Site icon अग्नि आलोक

*शेयर बाजार में लगातार दूसरे सप्ताह तेजी*

Share

कैपिटल मार्केट और आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई

मुंबई । घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे सप्ताह तेजी देखी गई है, जो पिछले तीन महीनों में सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त मानी जा रही है। चार प्रमुख सूचकांकों में लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

इस सप्ताह कैपिटल मार्केट और आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी रही, जहां दोनों सेक्टर्स ने लगभग 5 प्रतिशत की वृद्धि की। शेयर बाजार ने सोमवार को जोरदार शुरुआत की। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 81,300 के स्तर पर खुला और दिन के अंत में 582.95 अंक बढ़कर 81,790.12 पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 25,000 के पार खुला और 183.40 अंक की बढ़त के साथ 25,077.65 पर बंद हुआ। मंगलवार को भी सेंसेक्स और निफ्टी ने क्रमशः 136.63 और 30.65 अंक की तेजी दर्ज की। बुधवार को आईटी शेयरों में बढ़त और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के कारण बाजार में शुरुआती तेजी देखने को मिली।

हालांकि, दिन के अंत में सेंसेक्स 153.09 अंक गिरकर 81,773.66 और निफ्टी 62.15 अंक घटकर 25,046.15 पर बंद हुए। गुरुवार को बाजार ने फिर जोरदार उछाल लिया; सेंसेक्स ने 398.44 अंक की बढ़त के साथ 82,172.10 और निफ्टी ने 135.65 अंक की तेजी के साथ 25,181.80 अंक पर कारोबार खत्म किया। शुक्रवार को भी बाजार में तेजी बनी रही।

सेंसेक्स 328.72 अंक उछलकर 82,500.82 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 103.55 अंक की बढ़त के साथ 25,285.35 अंक दर्ज किए। हालांकि, इस्राइल-हमास शांति वार्ता और अमेरिकी राष्ट्रपति की गाजा शांति योजना के कारण निवेशक सतर्क नजर आए।

Exit mobile version