इंदौर
प्रशासन ने राधास्वामी सत्संग व्यास को भी कोविड केयर सेंटर बनाने का काम शुरू कर दिया। कोविड मरीजों के इलाज के लिए यहां व्यवस्थाओं को जुटाए जाने का काम जोरों पर है। बुधवार को यहां पेशेंट के लिए बेड लगाने का काम शुरू हो गया। खास है कि यहां जो बेड लगाए जा रहे हैं, वे गत्ते के हैं। जरूरत पड़ने पर इन्हें खोलकर अलग किया जा सकता है। या नष्ट भी किया जा सकता है। पहले चरण में यहां 500 बेड लगाए जा रहे हैं। जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 2000 करने का टारगेट है। यहां वे मरीज रहेंगे, जिन्हें किसी कारणवश होम आइसोलेशन में परेशानी आ रही है।
आईडीए सीईओ विवेक श्रोत्रिय को राधास्वामी परिसर में 2 हजार बेड की व्यवस्थाएं जुटाने का काम सौंपा गया है। सीईओ ने बताया मंगलवार से कॉन्ट्रैक्टर को बुलाकर काम शुरू करवा दिया गया है। यहां इतना बड़ा शेड है, एक लाख से ज्यादा लोग बैठते हैं। यहां आसानी से 5 हजार बेड की व्यवस्थाएं की जा सकती हैं। प्रारंभिक तौर पर यहां अभी 2 हजार बेड की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यहां लोगों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर के साथ ही सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
देश के किसी भी शहर में एक ही जगह इतने मरीजों को व्यवस्थाएं देने की यह सबसे बड़ी पहल होगी। इससे सभी मरीजों की एकसाथ देखभाल करने में भी आसानी होगी। यहां की मेडिकल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए विशेषज्ञों की टीम तैनात रहेगी। दूसरी तरफ धार पर बनाए गए दत्तात्रेय कॉलेज कोविड केयर सेंटर में भी व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। वहां 100 मरीजों को ठहरने की व्यवस्था की गई है।
इसलिए पड़ी कोविड केयर सेंटर बनाने की जरूरत
इंदौर में काेराेना का कहर जारी है। लगातार दूसरे दिन 1500 से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। देर रात 1611 नए केस के साथ 6 मरीजों की मौत भी हुई। सबसे बड़ा विस्फोट सुदामा नगर में हुआ। यहां 35 नए संक्रमित मिले हैं। एक्टिव मरीज 9275 हो चुके हैं, जबकि कुल मरीज 82,597 हैं। पॉजिटिव दर 20.7% है। हालात यह हैं कि सभी बड़े अस्पतालों में बेड फुल हो चुके हैं।

