अग्नि आलोक

‘मनमाने ढंग से उड़ानें रद्द करने, सरकारी लापरवाही और विमानन क्षेत्र में बढ़ते एकाधिकार की सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने कड़ी निंदा की’

Share

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने एक प्रमुख एयरलाइन द्वारा हाल में बड़ी संख्या में उड़ानें मनमाने और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से रद्द किए जाने की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कहा कि बिना पर्याप्त सूचना और सहायता के उड़ानें रद्द करने से हजारों यात्री—जिनमें बुजुर्ग, बच्चे और बीमार यात्री शामिल थे—न सिर्फ घंटों तक हवाई अड्डों पर भारी परेशानी और अनिश्चितता में फंसे रहे, बल्कि उन्हें काफी आर्थिक नुक़सान भी उठाना पड़ा।

पार्टी ने इस स्थिति को एयरलाइन की कुप्रबंधन की विफलता और सरकार व नियामक एजेंसियों की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। उच्च किराए वसूलने के बावजूद एयरलाइनें अपनी मूल सेवा-जिम्मेदारियों का पालन नहीं करतीं, जबकि सरकार केवल बयान देने तक सीमित रहती है।

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने यह भी कहा कि गलत सरकारी नागरिक उड्डयन नीतियों ने घरेलू विमानन क्षेत्र में एक–दो निजी कंपनियों का खतरनाक एकाधिकार पैदा कर दिया है, जिसका दुष्परिणाम यात्री लगातार भुगत रहे हैं—सेवा-गुणवत्ता में गिरावट, मनमाने किराए और शिकायतों के असरहीन निपटारे के रूप में।

पार्टी ने दोषी एयरलाइन पर सख्त कार्रवाई, सभी प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड और उचित मुआवजा, तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा ठोस कदम उठाने की मांग की। पार्टी ने यह भी मांग की कि आवश्यक सार्वजनिक-उपयोग सेवाओं, जैसे नागरिक उड्डयन, का राष्ट्रीयकरण किया जाए, या कम से कम उन्हें मजबूत सरकारी निगरानी, कड़े जवाबदेही तंत्र और सतत मॉनिटरिंग के अधीन रखा जाए, ताकि निजी संचालक सार्वजनिक हित से कोई समझौता न कर सकें।

पार्टी ने कहा कि विश्वसनीय, सुरक्षित और किफायती हवाई यात्रा हर नागरिक का अधिकार है और एयरलाइनों का मनमाना या शोषणपूर्ण व्यवहार किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।

बसंत हेतमसरिया 

राष्ट्रीय प्रवक्ता 

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया)
मो. 9934443337

Exit mobile version