Site icon अग्नि आलोक

*चंदननगर से एयरपोर्ट रोड टेंडर हुए,11 माह में तैयार होगी सडक़*

Share

इन्दौर। चंदननगर क्षेत्र में याताायत का दबाव कम करने के लिए नगर निगम एक ओर जहां फ्लायओवर बना रहा है, वहीं दूसरी ओर चंदननगर से एयरपोर्ट तक की सडक़ भी बनाई जा रही है। इसके लिए निगम ने आज टेंडर जारी किए हैं। 21 करोड़ से ज्यादा की लागत से सडक़ 11 माह में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले दिनों महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त शिवम वर्मा ने अफसरों के साथ सडक़ को लेकर दौरा किया था। इस क्षेत्र में यातायात का दबाव अत्यधिक होने के चलते आए दिन वहां कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की नौबत बनती है। इसी के चलते निगम जिला अस्पताल से सिरपुर तक फ्लायओवर बना रहा है और इसके लिए सर्वे का काम चल रहा है। दूसरी ओर अब नगर निगम चंदननगर चौराहे से नंदननगर, नगीन नगर होते हुए एयरपोर्ट तक की लिंक रोड का निर्माण कार्य शुरू कराने जा रहा है। आज नगर निगम योजना शाखा द्वारा इसके टेंडर जारी किए गए।

इसमें कई स्थानों पर पुल-पुलिया, फुटपाथ, स्टार्म वाटर लाइन, विद्युत लाइन शिफ्टिंग के साथ-साथ सीमेंट-कांक्रीट, कैरेज-वे बनाए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक वर्षाकाल सहित 11 माह का समय सडक़ बनाने के लिए रखा गया है और इस पर 21 करोड़ 71 लाख से ज्यादा की राशि निर्माण पर खर्च होगी। टेंडर प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी करने की तैयारी है, क्योंकि निगम इस सडक़ को तेजी से पूरा करेगा। हालांकि इस सडक़ के लिए बाधाएं कम होने के कारण निगम को ज्यादा दिक्कतें नहीं आएंगी। बाधाओं का सर्वे कर उन्हें भी हटाने के काम निगम द्वारा आने वाले दिनों में शुरू किए जाएंगे, ताकि साइड क्लीयर मिलने पर संबंधित एजेंसी वहां काम जल्द से जल्द पूरा कर सके।

Exit mobile version