राजस्थान विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के चार दिन बीत जाने के बाद भी भाजपा राजस्थान के मुख्यमंत्री को लेकर फैसला नहीं कर पाई है। सीएम चेहरे को लेकर हो रही देरी के कारण प्रदेश का सियासी माहौल लगातार बदल रहा है।इधर, संसद भवन में बाबा बालकनाथ गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक कर रहे हैं। बालकनाथ भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की रेस में हैं। इस कारण से इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
बाड़ेबंदी की कोशिश हुई
सीएम चेहरे को लेकर मची सियासी हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे पर गंभीर आरोप लगे हैं। कहा जा रहा है कि राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह ने कुछ विधायकों की बाड़ाबंदी करने की कोशिश की। जानकारी लगने पर पार्टी के नेताओं को एक विधायक को वहां से निकलने के लिए जाना पड़ा।
मंगलवार रात की घटना
यह घटनाक्रम मंगलवार देर रात का बताया जा रहा है। सीकर रोड पर मौजूद एक होटल में कोटा संभाग के 5-6 विधायक ठहरे थे। इनमें किशनगंज विधायक ललित मीणा भी शामिल थे। साथी विधायकों की बातें और हाव-भाव देखकर ललित को शक हुआ कि पार्टी के किसी बड़े नेता के इशारे पर लॉबिंग की जा रही है। क्योंकि, वे कोटपूतली से आगे किसी होटल में जाने की बात कर रहे थे। ललित मीणा को लगा कि उन्हें जबरन बाड़ेबंदी में ले जाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच ललित मीणा की अपने पिता और पूर्व विधायक हेमराज मीणा से कॉल पर बात हुई तो उन्होंने पूरा घटनाक्रम बताया दिया। इसके बाद हेमराज मीणा कुछ लोगों के साथ होटल पहुंचे और ललित मीणा को वहां से लेकर आए।
विधायक के पिता हेमराज मीणा ने क्या कहा
गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे हेमराज मीणा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका बेटा ललित मीणा परिणाम घोषित होने के बाद नेताओं से मिलने जयपुर आया था। कोटा संभाग के नेताओं के ठहरने की व्यवस्था वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह ने होटल में की थी। हेमराज मीणा ने बताया कि मैं ललित से कहा था कि नेताओं से मिलकर पार्टी कार्यालय पहुंच जाना और वहां से जयपुर में स्थित अपने घर चले जाना। लेकिन, उसके घर नहीं पहुंचने पर मैंने कॉल कर उससे जानकारी ली तो उसने बताया कि मैं इस होटल में हूं, यहां से यह लोग मुझे जाने नही दे रहे हैं।
हेमराज ने कहा- यह बात सुनकर मैं बारां से जयपुर आया और कुछ लोगों के साथ होटल पहुंचा। यहां विधायक कवर लाल ने कहा कि दुष्यंत सिंह के कहने पर ललित को रोका गया है। अगर, लेकर जाना है तो दुष्यंत सिंह से बात कर लो। कॉल पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। ऐसे में जब हम ललित को लेकर जाने लगे बहस शुरू हो गई। हालांकि, बाद में वे ललित को लेकर आ गए।
हेमराज मीना ने यह भी दावा किया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और पार्टी के कई नेता भी वहां मौजूद थे। हालांकि, सीपी जोशी ने बाड़ेबंदी की खबरों को गलत बताया है। उन्होंने कहा- इस तरह की कोई बात नहीं है। सब विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में देव दर्शन और जनता से मुलाकात कर रहे हैं। जल्द ही विधायक दल की बैठक होगी और आगे के कार्यक्रम होंगे।
राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन होगा इस सवाल का जवाब अब तक प्रदेश की जनता को नहीं मिला है। भाजपा आलाकमान सीएम चेहरे पर सहमति की मोहर नहीं लगा पा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे कल रात से दिल्ली में हैं। शांम पांच बजे राजे नड्डा से मुलाकात करेंगी।
राजे राजस्थान में विधायकों से मुलाकात कर लगातार शक्ति प्रदर्शन कर रहीं थी। वहीं, अब विधायकों की बाड़ेबंदी करने जैसी खबरें भी सामने आ रही हैं। कहा जा रहा है राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत ने विधायकों की बाड़ेबंदी करने की कोशिश की है। इससे राजस्थान की राजनीति एक बार फिर गरमा गई हैं।

