अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को लगभग पांच वर्षों के बाद उनका पासपोर्ट मिल गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत मामले से जुड़े दस्तावेज वापस करने की इजाजत देते हुए उनके पक्ष में फैसला सुनाया। सुशांत सिंह राजपूत के निधन मामले की जांच के चलते उनका पासपोर्ट जमा कर लिया गया था। पासपोर्ट मिलने पर अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखी है।
रिया चक्रवर्ती ने पासपोर्ट को लेकर लिखी पोस्ट
इंस्टाग्राम पर रिया चक्रवर्ती ने अपने कठिन वक्त और ‘अनगिनत संघर्षों’ को याद करते हुए कहा कि इस दौरान ‘धैर्य’ ही उनका एकमात्र पासपोर्ट था। अपने संदेश के साथ, उन्होंने यह भी बताया कि कैसे वह एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं। उन्होंने लिखा ‘पिछले पांच वर्षों से धैर्य ही मेरा एकमात्र पासपोर्ट था। अनगिनत संघर्ष। अनंत आशा। आज, मेरे हाथ में फिर से मेरा पासपोर्ट है। अध्याय 2 के लिए तैयार!’
पासपोर्ट जमा करने पर मिली थी जमानत
जून 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती सुर्खियों में थीं। उनके और सुशांत के बीच अफेयर की खबरें थीं। 8 सितंबर, 2020 को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने उन्हें सुशांत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में हिरासत में ले लिया था। हालांकि, उन्हें एनसीबी के पास अपना पासपोर्ट जमा करने की शर्त पर जमानत मिल गई थी।
रिया का काम
ख्याल रहे कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को अपने बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।
फिल्मों की बात करें तो, रिया आखिरी बार रूमी जाफरी की फिल्म ‘चेहरे’ में नजर आई थीं। इसमें उन्होंने अमिताभ बच्चन, इमरान हाशमी और अन्नू कपूर जैसे कलाकारों के साथ काम किया था।

