चंडीगढ़
पंजाब पुलिस के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस विंग के हेडक्वार्टर पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से हमला किया गया है। घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हमले के बाद बिल्डिंग के दूसरी फ्लोर के फ्रंट साइड में धमाका हुआ, जिसमें कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन शीशे जरूर टूट गए।
मोहाली के SP रविंदरपाल संधू ने कहा कि यह माइनर ब्लास्ट हुआ है। बाहर से इंटेलिजेंस की बिल्डिंग पर यह अटैक किया गया है। इसमें जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। रॉकेट टाइप फायर से यह धमाका किया गया है। आतंकी हमला या टेरर एंगल के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस लिहाज से भी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।
क्विक एक्शन टीमें भी पहुंची
मोहाली पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि शाम 7:45 बजे के आसपास सेक्टर 77, एसएएस नगर में पंजाब पुलिस खुफिया मुख्यालय में एक मामूली विस्फोट की सूचना मिली थी। कोई नुकसान नहीं हुआ है। मोहाली को पूरी तरह सील कर दिया गया है। आसपास रिहायशी इलाका भी है। वहां भी सर्च अभियान चल रहा है। पंजाब पुलिस के साथ चंडीगढ़ पुलिस की क्विक एक्शन टीमें भी मोहाली पहुंचकर मदद कर रही हैं।वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं और जांच की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचा स्टाफ जांच करता हुआ।
CM मान ने DGP से मांगी रिपोर्ट
CM भगवंत मान ने DGP वीके भावरा से मामले की रिपोर्ट मांगी है। मीडिया को आधे किलोमीटर दूर ही रोक दिया गया है। पुलिस किसी को भी बिल्डिंग के नजदीक नहीं जाने दे रही है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर धमाके के बार में सुनकर स्तब्ध हूं। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। हमारे पुलिस बल पर यह हमला बेहद चिंताजनक है और मैं सीएम भगवंत मान से आग्रह करता हूं कि अपराधियों को जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाए।
हमले के इंटेलिजेंस विंग के दूसरी मंजिल का हाल। यहां तमाम खिड़कियां टूट गईं।
आरपीजी क्या है?
रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से किसी भी टैंक, बख्तरबंद गाड़ी, हेलिकॉप्टर या विमान को उड़ाया जा सकता है। इसकी रेंज 700 मीटर होती है। रॉकेट से चलने वाला ग्रेनेड कंधे पर रखकर दागा जाता है। यह मिसाइल हथियार है जो विस्फोटक वारहेड से लैस रॉकेट लॉन्च करता है। अधिकांश आरपीजी को एक व्यक्ति द्वारा ले जाया जा सकता है। यानी इसे अकेले कोई शख्स ऑपरेट कर सकता है।
हमले के बाद घटनास्थल से यह प्रोजेक्टाइल बरामद हुआ है।
जेल के बाहर मिला था बम
घटना का पता चलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है। पंजाब पुलिस के तमाम बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। हाल ही में चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल के बाहर बम मिला था। जिसके बाद पूरे पंजाब में पुलिस समेत दूसरे विभागों की सरकारी बिल्डिगों में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

