पाकिस्तान के पंजाब से बस और वैन की टक्कर में 15 की मौत; वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर
पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा के यमुनानगर में खनन माफिया की गतिविधियों पर सवाल उठे हैं, जहां एनजीटी में दाखिल रिपोर्ट में अवैध खनन की पुष्टि हुई है। एक तरफ आर्थिक मोर्चे पर भारत के क्यूएसआर सेक्टर में बड़ा विलय सामने आया है, जिसमें सफायर और देवयानी के एकीकरण को मंजूरी मिलने के बाद केएफसी और पिज्जा हट का कारोबार एक ही छत के नीचे आ गया है। वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइवान ने चीन को कड़ा संदेश देते हुए राष्ट्रपति चिंग के नेतृत्व में विस्तारवादी नीतियों का विरोध करने और देश की संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया है।
पहाड़ों से मैदान तक कंपकंपाती ठंड
नए साल की पहली सुबह मौसम ने तीखे तेवर दिखाए। पहाड़ी इलाकों से लेकर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों तक कड़कड़ाती ठंड रही और घने कोहरे के कारण भी जनजीवन बाधित रहा। कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे को लेकर ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर और आसपास के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश और जमकर बर्फबारी से ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है।
मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, कई स्थानों पर सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सामान्य गतिविधियां तक प्रभावित हो रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहले उत्तर पाकिस्तान और आसपास के अफगानिस्तान के हिस्सों में मौजूद था, जो अब पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गया है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश व बर्फबारी दर्ज की जा रही है।
हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इससे पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय और शक्तिशाली बना हुआ है। पूर्वानुमान के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 और 3 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, बिहार, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक कोहरे और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बहुत घने कोहरा की आशंका के चलते ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया।
डलहौजी में मौसम की पहली बर्फबारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि देश में खासकर मध्य और पूर्वी भारत में सामान्य से अधिक दिन शीतलहर चलेगी। विदर्भ व मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों के अलावा मध्य प्रदेश, पूर्वी यूपी और बिहार के कुछ हिस्सों में जनवरी में एक से तीन अतिरिक्त शीतलहर वाले दिन हो सकते हैं। जनवरी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं।
महापात्रा ने कहा, इस वर्ष उत्तर-पश्चिम व उत्तर-पूर्व को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ऊंचाई वाले इलाकों में साल के पहले दिन बर्फबारी हुई। वहीं, हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी हुई है। डलहौजी में मौसम की पहला हिमपात हुआ।
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब व हरियाणा में बूंदाबांदी
दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। पंजाब, हरियाणा व पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। मुंबई में नव वर्ष का जश्न लोगों ने बारिश की फुहारों के बीच मनाया। राजस्थान, तमिलनाडु में भी बारिश हुई है। दिल्ली में 5 जनवरी तक शीतलहर रहेगी। 6 जनवरी तक घना कोहरा छाने का अनुमान है। शीतलहर तब होती है, जब न्यूनतम तापमान सामान्य औसत तापमान से 4.5-6.5 डिग्री नीचे गिर जाता है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है।
पंजाब में पारा सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे, 10 जिलों में शीतलहर
