Site icon अग्नि आलोक

इंदौर के मानपुर थाने में पुलिस कस्टडी में लुटेरे की मौत:तीन पुलिस अफसरों सहित 5 सस्पेंड

Share

इंदौर/महू

इंदौर में पुलिस कस्टडी में एक बदमाश की मौत का मामला सामने आया। बदमाश पर मानपुर, धामनोद सहित कई जगह केस दर्ज थे। मौत के बाद एसपी ने न्यायिक जांच की सिफारिश कर दी है। मानपुर थाने में पदस्थ एक एसआई, दो एएसआई और दो आरक्षकों को निलंबित कर पुलिस लाइन ग्रामीण में अटैच कर दिया है।

मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश के मामले में गिट्‌टीफोड़ा के रहने वाले बदमाश अर्जुन सिंगारे (19) को पकड़ा था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। उसे लेकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। हालांकि, मामले में पुलिस पर मारपीट के आरोप भी लग रहे हैं।

नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश

गुस्साए परिजनों ने मानपुर थाने के सामने ही मुंबई आगरा नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की। यहां परिजनों के साथ जयस संगठन के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। परिजनों का कहना है कि हमें मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए। चक्काजाम के दौरान नेशनल हाईवे पर गाड़ियां भी डायवर्ट की गई है।

मानपुर थाने में पुलिस कस्टडी में बदमाश अर्जुन की मौत हो गई। एसपी ने मामले की न्यायिक जांच की सिफारिश की है।

थाने पर भारी फोर्स तैनात

पुलिस कस्टडी में अर्जुन की मौत के बाद परिवार के लोग थाने पहुंच गए हैं और पुलिस पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। जिससे उसकी मौत हो गई। अर्जुन की बहनें थाना परिसर में फूट-फूटकर रो रही हैं। ग्रामीण एसपी भगवत सिंह विरदे ने बताया मामले में 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इनमें एसआई कमल उईके, एएसआई दिनेश वर्मा, एएसआई ​​​​​निर्भय सिंह सहित दो आरक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। प्रथम दृष्टि में इन्हें दोषी पाया गया है। इस मामले की ज्यूडिशियल जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अर्जुन की मौत के बाद परिवार के लोग थाने पहुंच गए हैं। यहां थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

कई गंभीर अपराधों में लिप्त था अर्जुन

मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश में अर्जुन के साथ अन्य युवकों को भी पकड़ा था। पुलिस हथियार जब्त करने के लिए उसे लेकर गए थे। इस दौरान अर्जुन के पास से 8 लाख रुपए की बाइक जब्त हुई थी, जो चोरी की बताई जा रही है। अर्जुन गंभीर अपराधों में लिप्त था और कई बड़ी वारदात कर चुका था। गुरुवार को ही पुलिस ने अर्जुन और उसके साथियों को लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया था, पर वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम ने उसे शुक्रवार रात को घर से गिरफ्तार किया। उस वक्त भी पुलिस वालों के साथ परिवार वालों ने हाथापाई की थी। सूत्रों की माने तो अर्जुन की हालत काफी गंभीर थी।

गुस्साए परिजनों ने मानपुर थाने के सामने ही मुंबई आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने की कोशिश की। यहां पुलिस बल तैनात किया गया है।

Exit mobile version