साम्प्रदायिक फासीवाद व याराना पूंजीवाद का विकल्प समाजवादउत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने वाली शक्तियों का साथ देगी सोशलिस्ट पार्टी
भारतीय जनता पार्टी और उसकी प्रेरणा स्रोत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा लोकतंत्र, समाजवाद व धर्मनिर्पेक्षता की अवधारणा व स्वतंत्रता, न्याय, बराबरी व बंधुत्व/बहनत्व के मूल्यों से मेल नहीं खाती, जो भारतीय संविधान के मूल में हैं और राष्ट्रीय स्वंतत्रता आंदोलन से उभरे हैं। सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए देश की उन राजनीतिक ताकतों के साथ काम करेगी जिनका संविधान में पूर्ण विश्वास है।

अपनी साम्प्रदायिक राजनीति से राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों को भ्रमित कर भाजपा देश को पूंजीपतियों को बेचने का षड्यंत्र रच रही है। हमारा मानना है कि साम्प्रदायिक फासीवाद और याराना पूंजीवाद का जन पक्षीय विकल्प समाजवाद ही है।
बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी ने देशवासियों की कमर तोड़ दी है। किसान ग्यारह महीनों से आंदोलनरत है और तालिबान से भी बातचीत करने को तैयार सरकार अपने देश के किसानों से बात करने को तैयार नहीं है। नोटबंदी लागू करने व कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने पर देश को बताया बताया गया कि कश्मीर से आतंकवाद खत्म हो जाएगा किंतु आतंकवादी घटनाएं अभी भी जारी हैं। बात-बात पर पाकिस्तान को धमकी देने वाले भाजपा नेता चीन द्वारा भारतीय भूमि पर अतिक्रमण के मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, बल्कि सरकार चीन से व्यापारिक संबंध भी खत्म करने की हिम्मत नहीं रखती। देश की एकता के नाम पर देश के अंदर विचारधारा, धर्म, क्षेत्रीयता व जाति के नाम पर लोगों बांटने का काम किया है। मुठभेड़ में निर्दोष लोगों को अपराधी बता मार डालना, सरकार के खिलाफ बोलने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल में डाल देने व पुलिस-भाजपा नेताओं को अपराध करने की खुली छूट देना भाजपा के शासनकाल की दास्तान है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम है।
केरल के पत्रकार सिद्दीक कप्पन, जो मात्र हाथरस की बलात्कार-हत्या की घटना के परिप्रेक्ष्य में आए थे, को झूठे मुकदमे में जेल में डाल देना अभिवयक्ति की स्वतंत्रता का गला घोटने का चरम उदाहरण है। हम उसकी रिहाई की मांग करते हैं।
सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) ने यह फैसला लिया है कि वह उत्तर प्रदेश के आगामी विधान सभा चुनावों में भाजपा को हराने की क्षमता रखने वाली शक्तियों का साथ देगी और मात्र 4-5 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। फिलहाल निजामाबाद, आजमगढ़ से राजीव यादव, लखनऊ उत्तर से रानी सिद्दीकी, बांगरमऊ, उन्नाव से अनिल मिश्र, सण्डीला, हरदोई से मुन्नालाल शुक्ल को सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) ने चुनाव में खड़ा करने का निर्णय लिया है।
थम्पन थामस, अध्यक्ष, सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया), पूर्व अध्यक्ष, नेशलन कन्फेडरेशन आफ न्यूजपेपर्स व न्यूज एजेंसीज आर्गेनाइजेशन, पूर्व अध्यक्ष, हिंद मजदूर सभा व पूर्व सांसद, सम्पर्कः 9446606156, advthampanthomas@gmail.com