पंजाब में बृहस्पतिवार को इस सीजन की पहली बारिश हुई और अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों में लुधियाना में 3.6 एमएम, पटियाला में 2.2 एमएम और गुरदासपुर में 6.5 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को बेहद घना कोहरा और शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अमृतसर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर घने कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द या देरी का शिकार रहीं। बुधवार रात दुबई, शिमला और पुणे की उड़ानों को रद्द करना पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट की उड़ानों में भी कई घंटे की देरी हुई। वहीं, अमृतसर से दिल्ली, निजामुद्दीन, सफदरजंग और मुंबई के लिए चलने वाली लगभग 15 रेलगाड़ियां देर से रवाना हुईं।
हिमाचल में बर्फबारी और बारिश
हिमाचल प्रदेश में नया साल बारिश-बर्फबारी की सौगात लेकर आया है। डलहौजी, शिकारी देवी, कमरुनाग, त्रियुंड और हिमानी चामुंडा में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। राजधानी शिमला, कुफरी और नारकंडा में भी फाहे गिरे। कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, सोलन, ऊना, बिलासपुर और चंबा जिले के कई इलाकों में बारिश हुई। खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार को कांगड़ा में हवाई उड़ानें बाधित रहीं। हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से बृहस्पतिवार को दिन के तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज हुई।
एनसीआर समेत हरियाणा के यमुनानगर में खनन माफिया का खुला खेल
एनसीआर से सटे हरियाणा के यमुनानगर तक अवैध खनन अब कोई छिपी हुई गतिविधि नहीं रह गई है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में पेश अधिग्रहीत सैटेलाइट और ड्रोन तस्वीरें, कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल (सीएजी) की ऑडिट रिपोर्टें और राज्य स्तरीय जांच दस्तावेज यह साबित करते हैं कि रेत, बजरी और पत्थर का अवैध दोहन वर्षों से संगठित नेटवर्क के तहत चल रहा है।
भारत में QSR सेक्टर का बड़ा विलय
देश की बड़ी क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (क्यूएसआर) कंपनियों में शामिल सफायर फूड्स इंडिया लिमिटेड और देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड का आपस में विलय होने जा रहा है। इस विलय के बाद भारत में केएफसी और पिज्जा हट के लिए एक ही, एकीकृत फ्रेंचाइजी बन जाएगी।
चीन को ताइवान की चुनौती
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने चीनी विस्तारवाद को खुली चुनौती देते हुए स्वशासित द्वीप की संप्रभुता की रक्षा करने का दृढ़ संकल्प लिया है। नए साल के संबोधन में राष्ट्रपति लाई ने कहा, चीन की बढ़ती विस्तारवादी महत्वाकांक्षाओं के सामने अंतरराष्ट्रीय समुदाय देख रहा है कि क्या ताइवानी लोगों में खुद की रक्षा करने का संकल्प है। लाई की टिप्पणी चीन के ताइवान के चारों ओर लाइव-फायर सैन्य अभ्यास खत्म करने के कुछ दिनों बाद आई है।
फलस्तीनी झंडे वाला हेलमेट पहनकर मैदान में उतरा कश्मीरी बल्लेबाज
जम्मू-कश्मीर में एक घरेलू लीग मैच के दौरान एक क्रिकेटर के फलस्तीनी झंडे के इस्तेमाल पर विवाद खड़ा हो गया है। कश्मीर का खिलाड़ी फुरकान भट्ट ने हेलमेट पर फलस्तीनी झंडा लगाया था। मामला गर्माने पर बल्लेबाज को टूर्नामेंट आयोजकों व टीम प्रबंधन ने टीम से बाहर निकाल दिया है।
HIV: दिल्ली में एचआईवी के 60 हजार मरीज
राजधानी में एचआईवी एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनी है। दिल्ली स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी और राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में 60 हजार लोग एचआईवी के साथ जी रहे हैं। हर साल औसतन करीब तीन हजार नए एचआईवी संक्रमण सामने आ रहे हैं, जबकि वर्ष 2023 में एक हजार से अधिक लोगों की मौत इसके चलते हो चुकी है।
मोहम्मद यूनुस बोले- जिंदा है सार्क की भावना
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में दक्षिण एशियाई देशों की साझा मौजूदगी को लेकर बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर यह साफ दिखा कि सार्क की भावना आज भी जिंदा है और दुख की घड़ी में पूरा दक्षिण एशिया बांग्लादेश के साथ खड़ा हुआ।
पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक रहा साल 2025
साल 2025 पत्रकारिता के लिए बेहद खतरनाक रहा। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में कुल 128 पत्रकार और मीडिया कर्मियों की हत्या हुई। इनमें से सबसे ज्यादा 74 मौतें पश्चिम एशिया और अरब देशों में दर्ज की गईं। यानी अकेले इसी क्षेत्र में दुनिया के 58% पत्रकार मारे गए
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पंत को मौका देंगे चयनकर्ता?
