Site icon अग्नि आलोक

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में लगा सावरकर का पोस्टर

Rahul Gandhi during the Bharat Jodo Yatra, which entered Kerala on Sunday. MP Shashi Tharoor, Leader of Opposition VD Satheesan, K Muraleedharan, and KC Venugopal, among others, can also be seen. Photo: Rinkuraj Mattancheril/Manorama

Share

कोच्चि

कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जा रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को केरल के कोच्चि पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत के लिए यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के पोस्टर लगाए गए थे। इनमें स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर का पोस्टर भी लगाया गया था। कांग्रेसियों को जैसे ही इसकी जानकारी लगी, उन्होंने आनन-फानन में उसके ऊपर गांधी जी की फोटो लगा दी।

सावरकर की फोटो उनके नाम के साथ लगाई गई थी। इस फोटो के बाईं ओर गोविंद बल्लभ पंत और दाईं ओर चंद्रशेखर आजाद की फोटो लगी थी।

सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा गुरुवार को कोच्चि पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। यात्रा के स्वागत के लिए यहां लंबे-लंबे बैनर लगाए गए हैं, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की फोटो है। एक बैनर में गोविंद बल्लभ पंत और चंद्रशेखर आजाद की फोटो के बीच में विनायक दामोदर सावरकर की भी फोटो लगी थी।

जैसे ही इसकी जानकारी कांग्रेसियों को लगी, तुरंत गांधी जी का एक पोस्टर मंगाया और सावरकर की फोटो के ऊपर लगा दिया। सोशल मीडिया पर इसके फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस की ओर से इस पर कोई कमेंट नहीं आया है।

कांग्रेसियों को जैसे ही इसका पता चला तो उन्होंने सावरकर की फोटो के ऊपर गांधी जी की लाठी और गीता लिए हुए फोटो लगवा दी।

राहुल ने कहा था- मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, राहुल गांधी है, माफी नहीं मांगूंगा
तीन साल पहले दिल्ली के रामलीला मैदान पर कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ ‘भारत बचाओ’ रैली की थी। इस रैली में राहुल गांधी काफी तल्ख नजर आए थे। उन्होंने कहा था कि ये देश पीछे नहीं हटता। मुझे कहते हैं कि सही बात बोलने के लिए माफी मांगूं। भाइयों-बहनों, मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, राहुल गांधी है। मैं सच्चाई के लिए कभी माफी नहीं मांगूंगा और न कोई कांग्रेस वाला माफी मांगेगा।

3570 KM की भारत जोड़ो यात्रा
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों केरल में है। यहां से यात्रा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर तक जाएगी। राहुल की यह यात्रा करीब 3570 किमी है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 372 लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है।

दांडी मार्च का कॉन्सेप्ट, हर जिले में टीम बनी
यात्रा का कॉन्सेप्ट महात्मा गांधी के ‘दांडी मार्च’ से लिया गया है। इसे जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी दिग्विजय सिंह को दी गई। वे 2017 में 3300 किलोमीटर की ‘नर्मदा परिक्रमा’ कर चुके हैं। दिग्विजय की अध्यक्षता में भारत जोड़ो प्लानिंग कमेटी बनी। हर राज्य में कोऑर्डिनेटर बनाए गए। इसके बाद हर जिले में एक टीम तैयार हुई। दिल्ली में भी 20 से ज्यादा लोग प्लानिंग से जुड़े रहे। इनमें मुकुल वासनिक और केसी वेणुगोपाल के अलावा कांग्रेस से जुड़े संगठनों के लोग भी थे।

यात्रा तय वक्त से एक महीने पहले शुरू हुई
पहले तय हुआ था कि यात्रा 2 अक्टूबर 2022 से शुरू होगी, लेकिन राहुल गांधी ने कहा कि इसे पहले करना चाहिए। इसके बाद यात्रा एक महीने पहले शुरू की गई। उसी हिसाब से तैयारियां भी पूरी की गईं।

गुरुवार को राहुल से मिलने गहलोत आएंगे कोच्चि
गहलोत गुरुवार को दिल्ली से कोच्चि जाएंगे। वहां राहुल गांधी से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव मामले पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा- ‘मैं एक बार और प्रयास कर रहा हूं राहुल गांधी को अध्यक्ष पद के लिए मनाने का। मैं अपने मुख्यमंत्री रहने या न रहने की बात नहीं कर रहा हूं, यह समय बताएगा। मैं वहां रहना पसंद करूंगा, जहां मेरे रहने से पार्टी को फायदा मिल रहा हो।’

Exit mobile version