एमपी में जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर अब आज और कल सभी पोलिंग बूथों पर बड़े स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं. दिन में आयोजित इन शिविरों में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहकर नई प्रविष्टियों व सुधार वाले फॉर्म का क्रॉस-वेरीफिकेशन करेंगे. भोपाल में अब तक 12 लाख से अधिक फॉर्म डिजिटल किए जा चुके हैं, जबकि अगले दो दिनों में 9 लाख फॉर्म और डिजिटल करने का लक्ष्य है. बीएलओ को फॉर्म भरने और 2003 की वोटर लिस्ट में नाम सर्च करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वहीं, SIR कार्य में रुचि न लेने पर कलेक्टर ने कड़ा कदम उठाते हुए बीएलओ दीपेश पराशर को निलंबित कर दिया है. दीपेश पराशर गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 222 पर पदस्थ थे. अधिकारियों के अनुसार, लगातार निर्देशित कार्यों में लापरवाही बरतने और समय पर फॉर्म अपडेट न करने के कारण यह कार्रवाई की गई है. कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को समय पर दायित्व पूरा करना होगा.
छिंदवाड़ा: बटकाखाटा में यात्रियों से भरी बस पलटी, सात घायल
जिले के बटकाखाटा थाना क्षेत्र में भूमका के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में करीब सात लोग घायल हुए. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को धनौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस पलटने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
सीहोर: गौहरगंज दुष्कर्म आरोपी को फांसी की मांग, भेरूंदा में पूर्ण बंद
गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में आरोपी सलमान को फांसी देने की मांग को लेकर भेरूंदा में आज पूर्ण बंद कराया गया. कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बंद का आवाहन किया, जिसके बाद पूरा शहर मांग के समर्थन में बंद नजर आया. बता दें कि आरोपी का हाल ही में शार्ट एनकाउंटर किया गया था, लेकिन लोगों का कहना है कि यह सजा नाकाफी है. जनमानस या तो आरोपी के पूर्ण एनकाउंटर या फांसी की सजा की मांग कर रहा है.
बुरहानपुर: बिरोदा गांव में शिव मंदिर क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश
बिरोदा गांव में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शिव मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया और पास के खेतों में लगी पानी की पाइपलाइन उखाड़कर फेंक दी. सुबह पूजा के लिए पहुंचीं महिलाओं ने घटना देखकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मंदिर के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
खंडवा: टिटगांव में फॉरेस्ट टीम की बड़ी कार्रवाई, दो वाहन लकड़ियों से भरे जब्त
टिटगांव में अवैध लकड़ी कटाई और संग्रह की शिकायतों पर शुक्रवार को फॉरेस्ट विभाग की 70 सदस्यीय टीम ने छापा मारा. टीम ने कई घरों में दबिश दी, जहां किचन से लेकर छत तक बड़ी मात्रा में लकड़ियां मिलीं. जांच में सामने आया कि कुछ लोग जंगल से लकड़ी लाकर फर्नीचर बनाने का काम कर रहे थे. दो वाहन भरकर लकड़ियां जब्त की गईं. विभाग पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की तैयारी कर रहा है. कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी गहमागहमी का माहौल रहा.
लिंग परीक्षण की शिकायतों पर मदनमहल सोनोग्राफी सेंटर का पंजीयन निरस्त
जबलपुर में मदनमहल स्थित चौकीताल के मदनमहल सोनोग्राफी एवं एक्सरे सेंटर का पंजीयन स्वास्थ्य विभाग ने निरस्त कर दिया है. लिंग परीक्षण से जुड़ी शिकायतें मिलने पर विभाग की टीम ने सेंटर का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं. नियमों का पालन किए बिना संचालित हो रहे इस सेंटर को विभाग ने 30 अक्टूबर को सील कर दिया था. संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था. जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद समिति की अनुशंसा पर सेंटर का पंजीयन निरस्त कर दिया गया.