भारतीय टीम को नए साल पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इसके लिए आने वाले कुछ दिनों में भारतीय टीम का एलान हो सकता है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि चयनकर्ता ऋषभ पंत को इस सीरीज के लिए मौका देते हैं या नहीं। पंत पिछले कुछ समय से अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे हैं और उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है।
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने रचा नया रिकॉर्ड
बॉलीवुड के इतिहास में साल 2025 का नाम जब भी लिया जाएगा, तो एक फिल्म का जिक्र सबसे ऊपर होगा— ‘धुरंधर’। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस एक्शन-स्पाई थ्रिलर ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए, जो अब तक हिंदी सिनेमा में किसी भी फिल्म के नाम नहीं थे। 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने अपने शुरुआती तीन हफ्तों में ही यह साफ कर दिया था कि यह फिल्म लंबी रेस की खिलाड़ी है।
कर्नाटक के हासन जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के हासन जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-69 पर चिक्कारहल्ली के पास हुआ। बताया गया कि पिकअप वाहन का एक टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में शब्बीर, थिम्मन्ना और संजय की मौके पर ही मौत हो गई। घायल व्यक्ति नौशाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और टायर फटना हादसे की वजह मानी जा रही है।
भुवनेश्वर में युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
भुवनेश्वर में 27 दिसंबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बाबुल दास के रूप में हुई है, जो नयापल्ली थाना क्षेत्र का निवासी था। बाबुल पर उसके घर के बाहर बैठे होने के दौरान पांच लोगों ने हमला किया था।
घायल अवस्था में बाबुल को पहले कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए टायर जलाकर यूनिट-8 डीएवी स्कूल से सीआरपी स्क्वायर को जोड़ने वाली सड़क जाम कर दी। पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है।
श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में मनाया गया रप्पाथु उत्सव
तमिलनाडु में श्रीरंगम के श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में रप्पाथु उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर, नामपेरुमल ने मोती की टोपी (मुथु कोंडाई) पहनी और तोते-हरे रंग की रेशमी पोशाक पहनी और हजारों भक्तों को आशीर्वाद दिया।
हर कोई चाहता है कि विजय राज्य का नेतृत्व करें- सेंगोट्टैयन
तमिलनाडु के तिरुपुर में टीवीके नेता सेंगोट्टैयन ने कहा, ‘आज, साल के इस शुभ प्रथम दिन, हमने शिवनमलाई में भगवान मुरुगन के आशीर्वाद से इस कार्यालय का उद्घाटन किया है। 2026 तमिलनाडु के लिए परिवर्तन का वर्ष होगा। युवाओं से लेकर औद्योगिक श्रमिकों तक, हर कोई चाहता है कि हमारे नेता विजय राज्य का नेतृत्व करें। इतिहास रचा जा रहा है, जैसा कि हमने मलेशिया में मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया में देखा। हमें विश्वास है कि वे तमिलनाडु के भावी स्थायी मुख्यमंत्री हैं।’
रबी सत्र के लिए गेहूं की बुवाई पूरी, फसल की स्थिति बेहतर
देश में मौजूदा रबी सत्र के लिए गेहूं की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है और फसल की स्थिति बेहतर नजर आ रही है। कृषि आयुक्त पीके सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया, चालू वर्ष 2025-26 की रबी (शीतकालीन) मौसम में 29 दिसंबर तक 3.23 करोड़ हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई की गई, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 3.28 करोड़ हेक्टेयर था।
