इंदौर
दुधारू पशुओं का दूध बढ़ाने के लिए कुछ दवा विक्रेता अवैध तरीके से प्रतिबंधित दवाएं बेच रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने पर खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने अपनी निगरानी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में शनिवार रात को कनाड़िया रोड पर बिचौली हप्सी में एक व्यक्ति के पास से प्रतिबंधित दवा ऑक्सीटोसिन के 500 इंजेक्शन जब्त किए गए। महेश शर्मा नाम का व्यक्ति यह इंजेक्शन कहीं से ला रहा था और इनकी सप्लाई करने वाला था।एफडीए की ओर से ड्रग इंस्पेक्टरों और कनाड़िया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर ने बताया कि प्रकरण में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से कस्टडी आर्डर लेकर आगे की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही इस दवाई के नमूने जांच के लिए केंद्रीय दवा प्रयोगशाला को कोलकाता भेजे जाएंगे। केंद्रीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने पर न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। बताया जाता है कि महेश बाइक पर रखकर उज्जैन से यह इंजेक्शन ला रहा था।
इंजेक्शन की शीशियों पर एल्युमिनियम की कैप लगी हुई है और इस पर कोई लेबल भी नहीं है। शर्मा खुद को आगर मालवा के किसी गांव का निवासी बता रहा है। एफडीए की टीम ने माल जब्त करके अपने कार्यालय में रखा है।

