Site icon अग्नि आलोक

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक का निधन,ब्लैक सी के ऊपर अमेरिकी रीपर ड्रोन से टकराया रूसी फाइटर जेट,

Share

मंगलवार देर रात रूस का एक फाइटर जेट अमेरिका के हाईटेक रीपर ड्रोन से टकरा गया। अमेरिकी फौज ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, दोनों ही देशों ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। अमेरिकी मिलिट्री ने कहा- इस इलाके में दो रूसी फाइटर जेट्स मौजूद थे। इनमें से एक का विंग ड्रोन से टकरा गया। यह इलाका यूक्रेन बॉर्डर के काफी करीब है।

पुणे की पेंट की फैक्ट्री में आग लगी, 8-10 सिलेंडरों में विस्फोट; दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद

पुणे के धायरी इलाके की एक पेंट की फैक्ट्री में मंगलवार को आग लग गई। इस दौरान आग की चपेट में आकर 8-10 सिलेंडरों में विस्फोट हुआ। आग ने आसपास के 6 छोटे-बड़े कारखानों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है। दमकल टीम ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

3 साल बाद टूरिस्ट के लिए बॉर्डर खोलेगा चीन, अब तक कोविड प्रोटोकॉल की वजह से बंद थीं

चीन सरकार ने 3 साल बाद टूरिस्ट्स के लिए बॉर्डर खोलने का फैसला किया है। ये अब तक कोविड-19 की वजह से बंद थे। चीन के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। इस बारे में देश की तमाम एम्बेसी को नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। अब ये एम्बेसीज अलग-अलग कैटेगरीज के वीजा फिर इश्यू कर सकेंगी। चीन के डिपार्टमेंट ऑफ कॉन्स्यूलर अफेयर्स ने भी वीजा जारी किए जाने की पुष्टि की है।

अमेरिका के मेनहट्‌टन में किशोर को गोली मारी, हाईस्कूल के पास की घटना

अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के एक किशोर को मंगलवार सुबह मैनहट्टन के अपर वेस्ट साइड में एक हाई स्कूल के पास गोली मार दी गई। 17 वर्षीय युवक के पेट में गोली मारी गई है। 68वीं स्ट्रीट और एम्स्टर्डम एवेन्यू में सुबह 10 बजे से पहले गोलीबारी की सूचना मिली। मेडिकल टीम ने किशोर को न्यूयॉर्क-प्रेस्बिटेरियन वील कॉर्नेल मेडिकल सेंटर पहुंचाया।

जम्मू-कश्मीर में ED ने 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, पाकिस्तान के कॉलेजों में एडमिशन कराने का मामला

ED ने मंगलवार को श्रीनगर, बडगाम, कुपवाड़ा और अनंतनाग में 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसमें उन साजिशकर्ताओं के बारे में जांच की गई जिन्होंने कुछ एजुकेशन कंसल्टेंसियों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर के छात्रों का पाकिस्तान के कॉलेजों के प्रोफेशनल कोर्सेस में एडमिनश कराने का साजिश रची।

CM रेड्डी ने टीम को बधाई दी, अदनान ने कहा- रीजनल बंटवारा पैदा करने के लिए आपको शर्म आनी चाहिए

फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू को ऑस्कर अवॉर्ड मिलने पर सभी की बधाईयां मिल रही हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने भी फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजामौली समेत पूरी टीम को एक ट्वीट कर बधाई दी। रेड्डी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘तेलुगू का झंडा ऊंचा लहरा रहा है। मैं एक तेलुगू गाने की वजह से गर्व से भर गया हूं जो हमारे लोक विरासत का जश्न मना रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो पहचान मिलनी चाहिए थी वो आज इसे दिला रहा है। मुझे, करोड़ों तेलुगू लोगों और भारत को गर्व कराने के लिए शुक्रिया।’ ​​​​​​​

