Site icon अग्नि आलोक

*RJD बदल रही प्रदेश अध्यक्ष, जगदानंद सिंह की जगह लेंगे मंगनी लाल*

Share

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रदेश अध्यक्ष बदलने जा रही है। आरजेडी के नए प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल होंगे, वे जगदानंद सिंह की जगह लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार लालू एवं तेजस्वी ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। शनिवार को वे प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। 19 जून को चुनाव होगा, उसी दिन नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे। आरजेडी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों से दूर हैं।

आरजेडी के अंदर संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे के अनुमोदन के बाद बिहार सहित अन्य राज्यों के निर्वाचन पदाधिकारियों ने पार्टी के सभी राज्य कार्यालयों में राज्य परिषद की सूची प्रकाशित कर दी है। 14 जून को बिहार समेत अन्य राज्यों के आरजेडी कार्यालयों में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया होगी।

19 जून को घोषित होगा परिणाम
आगामी गुरुवार (19 जून) को पटना के ज्ञान भवन में प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी तनवीर हसन की अध्यक्षता में राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। उसी दिन परिणाम की घोषणा भी कर दी जाएगी। यानी कि अगले सप्ताह आरजेडी को बिहार में नया अध्यक्ष मिल जाएगा।

जगदानंद आउट, मंगनी लाल इन
जगदानंद सिंह को आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की अटकलें लंबे समय से चल रही थीं। वे राजपूत समाज से आते हैं और आरजेडी का प्रमुख सवर्ण चेहरा हैं। हालांकि, बीते कुछ महीनों से वे पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं। आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। इसके अलावा, पार्टी कार्यालय में भी उनकी उपस्थिति कई महीनों से नहीं दर्ज हुई।

अब उनकी जगह मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा रहा है। मंगनी लाल अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं। वे बिहार सरकार में मंत्री रहे। इसके अलावा लोकसभा और राज्यसभा से सांसद भी रह चुके हैं। बीच में मंगनीलाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू में चले गए थे, इसी साल वे वापस आरजेडी में लौटे।

Exit mobile version