कृषि आयुक्त ने बताया, बिहार के कुछ हिस्सों के अलावा देशभर में गेहूं की बुवाई पूरी हो चुकी है। कुल रकबा पिछले साल के स्तर तक पहुंच सकता है। बोए गए 73 फीसदी से अधिक क्षेत्र में जलवायु-प्रतिरोधी और जैव-संरक्षित बीज की बुवाई की गई है, जो मौसम की किसी भी गड़बड़ी का सामना करने में सहायक होंगी। उन्होंने बताया, दलहन और तिलहन की बुवाई भी पूरी हो चुकी है। दक्षिण भारत में धान की बुवाई जनवरी के अंत तक जारी रहेगी। इसके अलावा, चने और सरसों की खेती का रकबा बढ़ा है और अधिकारियों को रबी मौसम में अच्छी फसल की उम्मीद है।
सबरीमला स्वर्ण चोरी: सीएम ने सोनिया से आरोपियों की मुलाकात पर उठाए सवाल
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि सबरीमला मंदिर से सोना चुराने का मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और चोरी का सोना खरीदने वाला व्यक्ति सोनिया गांधी से कैसे मिले। विजयन ने हाल ही में सामने आई एक तस्वीर का हवाला दिया। इसमें सोनिया गांधी के साथ यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश और सांसद एंटो एंटनी के अलावा दोनों आरोपी भी खड़े दिख रहे हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्यमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट की निगरानी में एसआईटी ठीक से जांच कर रही है। विजयन ने कहा कि विपक्ष सवालों से बचने के लिए सीएमओ पर झूठे आरोप लगा रहा है। उन्होंने अडूर प्रकाश से स्पष्टीकरण मांगा कि इतनी सुरक्षा के बीच इन जालसाजों की सोनिया गांधी से मुलाकात किसने और क्यों करवाई।
अमित शाह 4 जनवरी से तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर
गृह मंत्री अमित शाह 4 जनवरी से तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन की राज्यव्यापी राजनीतिक यात्रा तमिलगम थलाई निमिरा तमिलरिन पयम के भव्य समापन समारोह को संबोधित करेंगे। पुदुक्कोट्टई में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। तिरुचिरापल्ली रोड पर स्थित 49 एकड़ भूमि में भव्य मंच तैयार किया जा रहा।
मणिपुर में हथियार और विस्फोटक बरामद
मणिपुर के काकचिंग जिले में सुरक्षाबलों ने हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि ये बरामदगी बुधवार को जिले के वाबगाई नाटेखोंग तुरेनमेई इलाके से की गई। बरामद हथियारों के अलावा 10 ग्रेनेड, चार डेटोनेटर, दो आर्म रिंग, लगभग तीन किलो वजनी एक आईईडी, एक गोला, एक 51 एमएम मोर्टार बम, छह टियर स्मोक शेल (धुंआ फैलाने वाला गोला) और 71 कारतूस भी जब्त किए गए। एक अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान एक ड्रोन और उससे जुड़े उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बल जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।
केरल: ड्रग्स तस्करी में डॉक्टर समेत 7 गिरफ्तार
केरल की राजधानी पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में डॉक्टर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो महिलाएं, आईटी पेशेवर और बीडीएस का एक छात्र भी शामिल है। पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के कनियापुरम के थोप्पिल इलाके में किराए के मकान में छापा मारा और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि यह गिरोह बंगलूरू से एमडीएमए और दूसरी सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी कर उन्हें मेडिकल पेशेवरों और छात्रों को सप्लाई करता था। इनके पास से चार ग्राम एमडीएमए, 100 ग्राम गांजा और एक ग्राम हाई- क्वालिटी हाइब्रिड गांजा जब्त किया।
महीनों बिस्तर पर पड़े रहे, बीमारी से उबरे तो 5 दिन में 702 किमी चलाई साइकिल, पीएम ने सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के भाजपा विधायक एस सुरेश कुमार से बात की और बंगलूरू से कन्याकुमारी तक साइकिल से यात्रा करने के उनके कारनामे की सराहना की। 