इंदौर वर्षों से शहर की सड़कों और गलियों को इंद्रधनुषी रंगों से सराबोर करने वाला रंगपंचमी का पर्व शुक्रवार को शांतिपूर्वक मनाया जा रहा है। सुबह से सड़कों पर लोगों की आवाजाही तो जारी रही, लेकिन किसी के भी हाथ में रंग-गुलाल नजर नहीं आया। हां बच्चे जरूर पिचकारी लेकर एक-दूसरे पर रंग डालते रहे। सुबह इंदौर के फेमस पोहे-जलेबी का स्वाद भी लोगों ने लिया। गाड़ी में पेट्रोल भी डलवाया। यानी चाय नाश्ते के साथ कुछ अन्य दुकानें भी सुबह खुली रहीं। पुलिस भी चौराहों पर तैनात रहकर हर आने-जाने वाले को टोकती रही। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण जिला प्रशासन की गाइडलाइन के चलते लगातार दूसरे साल भी परंपरागत गेर नहीं निकाली जा रही है।
शुक्रवार को रंगपंचमी सामाजिक समरसता, गुड फ्राइडे त्याग एवं बलिदान और जुमा दीन-इमान पर कायम रहने का संदेश एक ही दिन दस्तक दे रहे हैं। रंगपंचमी को लेकर आम नागरिकों एवं गेर के आयोजकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। परंपरागत रूप से 8 से 10 छोटी-बड़ी गेर निकलती रही हैं। इनका मिलन केंद्र राजबाड़ा रहता था। इस बार प्रतिबंध के चलते वैसा नजारा तो नहीं दिखाई दे रहा है, लेकिन गली, मोहल्ले व कॉलोनियाें के रहवासी जरूर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि यह भी बहुत सीमित ही है।
एबी रोड पर पुलिस हर आने-जाने वाले से पूछताछ करती रही।
देवास नाका से लेकर राजबाड़ा तक पसरा रहा सन्नाटा
सुबह देवास नाका से लेकर राजबाड़ा तक सन्नाटा पसरा रहा। हर चौराहे पर पुलिस आने-जाने वालों को रोकती-टोकती रही। जिन्होंने मास्क नहीं लगाया उन पर हल्की सख्ती भी की। हालांकि चौराहे और गलियों पर चाय-नाश्ते की दुकानों पर लाेगों की आवाजाही देखी गई। शहरभर में पेट्रोल पंप खुले होने से लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। आवाजाही के बीच किसी के पास भी रंग-गुलाल जैसा कुछ नजर नहीं आया। पुलिस भी सभी आने-जाने वालों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की सीख देती रही। सड़क किनारे दूधवाले तो इक्का-दुक्का पिचकारी की दुकानें भी सजी दिखीं। हालांकि ज्यादातर दुकानें बंद ही नजर आईं।
पेट्रोल पंप भी खुले रहे।
परंपरागत मिलन और सम्मान समारोह स्थगित
रंगपंचमी पर आयोजित होने वाले सामाजिक सम्मेलन, समारोह, स्नेह भोज, सम्मान समारोह सहित अन्य सभी तरह के आयोजनों पर इस बार रोक लग गई है। अग्रवाल समाज का 2 अप्रैल को प्रस्तावित मिलन समारोह स्थगित कर दिया। अध्यक्ष गोविंद सिंघल के अनुसार जब भी अनुकूल माहौल होगा, कार्यक्रम आयोजित करेंगे। नागर चितौड़ा वैश्य महाजन समाज अध्यक्ष राजेंद्र महाजन ने बताया समाज का प्रतिभा सम्मान एवं मिलन समारोह इस बार नहीं होगा। खंडेलवाल समाज अध्यक्ष राजू खंडेलवाल ने बताया समाज का पारंपरिक स्नेह मिलन समारोह आयोजित नहीं होगा। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास का मिलन एवं सम्मान समारोह भी नहीं होगा।
रंगपंचमी पर इनाम लेने निकल पड़ा ढोल वाला।

