Site icon अग्नि आलोक

वार्ड 15 कैप्सूल मार्ग संजय नगर रीवा के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर

Share

स्थानीय नगरीय प्रशासन अविलंब व्यवस्था बनाए , नहीं तो आंदोलन होगा : अजय खरे 
रीवा 4 अगस्त . शहर के वार्ड नंबर 15 , समान पानी टंकी के पीछे , कैप्सूल मार्ग में नालियों के जल निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने से बरसात होने पर घरों में जलभराव की स्थिति बनी रहती है . इस समस्या के चलते रहवासी लंबे समय से जूझ रहे हैं . नगर निगम के अधिकारियों को बार-बार ध्यान दिलाया जाता है फिर भी पानी निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है . जून के अंतिम सप्ताह में रीवा नगर निगम के अमले के द्वारा यहां पर कच्ची नाली की खुदाई की गई लेकिन सारा मलबा कई दिनों तक सड़क पर पड़ा रहा . शिकायत किए जाने पर उसे हटा लिया गया लेकिन घरेलू और बरसाती पानी निकासी की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है .

लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक पद से सेवानिवृत हुए कैप्सूल मार्ग के रहवासी श्री रामाधार पटेल का कहना है कि यहां पर जलभराव एक गंभीर समस्या है . नालियों का सही बहाव नहीं होने से यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है . सामान्य स्थिति में नालियों का गंदा पानी बजबजाता रहता है और बरसात के समय इस समस्या के चलते भीषण गंदगी के साथ घरों में जलभराव की नौबत आ जाती है .  इसके चलते यहां से आने जाने वाले नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है . जब कभी पानी गिरता है तो भारी कीचड़ और जलभराव के चलते लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है. समाजवादी जन परिषद के नेता अजय खरे ने बताया कि उन्होंने कई बार मौके पर पहुंचकर कैप्सूल मार्ग के नागरिकों से सीधी बातचीत करके उनकी परेशानियों को जनहित में उठाया है लेकिन शासन प्रशासन के द्वारा अभी तक समस्या का निराकरण नहीं कराया गया है . श्री खरे ने कहा कि वार्ड नंबर 15 कैप्सूल मार्ग में पानी गिरने से यहां की स्थिति बहुत बिगड़ जाती है . नगर पालिक निगम रीवा के द्वारा बरसात के मौसम में नाली का काम अधूरा छोड़ रखा है . कैप्सूल मार्ग की जल निकासी की समस्या का समाधान न होने से नागरिक जीवन नारकीय बन गया है .रहने वालों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग न होने से उन्हें कीचड़ वाले रास्ते से ही निकलना पड़ता है . श्री खरे ने बताया कि दिनांक 6 एवं 7 जून 2019 को नगर पालिक निगम रीवा द्वारा जोन क्रमांक चार के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 संजय नगर के निवासियों की समस्या जानने एवं उनके निराकरण हेतु जनसंपर्क अभियान चलाया गया था . इस दौरान प्राप्त आवेदनों के आधार पर साइड प्लान के अनुसार सड़क व नाली निर्माण हेतु 157.97 लाख रुपए के निर्माण कार्य की निविदा आमंत्रित की गई थी जिसका क्रमांक 2019-UAD-58888-1 है . श्री खरे ने कहा कि 2 वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क और नाली निर्माण का कार्य नहीं हो पाया . मोहल्ले में पानी बहने का रास्ता न होने के कारण यहां की नालियां हमेशा भरी रहती हैं और बरसात के समय घरों में जलभराव के हालात बन जाते हैं . श्री खरे ने कहा कि यहां के लोगों ने बहुत दिन इंतजार किया लेकिन शासन प्रशासन ने इसे कमजोरी मानकर समस्या को अनदेखा करने की कोशिश की है . संबंधित समस्या को लेकर काफी आक्रोश है और लोग कभी भी सड़कों पर उतरकर आंदोलित हो सकते हैं .

Exit mobile version