इस ट्वीट पर सिंगर अदनान सामी ने जवाब दिया है। उन्होंने सीएम से कहा,‘एक तालाब में रीजनल दिमाग वाला मेंढक जो समुद्र के बारे में नहीं सोच सकता, क्योंकि यह उसकी छोटी नाक से परे (दूर) है। रीजनल बंटवारा पैदा करने के लिए आपको शर्म आनी चाहिए और राष्ट्रीय गौरव का प्रचार करने में असमर्थ होने के लिए भी।’

मेटा दस हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी, पांच हजारी भर्तियां भी नहीं करेगी

पिछले छह महीनों में नौकरियों में कटौती के अपने दूसरे बड़े दौर में मेटा प्लेटफॉर्म्स इनकार्पोरेशन करीब 10,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगा। साथ ही करीब 5,000 खाली जगहों पर नई भर्ती नहीं करेगा। फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा अपने वित्तीय प्रदर्शन को बेहतर बनाने और लांग टर्म टारगेट्स को पाने के प्रयास में साल 2023 को “ईयर ऑफ इफिशिएंसी’ के रूप में प्रचारित कर रही है। CEO मार्क जुकरबर्ग ने मंगलवार को एक बयान में कहा, कंपनी कम प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को रद्द कर रही है। दुनिया की सबसे बड़ी सोशल-नेटवर्किंग कंपनी ने नवंबर में ही 11,000 लोगों को नौकरी से निकाल दिया है।

DRDO ने चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल के सफल परीक्षण किए

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने मंगलवार को ओडिशा के तट पर चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में वेरी शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल के लगातार दो सफल उड़ान परीक्षण किए।हाई स्पीड वाले अनमेंड एरियल टारगेट को ग्राउंड-बेस्ड मैन पोर्टेबल लॉन्चर से मिसाइल दागकर भेदा गया।

अगस्ता वेस्टलैंड VVIP हेलिकॉप्टर घोटाले में आरोपी ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल की जमानत याचिका खारिज

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को अगस्ता वेस्टलैंड VVIP हेलिकॉप्टर घोटाले में आरोपी ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल की जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। इस मामले में CBI जांच कर रही है।

महाराष्ट्र ATS ने नवी मुंबई से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे थे

महाराष्ट्र ATS ने नवी मुंबई से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मो. जीनत शेख, मो. सुमोद सिकंदर, रिपा जन्नत शेख और मुन्नी शिकदार के रूप में हुई है। इनके पास वैध दस्तावेज नहीं मिले। चारों को पुलिस को सौंपा गया है।

गुजरात के वापी में केमिकल कंपनी में आग लगी, दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

गुजरात के वापी में मंगलवार को GIDC में एक केमिकल कंपनी में आग लग गई। आसपास की दो कंपनियां भी आग की चपेट में आ गईं। दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।

गुजरात के केवड़िया में भूकंप का झटका, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.1 रही

गुजरात के केवड़िया में मंगलवार को भूकंप का झटका झटका महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 रही। केवड़िया में एक महीने में यह तीसरी बार भूकंप का झटका महसूस किया गया है।

MP के विदिशा में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 7 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में 7 साल का बच्चा बोरवेल में गिर गया। घटना लटेरी तहसील के आनंदपुर के पास खेरखड़ी पठार की है। यहां दिनेश अहिरवार का बेटा लोकेश दौड़ते समय ​बोरवेल में गिरा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि बोरवेल 60 फीट गहरा है। बच्चा 43 फीट की गहराई पर फंसा है। गड्ढे के पास 4 जेसीबी से पैरेलल गड्‌ढा खोदा जा रहा है। बच्चे को ऑक्सीजन भी दी जा रही है। कैमरे से उसका मूवमेंट देखा जा रहा है।

25 महीने के निचले स्तर पर थोक महंगाई दर, फरवरी में ये घटकर 3.85% पर आई

थोक महंगाई दर (WPI) फरवरी में घटकर 3.85% आ गई है। यह 25 महीने का निचला स्तर है। जनवरी 2023 में थोक महंगाई दर 4.73% रही थी। दिसंबर में थोक महंगाई दर का 4.95% रही थी। आलू, प्याज, फ्यूल जैसे आइटम के सस्ते होने से महंगाई में ये गिरावट आई है। इससे पहले पहले सोमवार को खुदरा महंगाई दर के आंकड़े जारी किए थे जिसके मुताबिक फरवरी 2023 में खुदरा महंगाई दर घटकर 6.44% पर आ गई है। 

वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का निधन

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वेदप्रताप वैदिक का मंगलवार को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार लोधी क्रेमेटोरियम, नई दिल्ली में बुधवार शाम 4 बजे होगा। इससे पहले सुबह नौ से दोपहर 1 बजे तक पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए निवास स्थान गुड़गांव (242, सेक्टर 55, गुड़गांव) में रखा जाएगा। पहले खबर आई थी कि उनका अंतिम संस्कार इंदौर में किया जा सकता है।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. वैदिक सुबह बाथरूम में फिसल कर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें निकट के ही अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि संभवत: हार्ट अटैक के चलते उनकी मौत हुई है। डॉ. वैदिक के परिवार में एक बेटा और बेटी हैं।

2014 में डॉ. वैदिक ने लश्कर-ए-तोएबा के संस्थापक और मुंबई पर 26/11 को हुए हमले के मास्टर माइंड आतंकी हाफिज सईद का इंटरव्यू लिया था।

डॉ. वैदिक ने 1958 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी PhD के शोध कार्य के दौरान न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी, मॉस्को के ‘इंस्तीतूते नरोदोव आजी’, लंदन के ‘स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडी’ और अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में अध्ययन और शोध किया।

डॉ. वैदिक ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के ‘स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडी’ से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में PhD की उपाधि प्राप्त की। वे भारत के ऐसे पहले विद्वान हैं, जिन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर रिसर्च पेपर हिंदी में लिखा । इसी कारण JNU से उनका निष्कासन हुआ। 1965-67 में इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि संसद में इस पर चर्चा हुई।

बताया जाता है कि वैदिक ने अपनी पहली जेल-यात्रा सिर्फ 13 वर्ष की आयु में की थी। हिंदी सत्याग्रही के तौर पर वे 1957 में पटियाला जेल में रहे। विश्व हिंदी सम्मान (2003), महात्मा गांधी सम्मान (2008) सहित कई पुरस्कार और सम्मान उन्हें मिले।

डॉ. वेदप्रताप वैदिक की गणना उन लेखकों और पत्रकारों में होती है, जिन्होंने हिंदी को मौलिक चिंतन की भाषा बनाया। डॉ.वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को इंदौर में हुआ था। वे रूसी, फारसी, जर्मन और संस्कृत भाषा के भी जानकार थे।

छोटे से बाड़े से निकलने वाले वैदिकजी से सरकारें डरती थीं : श्रवण गर्ग
डॉ. वैदिक के साथ बचपन से ही साथ रहे वरिष्ठ पत्रकार श्रवण गर्ग ने दैनिक भास्कर से उनसे जुड़ी यादें शेयर की…।
वैदिकजी मुझसे ढाई-तीन साल बड़े थे। उनका जन्म इंदौर के एक बाड़े में हुआ था जहां अलग-अलग परिवारों के 100 से ज्यादा लोग रहा करते थे। मेरा भी जन्म इसी बाड़े में हुआ था जहां कॉमन बाथरूम और टॉयलेट हुआ करते थे। नहाने के लिए बारी का इंतजार करना पड़ता था। इस तरह की साधारण जिंदगी से शुरू कर उन्होंने पूरी दुनिया में अपनी पहचान कायम की। भारत में कोई भी सरकारें रहीं हो, वे उनसे डरती थीं। इसलिए उनका कभी ठीक से इस्तेमाल नहीं किया। सरकारों को लगता था कि यह शख्स उन पर भारी पड़ता है।

