Site icon अग्नि आलोक

मल्हारराव होलकर की 330वीं जयंती पर 16 मार्च को राजवाड़ा से लाल बाग तक शौर्य यात्रा

Share

इंदौर

इस साल इंदौर श्रीमंत सुभेदार मल्हारराव होलकर की 330वीं जयंती पूरी भव्यता और धूमधाम से मनाएगा। 16 मार्च को जयंती के अवसर पर राजवाड़ा से लाल बाग तक भव्य शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। इस शौर्य यात्रा का उद्देश्य इंदौर के सभी मराठी भाषियों को एकजुट करना है।

श्री क्षत्रिय धनगर सेवा संघ के अध्यक्ष हरीश बारगल ने बताया कि 16 मार्च को मल्हारराव होलकर की 330वीं जयंती है। इसमें इंदौर और आसपास के सभी मराठी भाषियों को शामिल होने का आग्रह किया गया है। शौर्य यात्रा राजवाड़ा देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा से प्रिंस यशवंत रोड, पंढरीनाथ, हरसिद्धि, मोती तबेला, कलेक्टर कार्यालय होते हुए लाल बाग परिसर जाएगी। इस शौर्य यात्रा के माध्यम से सभी मराठी भाषियों को एक जाजम पर लाने की यह शुरुआत है। इंदौर में करीब 5 लाख मराठी भाषी हैं, उन्हें शौर्य यात्रा सहित एक-एक कार्यक्रम कर एकजुट किया जाएगा।

सर्व मराठी भाषी संघ की अध्यक्ष स्वाति काशिद ने बताया कि जयंती बड़े पैमाने पर इसलिए मनाई जाएगी क्योंकि मल्हारराव होलकर ने महाराष्ट्र से बाहर भी साम्राज्य स्थापित किया। उत्तर भारत में साम्राज्य स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पहले इंदौर छोटा शहर था उस दौरान उन्होंने हिन्दुत्व को बचाने के लिए युद्ध किए। महाराष्ट्र के अधिकांश शहरों में भी यह शौर्य यात्रा भव्य रूप से निकलती है। हालांकि इंदौर में 9 साल से यह शौर्य यात्रा निकाली जा रही है लेकिन इस बार इसका स्वरुप भव्य रहेगा। जिस प्रकार मल्हारराव ने यहां पर पर हिन्दुत्व पर बल दिया, वैसे ही अब आगे मराठी भाषी इंदौरी इसे मजबूत करेंगे। शौर्य यात्रा में पुरुष सफेद वस्त्र और टोपी तथा महिलाएं पीली या कसेरिया रंग की साडी पहनकर शामिल होंगी।

Exit mobile version