फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन को ड्रग्स के मामले में गिरफ्तारी को लेकर हर ओर से जबर्दस्त प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी कड़ी में इंदौर के भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने ट्वीटर पर कड़ी आलोचना की है। मेंदोला ने शाहरुख खान जैसी घटिया सोच वाले लोगों को हीरो मानना बंद कर उनका बहिष्कार करने की अपील भी की है।
मेंदोला ने लिखा है कि शाहरुख खान दुनिया के अकेले ऐसे पिता होंगे जो चाहते थे कि उनका बेटा ड्रग्स ले और दुनिया का हर बुरा काम करें। उनके बेटे को ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया है। समय आ गया है, जब हम ऐसी घटिया सोच वाले लोगों को हीरो मानना बंद कर उनका बहिष्कार करें।
मेंदोला यही नहीं रुके उन्होंने आगे लिखा- पुरानी कहावत है कि चोर को नहीं, चोर की मां को पकड़ो। इस मामले में अपने बेटे को नशे के दलदल में धकेलने वाले बाप को पकड़ा जाना चाहिए। मैं यह मानता हूं कि ड्रग्स के इस मामले में आर्यन से ज्यादा दोषी उसके पिता शाहरुख खान है। जिस बाप ने खुद अपने बेटे को नशे के दलदल में गिराया हो यदि अभी उसे सजा देने का कानून नहीं है तो ये कानून बनाया जाना चाहिए।
