बिहार के नेता आरसीपी सिंह ने शनिवार को JDU की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने गांव से इस्तीफे का एलान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। जेडीयू ने आय से अधिक संपत्ति के संबंध में सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सिंह ने कहा कि मेरी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। सिंह IAS अधिकारी रहे हैं।
कोलकाता के इंडियन म्यूजियम में CISF जवान ने की फायरिंग, 1 की मौत, 1 घायल
कोलकाता के इंडियन म्यूजियम में शनिवार को CISF के जवान ने अपने साथियों पर फायरिंग की। इस घटना में 1 की मौत और एक जवान घायल हो गया है। CISF जवान ने कथित तौर पर AK-47 राइफल से फायरिंग की है। पुलिस ने आरोपी जवान को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। मामले की जांच चल रही है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में आकाशीय बिजली गिरने से 5 की मौत, 3 झुलसे, 23 भेड़ें भी मरीं
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 18 साल की एक युवती भी शामिल है। 3 लोग झुलस गए हैं। इनमें से दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पेड़ के नीचे खड़ीं 23 भेड़ें भी मारी गई हैं।
जज उत्तम आनंद के हत्यारों को उम्र कैद, सीबीआई कोर्ट का फैसला, कोर्ट ने कहा-यह ज्यूडीशियल सिस्टम पर हमला है
धनबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद हत्याकांड मामले में दोनों दोषियों लखन और राहुल वर्मा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी है। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को सजा सुनाते हुए कहा की यह ज्यूडीशियल सिस्टम पर हमला है साथ ही आम जनता से जुड़ा हुआ है। इसलिए दोषियों को यह सजा अपनी अंतिम सांस तक काटनी होगी। साथ ही आरोपियों को 25 हजार रुपए का फाइन भी लगाया है।
पटना के मनेर में नाव पर सिलेंडर ब्लास्ट, 4 लोगों की मौत; खाना बनाने के दौरान हुआ धमाका
पटना के मनेर के रामपुर घाट पर सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नाव पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेप के मामले में बसपा सांसद अतुल राय बरी; वाराणसी में 3 साल पहले दर्ज हुई थी FIR
उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा से बसपा सांसद अतुल राय रेप के 3 साल पुराने मुकदमे से आज बरी हो गए। इस संबंध में वाराणसी की MP-MLA कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सियाराम चौरसिया की अदालत ने आज अपना फैसला सुनाया। सांसद अतुल राय के एडवोकेट अनुज यादव ने बताया- कोर्ट ने हमारे मुवक्किल को बरी कर दिया है।
अतुल के खिलाफ ये मुकदमा 1 मई 2019 को बलिया की रहने वाली पीड़िता ने लंका थाने में दर्ज कराया था। वो वाराणसी के यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा थी। न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए बीते साल अगस्त में रेप पीड़िता और उसके गवाह ने सुप्रीम कोर्ट के सामने खुद को आग लगा कर जान दे दी थी। हालांकि, इस केस में बरी होने पर भी अभी अतुल राय को जेल में ही रहना होगा।
चीन-ताइवान तनाव के बीच होटल में मिली ताइवान के मिसाइल डेवलपमेंट ऑफिसर की लाश
ताइवान डिफेंस मिनिस्ट्री के रिसर्च डिपार्टमेंट के डिप्टी हेड ओ यांग ली-हिंग शनिवार सुबह एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक यांग ली-हिंग की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई। सेंट्रल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ताइवान डिफेंस मिनिस्ट्री के रिसर्च एंड डेवलपमेंट यूनिट के डिप्टी हेड ली-हिंग कई मिसाइल प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे।
महाराष्ट्र में मंत्री और राज्य मंत्रियों के अधिकार सचिवों को सौंपे गए