70 वर्षीय कुमार ने एक दुर्लभ न्यूरोलॉजी संबंधी बीमारी से उबरने के बाद पांच दिनों में 702 किलोमीटर साइकिल चलाकर यह उपलब्धि हासिल की। बीमारी के कारण वे कई महीनों तक बिस्तर पर पड़े रहे थे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, एस सुरेश कुमार का बंगलूरू से कन्याकुमारी तक साइकिल से यात्रा करना सराहनीय और प्रेरणादायक है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से उबरने के बाद यह उपलब्धि हासिल करना उनके दृढ़ संकल्प और अटूट हौसले को दर्शाता है। यह फिटनेस का एक महत्वपूर्ण संदेश भी देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कुमार से फोन पर बात की और इस प्रयास के लिए उन्हें बधाई दी। एक अलग पोस्ट में कुमार ने कहा, कन्याकुमारी तक 702 किलोमीटर की साइकिल यात्रा के लिए प्रधानमंत्री का फोन पाकर वे बेहद खुश हुए। राजजीनगर से भाजपा विधायक कुमार ने कहा, उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 51 साल बाद, गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के बाद, यह कन्याकुमारी की मेरी दूसरी साइकिल यात्रा थी।
पाकिस्तान के पंजाब से बस और वैन की टक्कर में 15 की मौत; वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कहा है कि देश की सीमा और संप्रभुता का किसी भी तरह से उल्लंघन किया गया तो उसका कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह बात बलूचिस्तान पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान कही। मुनीर ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की बात दोहराई और बलूचिस्तान में हिंसा व अशांति खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।
उधर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की और शांति बनाए रखने के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बीच मुस्लिम दुनिया में एकता और आपसी समझ बेहद अहम है। दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को और मजबूत करने पर भी सहमति जताई।
वेस्ट बैंक में फलस्तीनी घरों पर चला बुलडोजर, लोग बेघर
वेस्ट बैंक के नूर शम्स शरणार्थी शिविर में बुधवार को फलस्तीनी अपने घरों को इस्राइली बुलडोजरों से टूटते हुए देखते रहे। यह कार्रवाई इस्राइली सेना की उस मुहिम का हिस्सा है, जो करीब एक साल से उत्तरी वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में चल रही है। मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान नूर शम्स, जेनिन और तुलकरम शिविरों में अब तक 850 से ज्यादा इमारतें पूरी तरह ढहाई जा चुकी हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और वे रिश्तेदारों के यहां या किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
सेना ने वेस्ट बैंक के शरणार्थी शिविरों में कई घरों को गिरा दिया। बुलडोजर कार्रवाई के चलते हजारों फलस्तीनी परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। लोग इस कार्रवाई को दर्दनाक और अन्यायपूर्ण बता रहे हैं। इस्राइल का कहना है कि यह कार्रवाई हथियारबंद समूहों के खिलाफ है और सेना के रास्ते साफ करने के लिए घर तोड़े जा रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोग इसे घरों और यादों के उजड़ने का दर्द बता रहे हैं।
पाकिस्तान के पंजाब से बस और वैन की टक्कर में 15 लोगों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना लाहौर से 200 किलोमीटर दूर अड्डा फकीर दी कुल्ली क्षेत्र में हुई। यहां यात्री बस और वैन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। मृतकों में यूनिवर्सिटी के कई युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। फैसलाबाद के उपायुक्त अली अकबर भिंडर के अनुसार यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज (यूवीएएस) के छात्र और खिलाड़ी खेल में हिस्सा लेने के लिए बस से लाहौर जा रहे थे। रास्ते में संकरे मार्ग पर सामने से आ रही यात्री वैन बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि 15 लोगों की जान जा चुकी है। 25 लोग घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 5 की स्थिति नाजुक है। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं और जिला प्रशासन से इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
ममदानी सबवे स्टेशन में लेंगे न्यूयॉर्क मेयर पद की शपथ
