अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर हमला हुआ है। करणी सेना और क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने रामजीलाल सुमन के काफिले के ऊपर टायर फेंके है। इस हमले की वजह से गाड़ियां आपस में भिड़ गई हैं। दरअसल गभाना टोल प्लाजा के पास करणी सेना के पदाधिकारी बड़ी तादाद में एकत्रित हुए थे। उन्होंने रामजीलाल के काफिले में जा रही गाड़ियों के ऊपर टायर फेंके, जिससे काफिले में चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
गौरतलब है कि रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया गया था। करणी सेना इसी बयान की वजह से रामजीलाल सुमन से माफी की मांग कर रही है। इस मामले को लेकर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान का बयान सामने आया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने रामजीलाल सुमन के काफिले पर हुए हमले का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि करणी सेना और सरकार को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए।