महाराष्ट्र में नई सरकार आने के 36 दिन बाद भी कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है, जिसके चलते महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार लटकने से अब मंत्री और राज्य मंत्रियों के अधिकार सचिवों को सौंपे गए हैं। महाराष्ट्र में मंत्री ना होने की वजह से कई विभागों के कामों पर असर पड़ रहा है। जिसकी वजह से कई काम अटके पड़े हैं। राज्य के मुख्य सचिव द्वारा इसके आदेश जारी किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मिनी बस खाई में गिरी, हादसे में 8 छात्र घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मसोरा के पास एक मिनी बस फिसल कर खाई में गिर गई। हादसे में 8 छात्रों के घायल होने की खबर है। उन्हें पास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक बस बरमीन गांव से उधमपुर जा रही थी।
फिलिस्तीन पर इजराइली एयरस्ट्राइक; इजराइल के हमले में मारा गया हमास कमांडर तायसीर जबारी
इजरायल और गाजा के उग्रवादी हमास के शासकों ने पिछले 15 साल में चार युद्ध लड़े हैं।
इजराइल ने शुक्रवार को गाजा पट्टी में हवाई हमले किए। इसमें फिलीस्तीनी इस्लामिक जिहाद समूह (PIJ) का सीनियर कमांडर तायसीर अल जबारी मारा गया। इन हमलों में 10 लोग और मारे गए, जबकि 40 घायल हो गए। इजराइली सेना के मुताबिक इस्लामिक जिहाद ग्रुप वेस्ट बैंक नेता बहा अबू अल-अता की गिरफ्तारी के जवाब में हमला करने की धमकी दे रहा था। हमले में मारा गया जबारी अल-अता के बाद कमांडर बना था।
हमले के बाद इजराइली डिफेंस फोर्स ने ट्वीट में बताया है कि सिर्फ 2 घंटे में गाजा से इजराइली की ओर 70 रॉकेट दागे गए। इनमें से 9 रॉकेट गाजा पट्टी के अंदर गिरे।
नेपाल के नुवाकोट में 5.3 तीव्रता वाले भूकंप के झटके
नेपाल के नुवाकोट जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल अर्थक्वेक मॉनिटरिंग एंड रिसर्च सेंटर के मुताबिक सुबह 5:26 बजे भूकंप के झटके आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है। फिलहाल किसी भी तरह से नुकसान की कोई नहीं मिली है।
बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 19,406 नए केस, कर्नाटक के सीएम बोम्मई संक्रमित
दिल्ली में छह महीने बाद कोरोना केस एक दिन में सबसे ज्यादा दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 3 फरवरी को 2,668 मामले आए थे।
देश में पिछले 24 घंटे में 19,406 नए केस आए, जबकि 19,928 संक्रमित ठीक हुए और 34 मरीजों को जान गंवानी पड़ी। नए केस आने के बाद देश में एक्टिव केस 1,34,793 दर्ज किए गए। लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा मामले दिल्ली में दर्ज किए गए। शुक्रवार को राजधानी में 2,419 नए केस मिले, 2 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 2,024 नए पॉजिटिव केस मिले, जबकि 5 मरीजों की मौत हुई।
इधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी शनिवार को होने वाली दिल्ली दौरे को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
काबुल में विस्फोट से 8 की मौत, IS ने ली जिम्मेदारी
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार को एक शिया रिहायशी इलाके में हुए विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक धमाका भीड़-भाड़ वाली जगह पर सब्जी के ठेले में रखे बम से हुआ। IS ने महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया, जो नमाज के लिए मस्जिद में इकट्ठा हुए थे।
स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किला ‘नो काइट फ्लाइंग जोन’ घोषित
पिछले महीने दिल्ली पुलिस आयुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले पैराग्लाइडर, हैंग ग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारे जैसी हवाई वस्तुओं को उड़ाने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को लाल किले के चारों ओर पांच किलोमीटर के दायरे को नो काइट फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ आपराधिक, असामाजिक, भारत विरोधी तत्व पैराग्लाइडर, पैरामोटर जैसे फ्लाइंग प्लेटफार्मों के जरिए आम जनता, गणमान्य व्यक्तियों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में खतरा पैदा कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी शेयर की है। सुरक्षा कारणों के चलते ये आदेश 16 अगस्त तक लागू रहेगा।