जोहरान ममदानी 2026 की शुरुआत के साथ न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर के रूप में कार्यभार संभालेंगे। गुरुवार को उनके दो शपथ ग्रहण समारोह होंगे। पहला निजी समारोह आधी रात को मैनहट्टन के एक ऐतिहासिक सबवे स्टेशन ओल्ड सिटी हॉल में होगा। इसके बाद दोपहर में सिटी हॉल के बाहर एक सार्वजनिक ब्लॉक पार्टी और बड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा। ममदानी को न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स शपथ दिलाएंगी।
भारत-ब्राजील के संबंधों में जुड़ेगा नया अध्याय फरवरी में आएंगे राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला
भारत के साथ आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा फरवरी के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली की महत्वपूर्ण यात्रा पर आ रहे। सबसे खास बात है कि लूला के साथ ब्राजील का अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल आएगा, जो एशिया में ब्राजील की बढ़ती दिलचस्पी का स्पष्ट संकेत है।
दोनों देशों ने आपसी व्यापार को 1.8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। ब्राजील के उद्योगपतियों के लिए भारत ड्रीम मार्केट बन चुका है। इस दौरे का मुख्य फोकस उर्वरक, कृषि तकनीक, दलहन, कपास और पोल्ट्री जैसे क्षेत्रों पर रहेगा। ब्राजील को भारत में न केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार दिखता है, बल्कि उच्च तकनीक और निवेश के नए अवसर भी नजर आ रहे हैं। व्यापार से इतर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच संस्कृति, पर्यटन और खेल जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। मर्कोसुर-भारत व्यापार समझौते के विस्तार पर भी काम चल रहा है, जो न केवल टैरिफ कम करेगा बल्कि व्यापार की अन्य बाधाओं को भी दूर करेगा। यह यात्रा दक्षिण-दक्षिण सहयोग के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।
अमेरिका: गलत सजा काट रहे शख्स को मिली माफी
अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में एक व्यक्ति को उसकी सजा अवैध पाए जाने के बाद राज्यपाल ने माफी दे दी है। यह फैसला उसके भाई को इसी तरह की राहत मिलने के कुछ हफ्तों बाद आया। मॉरिस टेलर को तय कानून से कहीं ज्यादा सजा दी गई थी। राज्यपाल टेट रीव्स ने कहा कि कानून के मुताबिक यह सजा गलत थी और न्याय के हित में उसे रिहा किया जा रहा है। आदेश के अनुसार मॉरिस टेलर को पांच दिन के भीतर जेल से छोड़ा जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि अगर किसी एक व्यक्ति के साथ भी अन्याय होता है, तो यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।
सीरिया: नए साल की पूर्व संध्या पर आत्मघाती हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में नए साल की पूर्व संध्या पर हुए आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। सरकारी मीडिया के अनुसार, आंतरिक सुरक्षा बलों की एक टीम बाब अल-फराज इलाके में संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
अलेप्पो के गवर्नर ने बताया कि पुलिसकर्मी नए साल के जश्न की सुरक्षा में तैनात थे। एक अधिकारी ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान विस्फोट हो गया। अधिकारियों ने कहा कि हालात काबू में हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर एक ईसाई बहुल इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था।
भारत के चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का चीन ने माना लोहा
दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में भारत की ऐतिहासिक छलांग का लोहा चीन ने भी माना है। चीन ने जापान को पीछे छोड़कर भारत के दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने को असली ताकत बताया और भारत को बधाई भी दी। चीन ने आधिकारिक वक्तव्य में कहा, भारत ने जिस तरह घरेलू चुनौतियों का प्रबंधन करते हुए वैश्विक आपूर्ति शृंखला में जगह बनाई है, वह उसकी असली ताकत को दर्शाता है। यह पहली बार है, जब बीजिंग ने भारत के आर्थिक उदय को इतने स्पष्ट शब्दों में सराहा व वैश्विक स्थिरता के लिए जरूरी बताया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत का उदय दर्शाता है कि सच्ची शक्ति इतिहास का ईमानदारी से सामना करने, उससे सीखने और भविष्य की जिम्मेदारी लेने से ही आती है।
