Site icon अग्नि आलोक

रतलाम- धार में लू चली, हीटवेव का रेड अलर्ट,राजस्थान, हरियाणा में पारा 47 डिग्री के पार

Share


भोपाल (। प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापामन रतलाम में दर्ज किया गया। रतलाम के अलावा धार में लू चली। प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। प्रदेश के 17 शहरों में अधिकतम तापमान 43 से लेकर 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया। राजधानी में दिन का तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। उधर, दोपहर के बाद शहर में अलग-अलग स्थानों पर तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा हुई। नए शहर में 0.2 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। मलाजखंड में सात मिलीमीटर वर्षा हुई।राजस्थान और हरियाणा में पारा 47 डिग्री पार कर गया है। हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 47.8 और राजस्थान के पिलानी में 47.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के सीनियर वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि राजस्थान में अगले 5 दिन का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से बढक़र 47 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।

पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक, दोपहर के बाद प्रदेश के अधिकतर शहरों में आंशिक बादलों के आने और कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी भी हो रही है। इसके बाद भी तपिश बरकरार है। विशेषकर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल एवं रीवा संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है।दरअसल मध्य प्रदेश में लगातार द्रोणिका के बने रहने से इस तरह की स्थिति बनी हुई है। हालांकि दोपहर के बाद वर्षा की स्थिति बनने के कारण गर्मी के तीखे तेवर भी बरकरार हैं। इस तरह की स्थिति अभी तीन-चार दिन तक बनी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज गुरुवार को भी बने रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास चक्रवात के रूप में बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी चक्रवात से एक अन्य द्रोणिका दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र होते हुए उत्तरी कर्नाटक तक बनी हुई है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पंजाब और हरियाणा के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होगी। उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट और मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु के कई जिलों में तेज बारिश जारी है, कोयंबटूर के अझियार में पिछले 24 घंटों में 5 इंच बारिश हुई। मौसम विभाग ने गुरुवार को थेनी, तेनकासी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी और विरुधुनगर जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। 23 मई को दक्षिण-पूर्व और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है, जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मछुआरों को तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version