अग्नि आलोक

इंदौर में राजा के परिवार ने आज होलिका दहन में सोनम की फेरे वाली साड़ी जलाने का फैसला किया

Share

इंदौर: होली के पावन अवसर पर आज होलिका दहन के समय राजा के परिवार ने एक अनोखा और भावुक फैसला लिया है. सोनम की फेरे वाली साड़ी को परिवार आज की रस्म में जलाने जा रहा है. राजा का पूरा परिवार सोनम की साड़ी जलाकर बुराई का अंत करने की तैयारी में है. राजा की मां ने कहा, “बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है होलिका दहन. सोनम तो जेल में है, उसे नहीं जला सकते, लेकिन उसकी साड़ी और उसकी यादों को आज जलाकर हम बुराई का अंत करेंगे.”

पिछले साल सोनम ने राजा को फोन लगाकर अपने घर बुलाया था. “रंग लगाने के लिए आओ,” कहकर उसने राजा को होली खेलने का निमंत्रण दिया था. राजा ने सोनम के साथ गुलाल की होली खेली थी. राजा की मां ने उस दिन का वीडियो बनाया था. आज वही वीडियो देखकर मां भावुक हो जाती हैं. उन्होंने रोते हुए कहा, “पिछले साल राजा की होली खेलते हुए मैंने वीडियो बनाई थी और आज उसी वीडियो को देखकर बेटे को याद कर रही हूं.”

अब जीवन में कोई रंग नहीं…
अब राजा इस दुनिया में नहीं रहे. राजा के जाने के बाद परिवार के जीवन में कोई रंग नहीं बचा. न होली, न दीपावली, न कोई त्योहार. मां कहती हैं, “राजा के जाने के बाद हमारे जीवन में अब कोई भी रंग नहीं बचा, इसलिए न होली, न दीपावली, अब कुछ नहीं.”

ये था मामला…
बता दें कि इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की कहानी मई 2025 से शुरू होती है. जब वह अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गए थे. इसी दौरान राजा की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. मामले में कुल पांच आरोपी बनाए गए राजा की पत्नी सोनम, उसका परिचित राज कुशवाहा और तीन हमलावर विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी. पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी मेघालय पहुंचे थे. हालांकि, सभी आरोपी अभी जेल में हैं. अदालत में केस चल रहा है.

Exit mobile version