एच-1बी पर 89.88 लाख रुपये शुल्क की कानूनी लड़ाई तेज हुई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एच-1बी वीजा आवेदन पर लगाए गए 89.88 लाख रुपये के भारी-भरकम शुल्क को लेकर कानूनी लड़ाई अब और तेज हो गई है। यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जिला कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें इस वृद्धि को सही ठहराया गया था। दिसंबर के अंत में जिला जज बेरिल हॉवेल ने कहा था, राष्ट्रपति के पास शुल्क बढ़ाने का कानूनी अधिकार है। चैंबर ऑफ कॉमर्स का तर्क है कि यह वृद्धि संघीय आव्रजन कानून का उल्लंघन है। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि एक सख्त रुख रखने वाली जज ने भी ट्रंप प्रशासन के पक्ष में फैसला सुनाया है, इसलिए अब ऊपरी अदालत में इसे पलटना एक कठिन चुनौती होगी।
ट्रंप प्रशासन ने वॉशिंगटन के तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स का लीज रद्द किया
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में ट्रंप प्रशासन ने तीन सार्वजनिक गोल्फ कोर्स की लीज रद्द कर दी है। इन कोर्सों का संचालन पिछले पांच साल से एक गैर-लाभकारी संस्था कर रही थी। अमेरिकी गृह विभाग का कहना है कि संस्था लीज की शर्तों के मुताबिक जरूरी सुधार कार्य नहीं कर पाई, इसलिए यह फैसला लिया गया। वहीं, संस्था ने दावा किया कि उन्होंने कोर्सों के विकास पर लाखों डॉलर खर्च किए और खेल व आमदनी दोनों बढ़ी।
फिलहाल संस्था को अस्थायी रूप से संचालन जारी रखने की अनुमति दी गई है, लेकिन बड़े स्तर पर सुधार कार्य रोक दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजधानी के एक और सार्वजनिक स्थल पर अपनी छाप छोड़ने का मौका मिल सकता है।
थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई युद्धबंदियों को किया रिहा
थाईलैंड ने बुधवार को कंबोडिया के 18 युद्धबंदियों को रिहा कर दिया। यह कदम दोनों देशों के बीच सीमा पर जारी खूनी संघर्ष को खत्म करने के लिए हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत उठाया गया है। इन सैनिकों को चंतबुरी और पैलिन प्रांत के बीच स्थित सीमा चौकी पर रिहा किया गया। थाई विदेश मंत्रालय ने इसे विश्वास बहाली और मानवीय सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। वहीं, कंबोडिया ने कहा कि इस कदम से शांति और स्थिरता का माहौल बनेगा।
इंडोनेशिया: माउंट ज्वालामुखी को लेकर अलर्ट, निकासी शुरू
इंडोनेशियाई अधिकारियों ने आचे प्रांत में माउंट नी तेलोंग ज्वालामुखी के लिए अब तक का दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया है। मंगलवार शाम को ज्वालामुखी के क्षेत्रों के आसपास भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे ज्वालामुखी के सक्रिय होने का डर है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और भूकंपीय हलचल से खतरनाक गैसें और विस्फोट हो सकते हैं। लोगों को क्रेटर से 4 किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी गई है। ज्वालामुखी के पास स्थित तीन गांवों से लोगों को निकाला जा रहा है।
तुर्किये में इस्लामिक स्टेट के 125 संदिग्ध गिरफ्तार
तुर्किये पुलिस ने नए साल के जश्न से पहले देशभर में अभियान चलाकर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 125 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बुधवार को 25 प्रांतों में एक साथ छापे मारकर इन्हें पकड़ा गया। गृह मंत्री अली येरलिकाया के अनुसार, इस्तांबुल, अंकारा और इजमिर जैसे बड़े शहरों में यह कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि पिछले हफ्ते भी सैकड़ों संदिग्ध पकड़े गए थे। सोमवार को यालोवा प्रांत में एक मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी और तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे। मारे गए सभी आतंकी तुर्किये के नागरिक थे।

