इंदौर के एमवाय अस्पताल के आईसीयू में चूहों के काटने से एक नवजात बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद MGM मेडिकल कॉलेज के डीन ने संबंधित ड्यूटी नर्स को निलंबित कर दिया है. साथ ही एमवाय अस्पताल के HOD और अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. नर्सिंग अधीक्षक को भी हटाया गया है. मामले की जांच के लिए पांच डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है. चूहों ने दो बच्चों को काटा था, जिसमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा बच्चा गंभीर हालत में है. अस्पताल प्रशासन ने सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
ग्वालियर: नमकीन कारोबारी से 5 लाख की लूट, पुलिस ने शुरू की जांच
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में पटरी वाली रोड पर बदमाशों ने नमकीन कारोबारी राममोहन सेठ से 5 लाख रुपए की लूट कर सनसनी फैला दी. जानकारी के मुताबिक, कारोबारी अपने कर्मचारी रमन रावत के साथ गोदाम से घर लौट रहे थे, तभी दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने हथियार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. फरियादी राममोहन सेठ ने घटना की पुष्टि की, वहीं सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया.
सीधी विधायक रीति पाठक ने मुख्यमंत्री को बांधी राखी
भोपाल मंत्रालय में सीधी विधायक रीति पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें गणेश प्रतिमा भेंट की. मुलाकात में सीधी विधानसभा क्षेत्र के विकास और उत्थान को लेकर कई मुद्दों पर सहमति बनी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सीधी विधायक रीति पाठक ने राखी बांधकर आत्मीयता और आशीर्वाद का भाव प्रकट किया है.
भोपाल में प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या, इलाके में सनसनी
टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित पंचशील नगर में 22 वर्षीय युवती रोशनी की निर्मम हत्या कर दी गई. बताया जा रहा कि 2 महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन प्रेम प्रसंग के चलते उसका शव घर से निकला. रोशनी के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया. परिजनों का आरोप है कि रिश्तेदारों के लड़के उसे कई दिनों से परेशान कर रहे थे, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है. एसीपी अंकिता खातकर ने कहा कि मामले की जांच तेज़ी से जारी है.
शहडोल में दर्दनाक हादसा: नदी में नहाते समय डूबे दो मासूम, मौत
जिले के सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दादर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. चूदी नदी में नहाने गए दो बालकों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान सौरभ (10) पिता कमलेश और संदीप (10) पिता भजन सिंह के रूप में हुई है. दोनों बच्चे माध्यमिक विद्यालय दादर की पांचवीं कक्षा के छात्र थे. जानकारी के अनुसार, हाफ छुट्टी के दौरान दोनों छात्र खेल मैदान से निकलकर नदी में नहाने पहुंच गए थे. ग्रामीणों ने उन्हें मना भी किया, लेकिन बच्चे नहीं माने और गहरे पानी में डूब गए. मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, मगर तेज बहाव के कारण नाकाम रहे.
ग्वालियर में जर्जर स्कूल की दीवार और छज्जा गिरा, हादसे से बचे बच्चे
चकरामपुर प्राइमरी स्कूल की जर्जर इमारत एक बार फिर हादसे का कारण बनी. सोमवार रात स्कूल की दीवार और छज्जा गिर गए. गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल बंद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. बताया गया कि यह प्राथमिक विद्यालय जर्जर बिल्डिंग में संचालित हो रहा है. पिछले साल भी इसी स्कूल की पटिया टूटने से बच्चों की जान खतरे में पड़ी थी. घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक साहब सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने प्रशासन से स्कूल की मरम्मत कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
शाजापुर में किसानों का प्रदर्शन: फसल लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे
जिले के पांच गांवों के किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं. देवला बिहार, पलसावद, सिलोचा, केथलाय और बोलाई गांव के किसानों की सोयाबीन की फसल में पीला मोजेक रोग फैलने से फसल खराब हो गई है. नाराज किसान हाथों में खराब फसल लेकर बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा. किसानों ने खराब फसलों का सर्वे कराने और नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की. अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया.
पति, पत्नी और वो… एसपी ऑफिस में हाई वोल्टेज ड्रामा, महिलाएं भिंडीं
जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के युवक अभिषेक सोनकर की दूसरी शादी ने हंगामा खड़ा कर दिया. पहली पत्नी ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी का आरोप लगाते हुए SP कार्यालय में हंगामा किया. जब आमना-सामना हुआ तो दोनों पत्नियों ने चप्पल और पानी की बोतलें फेंककर एक-दूसरे पर हमला कर दिया. पुलिस के सामने दोनों का झगड़ा देर तक चलता रहा. पहली पत्नी का आरोप है कि नसबंदी के बाद पति ने दूसरी शादी की.
फर्जी बंदूक लाइसेंस के मामले में कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी की मुश्किलें बढ़ीं, धर्मांतरण केस के बाद एक और एफआईआर
इंदौर के कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी पर धर्मांतरण फंडिंग केस के बाद अब फर्जी बंदूक लाइसेंस मामले में एफआईआर दर्ज हुई है. पुलिस जांच में पता चला कि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले से बना लाइसेंस फर्जी है. इसका यूआईडी भी नकली था. सदर बाजार थाना ने आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.
ग्वालियर की एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में महिला कर्मचारी के साथ हुई शर्मनाक छेड़छाड़, तीन कर्मचारियों पर मामला दर्ज
ग्वालियर में एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. महिला ने मई से चल रही छेड़छाड़ की शिकायत गोला का मंदिर थाना में की. तीन कर्मचारियों—संजू, सनी और भगवान कुशवाहा—पर FIR दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
कोलार में जेल से छूटे आशिक ने प्रेमिका पर किया कैंची से जानलेवा हमला
कोलार थाना क्षेत्र के कजली खेड़ा में जेल से छूटे आशिक सोनू ने अपनी प्रेमिका पर कैंची से जानलेवा हमला किया. 2019 में वह युवती को बेरसिया से भगा ले गया था. 2024 में परिवार ने वापस बुलाया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अवैध खनन केस से खुद को अलग कर गए जस्टिस विशाल मिश्रा, भाजपा विधायक संजय पाठक के कॉल का खुलासा
जबलपुर में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस विशाल मिश्रा ने अवैध खनन से जुड़े एक केस से खुद को अलग कर लिया है. उन्होंने चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर बताया कि भाजपा विधायक संजय पाठक ने उनसे फोन के माध्यम से संपर्क किया. इस नैतिक और न्यायिक कारण से जस्टिस मिश्रा ने केस की सुनवाई से खुद को अलग करने का निर्णय लिया और नए बेंच के गठन की अपील की. यह घटनाक्रम न्यायपालिका की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मामले की सुनवाई अब नई पीठ करेगी.
महान आर्यमन सिंधिया को बधाई देने इंदौर पहुंची इमरती देवी, जीतू पटवारी पर बोलीं – ‘राजनीति खत्म कर ली’
महान आर्यमन सिंधिया को एमपीसीए का अध्यक्ष बनने पर ग्वालियर से पूर्व मंत्री इमरती देवी ने इंदौर पहुंचकर बधाई दी. उन्होंने कहा कि क्रिकेट का भविष्य अब युवाओं के हाथ में है और विश्वास है कि खेल नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा. वहीं कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पटवारी ने अपनी राजनीति खत्म कर ली है. महिलाओं और प्रधानमंत्री की मां पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कांग्रेस की मानसिकता पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे बयानों से उनकी सोच का स्तर झलकता है. उन्होंने इस बयान की कड़ी निंदा की.

