Site icon अग्नि आलोक

राहुल और नड्‌डा हिमाचल के पूर्व CM को श्रद्धांजलि देने पहुंचे, समर्थकों की भीड़ कोरोना गाइडलाइंस भूली

Share

शिमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजीव शुक्ला के अलावा BJP अध्यक्ष जेपी नड्‌डा हिमाचल प्रदेश के पूर्व CM वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने शुक्रवार को शिमला पहुंचे। वीरभद्र का गुरुवार को 87 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में रखा गया था। इस दौरान सैकड़ों लोग भी जुटे। हालांकि, समर्थक कोरोना की गाइडलाइंस और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना भूल गए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।राहुल गांधी और राजीव शुक्ला ने कांग्रेस ऑफिस में वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन किए।

वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को पहले उनके घर फिर रिज मैदान और कांग्रेस ऑफिस में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस दौरान उनके समर्थक कोरोना की गाइडलाइंस और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखना भूल गए।

इससे पहले BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के साथ रिज मैदान में वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। नड्‌डा इसके लिए दिल्ली से हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचे थे। 5 जुलाई को अपने दौरे के वक्त नड्डा ने वीरभद्र सिंह की सेहत के बारे में जानकारी ली थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने शिमला पहुंचे।

6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र
वीरभद्र सिंह कुल 6 बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उनका पिछला कार्यकाल ने 2012 से 2017 तक रहा। 2017 के विधानसभा चुनाव में वे सोलन जिले के अर्की से विधायक चुने गए थे। गुरुवार को सिंह के पार्थिव शरीर को उनके घर होली लॉज में पूरे दिन अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। शुक्रवार को सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक उनका पार्थिव शरीर रिज मैदान फिर 11.40 से 1 बजे तक कांग्रेस ऑफिस में रखा गया।

जेपी नड्‌डा ने वीरभद्र सिंह के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

शनिवार को अंतिम संस्कार
शनिवार को दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार से पहले सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक पार्थिव शरीर को पदम पैलेस में रखा जाएगा। सोनिया गांधी की ओर से कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उनके अंतिम संस्कार में शामिल होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल शामिल होंगे।

1983 में पहली बार CM बने, केंद्रीय मंत्री भी रहे
वीरभद्र सिंह ने 1983 से 1985 तक पहली बार, 1985 से 1990 तक दूसरी बार, 1993 से 1998 तक तीसरी बार, 1998 में कुछ दिन के लिए चौथी बार, 2003 से 2007 तक 5वीं बार और 2012 से 2017 तक छठी बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

वे UPA सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री भी रहे। उनके पास सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय भी रहा। इससे पहले वे इंदिरा गांधी की सरकार में दिसंबर 1976 से 1977 तक केंद्रीय पर्यटन और विमानन राज्य मंत्री रहे। वे 1982 से 1983 तक केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री रहे।

Exit mobile version