Site icon अग्नि आलोक

 ‘दानपात्र’ की शुरुआत….एक दिन में कई जरूरतमंद परिवारों को मदद, घरेलू सामान मिलने से आसान होगी गृहस्थी

Share

इंदौर

स्वच्छता में लगातार चार बार देश में अव्वल रहा इंदौर गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। दीपावली के उपलक्ष्य में संस्था “दानपात्र” के 5 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स ने सोमवार 1 नवंबर को अलग अंदाज में मदद की। संस्था का दावा है कि एक ही दिन में करीब ढाई लाख जरूरतमंद परिवारों तक कपड़े, किताबें, राशन, बच्चों के लिए खिलौनों सहित अन्य सामान पहुंचाकर उनकी मदद की। इस तरह का प्रयास पहली बार किसी संस्था द्वारा किया गया। इसके लिए ‘एक्सक्लूसिव वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में “दानपात्र’ का नाम दर्ज हुआ है।

“दानपात्र’ के सदस्यों का कहना है की कोरोना महामारी के कारण आज भी कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने एवं दीपावली पर उनकी अंधेरी दुनिया को रोशन करने के उद्देश्य से संस्था “दानपात्र” द्वारा ‘मिशन 251K’ रखा गया। इस मिशन की सफलता ने आज कई परिवारों की दीपावली सार्थक की है। हमें ख़ुशी है की हम इस नेक कार्य से जुड़कर समाज के लिए इस स्तर पर कुछ कर पाए। टीम द्वारा यह इवेंट इंदौर एवं बाहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रखा गया जिसका सर्वे टीम के सदस्यों द्वारा किया गया था। फिर सर्वे के आधार पर ऐसे परिवारों की जानकारी निकालकर उहें सोमवार को सामान वितरित किया गया। इस मिशन को कामयाब बनाने के लिए टीम द्वारा दिन रात प्रयास किए गए। सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता फैलाकर शहरवासियों को इस मिशन से जोड़ा गया। टीम का कहना है की इस मिशन की सफलता का श्रेय हर उस व्यक्ति को जाता है जो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से “दानपात्र’ इनिशिएटिव से जुड़ा है।

पुराने सामान का उपयोग लायक बनाकर अधूरे सपनों को किया पूरा

टीम ने बताया की दीपावली पर हम सभी के घरों से बड़ी संख्या में ऐसा सामान निकलता है जो हमारे काम का नहीं होता और जिसे पुराना या बेकार समझकर हम फेंक देते है। ऐसे सामान को “दानपात्र’ टीम द्वारा “दानपात्र’ ऐप के माध्यम से कलेक्ट किया गया एवं उसे फिल्टर एवं रिसायकल कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाकर उनकी जरूरतों को पूरा किया गया।

ऐसे हुई दानपात्र’ की शुरुआत

“दानपात्र’ एक ऑनलाइन फ्री प्लेटफॉर्म है जिसकी मदद से घरों में उपयोग में न आ रहे सामान जैसे कपड़े, खिलौने, किताबें, जूते, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, फर्नीचर एवं अन्य सामान को कलेक्ट कर उपयोग लायक बनाकर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाता है। इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत 10 मार्च 2018 में की गई थी जिससे अब तक सेवा कार्य कर 9 लाख से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा चुकी है व 70 हजार से ज्यादा इंदौरवासी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके है। इस प्लेटफॉर्म से 5 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स जुड़े हुए हैं जो अपना समय देकर सहयोग करते हैं। “दानपात्र’ के माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे सिर्फ एक फोन कॉल पर या “दानपात्र’ एप में रिक्वेस्ट डालने पर सामान डोनेट कर सकता है।

आप भी कर सकते हैं मदद

“दानपात्र” टीम के सदस्यों द्वारा रिक्वेस्ट मिलने पर घर जाकर वह सामान कलेक्ट किया जाता है और फिर उसे फिल्टर कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जाता है। इसके साथ ही उसका फोटो, वीडियो “दानपात्र” के सोशल मीडिया पेजेस पर जाकर अपलोड कर दिया जाता है। इससे जिसने भी सामान डोनेट किया है वह देख सकता है कि उसका दिया सामान किस जरूरतमंद परिवार तक पहुंचा है। “दानपात्र’ के इस दीपावाली मिशन से आमजन ने जुड़कर अपने उपयोग में न आ रहे पुराने सामान को डोनेट किया जो जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा। आप भी वॉलंटियर बनकर “दानपात्र” के इस मिशन से जुड़ सकते हैं।

Exit mobile version