अग्नि आलोक

*समाजवादी पार्टी को मिला प्रदेश के अन्य सोशलिस्टों का साथ*

Share

*सोशलिस्ट पार्टी इंडिया की मध्य प्रदेश इकाई का समाजवादी पार्टी में विलय*

इंदौर : पिछले 8 वर्षों से सोशलिस्ट पार्टी इंडिया में काम कर रहे सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोपाल में आयोजित समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों के सम्मेलन में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामस्वरूप मंत्री के नेतृत्व में प्रदेश भर से पदाधिकारी भोपाल पहुंचे थे और उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक दल के नेता डॉ. सुनीलम और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री बादशाह सिंह की उपस्थिति में पार्टी का विलय करने की घोषणा की।

 सभी पदाधिकारी और साथियों का डॉ मनोज यादव और बादशाह सिंह ने पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर करीब 40 जिलों के जिला अध्यक्ष, पार्टी की पूरी प्रदेश कार्यकारिणी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे। रामस्वरूप मंत्री के अलावा दिनेश सिंह कुशवाहा, डीएस मिश्रा, ममता मेहरा, सुषमा यादव, भगवान सिंह यादव, बटेश्वर सिंह , कमलेश परमार, कल सिंह मचार सहित इंदौर, देवास, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, खरगोन, बड़वानी, आगर मालवा आदि जिलों के कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए ।

 

इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. सुनीलम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी देश की तीसरे नंबर की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। जिसके लोकसभा में 37 तथा राज्य सभा में 4 सांसद है। समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश में 113 और महाराष्ट्र में 2 विधायक हैं । उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को विधानसभा चुनाव में 37% वोट तथा लोकसभा चुनाव में 44% वोट मिले है।उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के साथियों के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से पार्टी का वैचारिक आधार  और मालवा निवाड में  संगठन मजबूत होगा।

    प्रदेश अध्यक्ष डॉ मनोज यादव ने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी के सभी साथियों के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से मालवा- निमाड़ अंचल में समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी और तीसरा विकल्प  बनने का रास्ता बनेगा। ये सभी साथी संघर्ष में भी जुड़ रहे हैं तथा इनके आज पार्टी में शामिल होने से मध्य प्रदेश में पार्टी का जनाधार और मज़बूत होगा।

Exit mobile version