Site icon अग्नि आलोक

*नर्मदा परिक्रमा प्रहलाद पटेल द्वारा लिखित पुस्तक का RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत करेंगे विमोचन*

Share

नर्मदा खंड सेवा संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘परिक्रमा कृपा सार’ का विमोचन 14 सितंबर को इंदौर में होगा। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा लिखित इस पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे।

मंत्री पटेल ने दो बार की है नर्मदा परिक्रमा
प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने दो बार नर्मदा की पैदल परिक्रमा की है और इन्हीं अनुभवों को उन्होंने इस पुस्तक में कलमबद्ध किया है। पटेल ने इसे अपना सौभाग्य और मां नर्मदा की कृपा बताया कि उनकी पुस्तक का विमोचन हिंदी दिवस के अवसर पर हो रहा है। इस अवसर पर पटेल ने बताया कि उन्होंने परिक्रमा के दौरान लगभग 72 घंटे की वीडियो क्लिप भी तैयार की है।

डॉ. भागवत को उपहार में देंगे 108 पवित्र नदियों का जल
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में पटेल नर्मदा में मिलने वाली 108 पवित्र नदियों के जल से माता अहिल्याबाई होलकर का अभिषेक करेंगे। इसके साथ ही, वह डॉ. मोहन भागवत को भी 108 पवित्र नदियों का जल उपहार में देंगे। यह विशेष उपहार उनकी बेटी ने तैयार किया है। पटेल ने अपनी नर्मदा परिक्रमा 1994 और 2007 में की थी और यह पुस्तक उन्होंने अपनी परिक्रमा के दौरान ही लिखी थी।

13 और 14 को इंदौर में रहेंगे सरसंघचालक
RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 13 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। वे 14 सितंबर, रविवार शाम तक शहर में ही रहेंगे। रविवार दोपहर 3:15 बजे, ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में वे पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह पिछले आठ महीनों में भागवत का चौथा इंदौर दौरा है। इससे पहले वे 3 जनवरी 2025, 13 जनवरी 2025 और 10 अगस्त 2025 को भी इंदौर आ चुके हैं।

Exit mobile version