Site icon अग्नि आलोक

शरद पवार बोले- कार्यकर्ताओं की मांग का सम्मान होगा:5 मई को कमेटी जो फैसला लेगी वह मुझे मंजूर

Share

मुंबई

शरद पवार के NCP अध्यक्ष पद से इस्तीफे का पार्टी कार्यकर्ता लगातार विरोध कर रहे हैं। इस पर पवार ने गुरुवार को कहा कि कार्यकर्ताओं की मांग का सम्मान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि कार्यकर्ताओं से बिना बात किए ही मैंने इस्तीफा दे दिया। अब 5 मई को 15 सदस्यीय कमेटी जो फैसला लेगी, मुझे मंजूर होगा।

इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन ने भी उनसे फैसला वापस लेने की अपील की थी। NCP सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को शरद पवार के इस्तीफे के ऐलान के कुछ घंटों के अंदर ही दोनों ने सुप्रिया सुले को फोन करके यह बात कही थी।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि राहुल और स्टालिन दोनों ही यह जानना चाहते थे कि पवार ने पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ने का फैसला क्यों किया है। दोनों नेताओं ने पवार की बेटी और NCP सांसद सुप्रिया सुले को फोन करके कहा था कि वे अपने पिता को इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाएं। दोनों का कहना था कि पवार को अपने फैसले के बारे में फिर से सोचना चाहिए।

NCP कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुंबई के वाईबी चव्हाण चेंटर में शरद पवार के इस्तीफ के खिलाफ प्रदर्शन किया।

शरद पवार पर इस्तीफा वापस लेने का भारी दवाब
82 साल के NCP चीफ शरद पवार ने मंगलवार को जब इस्तीफे का ऐलान किया, उसके बाद से ही पार्टी कार्यकर्ता उनके फैसले का विरोध कर रहे हैं। NCP सूत्रों के हवाले से पता चला है कि पवार के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद कई गैर-भाजपा पार्टियों के नेताओं ने उन्हें अगले लोकसभा चुनाव तक पार्टी अध्यक्ष बने रहने की सलाह दी थी।

बुधवार को पवार ने भी कहा था कि उन पर इस्तीफा वापस लेने के लिए भारी दबाव है। हालांकि उनके भतीजे अजित ने कहा कि साहब का फैसला पलटता नहीं है। इधर, शरद पवार के इस्तीफे के ऐलान के एक दिन बाद जितेंद्र आव्हाड ने पार्टी महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद विधायक अनिल पाटिल ने भी शरद पवार को त्यागपत्र भेजा था।

नए अध्यक्ष के लिए 5 मेंबर वाली कमेटी ने मीटिंग की
बुधवार को मुंबई के यशवंत राव चव्हाण सेंटर में 15 सदस्यीय कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें पार्टी के नए अध्यक्ष बनाने को लेकर चर्चा की गई। अध्यक्ष की दौड़ में अजित पवार, सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल का नाम आगे है। हालांकि प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि वे अध्यक्ष पद के लिए तैयार नहीं हैं। उन्हें पार्टी ने पहले ही बड़ी जिम्मेदारी दे रखी है, इसलिए वे मुंगेरी लाल के हसीन सपने नहीं देख रहे।

शरद पवार के भतीजे अजित पवार, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले और NCP के उपाध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल NCP अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल हैं।

पवार ने इस्तीफे में लिखा- लगातार यात्रा मेरी जिंदगी का हिस्सा
शरद पवार ने मंगलवार को इस्तीफे में लिखा, ‘मेरे साथियों! मैं NCP के प्रेसिडेंट का पद छोड़ रहा हूं, लेकिन सामाजिक जीवन से रिटायर नहीं हो रहा हूं। लगातार यात्रा मेरी जिंदगी का अटूट हिस्सा बन गया है। मैं पब्लिक मीटिंग और कार्यक्रमों में शामिल होता रहूंगा। लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए मैं हर वक्त काम करता रहूंगा। लोगों का प्यार और भरोसा मेरी सांसें हैं।

Exit mobile version