SIR में 100% काम पूरा करने पर बीएलओ सुपरवाइजर को चॉपर राइड का इनाम
जबलपुर में SIR प्रक्रिया में गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सबसे पहले पूरा करने पर पनागर में पदस्थ बीएलओ सुपरवाइजर स्नेहलता पटेल को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया है. उनके पास 10 बूथों के लगभग 7 हजार मतदाताओं का पुनरीक्षण कार्य था, जिसे उन्होंने समय पर पूरा कर डिजिटाइजेशन भी कम्प्लीट किया. उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पीएम श्री पर्यटन हेली सेवा के तहत कान्हा और बांधवगढ़ की राइड इनाम में दी गई. जिले में यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली बीएलओ सुपरवाइजर बनी हैं.
खंडवा में 13 साल बाद सांकेतिक मशाल मार्च, आतंकवाद के खिलाफ उठी आवाज
तिहरे हत्याकांड की बरसी पर शहर में 13 साल बाद सांकेतिक रूप से मशाल मार्च निकाला गया. इस बार सुरक्षा कारणों से केवल 5 मशालों का उपयोग किया गया, जबकि सैकड़ों युवाओं ने अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर मार्च में हिस्सा लिया. पिछले वर्ष मशाल जुलूस में आग भभकने की घटना के चलते इस बार सावधानी बरती गई. राष्ट्रभक्त वीर युवा मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया. मार्च सिमी आतंकियों द्वारा एटीएस जवान सीताराम यादव, एडवोकेट संजय पाल और बैंक प्रबंधक रविशंकर पारे की हत्या की याद में निकाला जाता है.
रिहाई से कुछ घंटे पहले कैदी की मौत, जांच शुरू
बैतूल जिला जेल में सजा काट रहे कैदी प्रकाश सातपुते की रिहाई से कुछ घंटे पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रकाश आज ही 7 साल की सजा पूरी कर रिहा होने वाला था. अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और न ही जेल प्रशासन ने कोई बयान जारी किया है. परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. प्रकाश मूल रूप से बैतूल जिले के प्रभातपट्टन का निवासी था. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं.
मुरैना में लेनदेन के विवाद में दूधिया को गोली मारी, गंभीर
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद के बीच एक दूधिया को गोली मार दी गई. उदय नामक दूधिया के पेट में गोली धंस गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
BBA छात्रा ने फांसी लगाई! पुलिस जांच में जुटी
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र की पुरोहित गली में 22 वर्षीय BBA छात्रा वैशाली चौहान नकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह ग्वालियर के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. देखा तो छात्रा फांसी के फंदे पर लटकी थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका के पिता सीआरपीएफ कैंप में तैनात हैं. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
स्टेशन पर गिरा 5 लाख का पर्स, पुलिस ने 2 घंटे में लौटाया
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर महिला का कीमती सामान गिरने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सिर्फ 2 घंटे में पर्स खोजकर वापस लौटा दिया. बिरला नगर निवासी आरती चौरसिया महोबा से शादी में शामिल होकर ग्वालियर लौट रही थीं, तभी उनका पर्स स्टेशन पर गिर गया. पर्स में 5 लाख के जेवर, 15 हजार नकद और मोबाइल रखा था. यह पर्स रेलवे के लोडिंग चालक को मिला, जिसने पुलिस को सूचना दी.
भोपाल में आज 25 इलाकों में बिजली कटौती, 5–6 घंटे सप्लाई रहेगी बंद
राजधानी के करीब 25 इलाकों में आज बिजली कटौती होगी. मेंटेनेंस कार्य के चलते कई जगहों पर 5 से 6 घंटे तक सप्लाई बाधित रहेगी. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कांकरिया और इनायतपुर क्षेत्र में बिजली नहीं रहेगी. वहीं सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक अब्बास नगर, माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय, मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, जीआरपी कॉलेज, शांति नगर, अंकुर कॉम्प्लेक्स और 7 नंबर बस स्टॉप इलाके में कटौती की गई है. इसी समयावधि में सीहोर नाका, फाटक रोड, नगर निगम कॉम्प्लेक्स, सेवा सदन, टी वार्ड, संतजी कुटिया, ओम नगर, सावन नगर, हलालपुर बस स्टैंड, बैरागढ़ रोड, आरके रेजीडेंसी और सिटी वॉक क्षेत्रों में भी बिजली बंद रहेगी. सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक गनगौर की बावड़ी और ओल्ड नाका काजी कैंप इलाके में सप्लाई गुल रहेगी.

