया, यह तो वे ही जाने लेकिन यह सच है कि राजस्थान में कमर्शियल बैंकों से लिया किसानों का कर्ज अभी तक भी माफ नहीं हुआ है। यहां तक कमर्शियल बैंकें किसानों की खेती की भूमि की नीलामी तक कर रही हैं। कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। राजस्थान में गहलोत सरकार ने सिर्फ दो सहकारी बैंकों से लिया दो लाख रुपए तक का ही कर्ज माफ किया है। यदि किसी किसान का कर्ज दो लाख 5 हजार रुपए का है तो उसे कर्ज माफी का लाभ नहीं मिला है। ऐसे किसान के कर्ज पर आज भी ब्याज लग रहा है, जबकि कमर्शियल बैंकों के लिए कर्ज में से एक रुपया भी माफ नहीं हुआ है। यहां यह भी खासतौर से उल्लेखनीय है कि चुनाव में कांग्रेस की ओर से संपूर्ण कर्ज माफी की घोषणा की गई थी, लेकिन सरकार बनने के बाद सिर्फ दो लाख रुपए तक का ही कर्ज माफ हुआ, वह भी सिर्फ दो सहकारी बैंकों का। राजस्थान में किसानों की कर्ज माफी लगातार विवादों में रही है, शायद इसीलिए 12 फरवरी को अपने इंटरव्यू में प्रियंका गांधी ने राजस्थान का उल्लेख नहीं किया। सीएम अशोक गहलोत कई बार कह चुके हैं कि उनकी सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार नहीं होता, इसलिए आम जनता तक संदेश नहीं जा पाता है। अशोक गहलोत का कथन सही है, क्योंकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी राजस्थान सरकार की उपलब्धियां नहीं गिना रहे हैं। प्रियंका अपनी पार्टी की छत्तीसगढ़ सरकार की तो उपलब्धि गिनाने है, लेकिन राजस्थान की नहीं, जबकि राजस्थान तो चुनाव वाले राज्य उत्तर प्रदेश और पंजाब की सीमा से लगा हुआ है। यहां एक खास बात यह भी उल्लेखनीय है कि पांच राज्यों में कांग्रेस किसान कर्जमाफी की जो घोषणा कर रही है, उसमें कही भी दो लाख रुपए तक की माफी का उल्लेख नहीं है। यानी कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ होगा। 

Exit mobile version