हिंदी में अंतरराष्ट्रीय मसलों पर लिखने वाला अब कोई नहीं बचा

वैदिक देश के इकलौते लेखक थे जो अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी मौलिकता के साथ हिंदी में लिखते थे। बाकी कोई ऐसा पत्रकार या लेखक नहीं है जो अंतरराष्ट्रीय मसलों पर इस तरह हिंदी में लिखता हो। यह सबसे बड़ा शून्य हो गया है कि हिंदी को कोई पत्रकार इस विषय पर जानकारी रखता हो। वैदिकजी 1970 में ही दिल्ली शिफ्ट हो गए थे लेकिन उनका लगाव हमेशा इंदौर से था। वे इंदौर आने का कोई ना कोई बहाना ढूंढ़ा करते थे। हाल ही में उनके भतीजे की शादी में वे आए थे। जब किसी कारण से आना नहीं हो पाता था तो फोन पर ही 30 मिनट से 1 घंटे तक बातें करते रहते थे।

नरसिम्हाराव सरकार के वक्त ले सकते थे बड़ा पद

वैसे तो उनकी हर सरकार के वक्त पैठ थी, बड़े-बड़े मुख्यमंत्री उनसे मिलने के लिए इंतजार करते थे। अफगानिस्तान हो या पाकिस्तान उनकी लेखनी से हर कोई उनकी ताकत को जानता था। नरसिम्हाराव सरकार के वक्त उनकी ऐसी पैठ थी कि कोई भी बड़ा पद ले सकते थे लेकिन उन्होंने न खुद कोई ऐसी इच्छा जताई, न परिवार और मित्रों के लिए ऐसा किया।

हाफिज सईद का इंटरव्यू प्लान नहीं था, अचानक आइडिया आया
आतंकी हाफिज सईद के इंटरव्यू को लेकर वे पूरी दुनिया में चर्चा में आ गए थे। तब बीजेपी ने जमकर इनकी आलोचना की थी। तब उन्होंने यह स्पष्ट भी किया था कि वे असल में पाकिस्तान को उसकी दहशतगर्दी के कारण भारत पर हो रहे असर काे बताकर आए हैं। इंदौर में हुए एक व्याख्यान में भी उन्होंने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी थी। डॉ. वैदिक जब पाकिस्तान गए थे तो उनका इंटरव्यू पहले से तय नहीं था। अचानक उनके मन में आइडिया आया कि हाफिज से मिलना चाहिए। इस तरह के आतंक से मिल लेना ही बड़ी बात थी। यह बात आज तक किसी को पता नहीं चल सकी है कि वह किस तरह हाफिज सईद से मिलने पहुंचे थे।

वनडे सीरीज में भी स्टीव स्मिथ ही कप्तानी करेंगे

भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी अभी स्टीव स्मिथ के हाथ में ही रहेगी। वनडे सीरीज में कप्तानी का जिम्मा भी उन्हें ही सौंपा गया है, क्योंकि रेगुलर कप्तान पैट कमिंस अभी ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे। कमिंस की मां मारिया का 9 मार्च को निधन हो गया था। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनकी देखभाल के लिए ही कमिंस दूसरे टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे। 

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की पहली महिला लोको पायलट बनीं सुरेखा यादव

सुरेखा यादव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की पहली महिला लोको पायलट बन गईं हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्विटर पर ये खबर शेयर करते हुए लिखा- वंदे भारत नारी शक्ति द्वारा संचालित। सुरेखा यादव मुंबई-पुणे-सोलापुर रूट पर वंदे भारत चला रही हैं। गौरतलब है कि वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 2019 में हुई थी। पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर हरी झंडी दिखाई गई थी।

करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का 80 साल में कार्डिएक अरेस्ट से निधन

करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का सोमवार देर रात 2 बजे कार्डिएक अरेस्ट से राजस्थान के जयपुर में निधन हो गया। वे 80 साल के थे और लंबे समय से बीमारियों से जूझ रहे थे। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका ब्रेन स्ट्रोक का इलाज चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए राजपूत सभा भवन जयपुर में रखा जाएगा। लोकेंद्र सिंह कालवी ने करणी सेना के कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया था और कई विवादों में भी रहे थे।

Exit mobile version