एअर इंडिया की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मंगलवार को रद्द कर दी गई हैं। इनमें ज्यादातर बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर उड़ानें हैं। यह फैसला उस समय किया गया है, जब 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकरा गया था। इस हादसे में 241 यात्रियों और चालक दल की मौत हो गई थी।
रद्द की गई प्रमुख उड़ानों में शामिल हैं-
- AI915 – दिल्ली से दुबई – बोइंग 788 ड्रीमलाइनर
- AI153 – दिल्ली से विएना – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI143 – दिल्ली से पेरिस – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI159 – अहमदाबाद से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI170 – लंदन से अमृतसर – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI133 – बंगलूरू से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI179 – मुंबई से सैन फ्रांसिस्को – बोइंग 777
अहमदाबाद से गेटविक की उड़ान रद्द
एअर इंडिया ने कहा कि अहमदाबाद से लंदन के गेटविक हवाई अड्डे के लिए उसकी उड़ान रद्द कर दी गई है। एयरलाइन की ओर से इसके पीछे के कारण विमान की अनुपलब्धता, हवाई क्षेत्र में पाबंदियां और अतिरिक्त सावधानी से की जा रही जांच बताई गई। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी तकनीकी खराबी की वजह से नहीं लिया गया। एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। होटल की व्यवस्था की गई है और यात्रियों को रिफंड या मुफ्त में फिर से बुकिंग का विकल्प भी दिया गया है।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान भी रद्द
दिल्ली से पेरिस जा रही एअर इंडिया की AI143 उड़ान भी मंगलवार को रद्द कर दी गई। उड़ान से पहले की जांच में एक तकनीकी समस्या का पता चला, जिसे अभी ठीक किया जा रहा है। इसके साथ-साथ पेरिस से दिल्ली लौटने वाली उड़ान AI142 को भी आज रद्द कर दिया गया है। एयर इंडिया ने कहा, हम अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हर संभव वैकल्पिक इंतजाम कर रहे हैं।
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही उड़ान को कोलकाता में रोका गया
एक अन्य घटना में, एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही उड़ान को मंगलवार को तकनीकी जांच के बाद कोलकाता के हवाई अड्डे पर रोक दिया गया। विमान में 228 लोग सवार थे, जिनमें 211 यात्री और बाकी चालक दल थे। विमान के कोलकाता से मुंबई के लिए मंगलवार सुबह 2 बजे रवाना होने की योजना थी, लेकिन नियमित जांच में समस्या आने के बाद उड़ान रोक दी गई। यात्रियों को होटल में ठहराया गया है, लेकिन कोलकाता हवाई अड्डे पर काफी हंगामा मचा।
आमतौर पर यह उड़ान सीधे मुंबई जाती है, लेकिन पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण इसे कोलकाता में तकनीकी स्टॉप देना पड़ा। उड़ान AI180 कोलकाता में रात 12:45 बजे पहुंची, हालांकि सैन फ्रांसिस्को से इस उड़ान में एक घंटे की देरी से हुई थी।

